गंगा की इकलौती सहायक नदी, जो पहाड़ से नहीं, मैदान से निकलती है
गंगा की 10 से अधिक सहायक नदियां हैं, जो कि बाएं और दाएं तरफ से मिलती हैं। इन सभी नदियों का उद्गम पहाड़ियों से होता है। हालांकि, इनमें एक नदी ऐसी भी है, जिसका उद्गम मैदान से होता है। इस लेख में हम इस बारे में विस्तार से जानेंगे।
भारत को नदियों का देश कहा जाता है। यहां की सबसे पवित्र नदी की बात की जाए, तो यह गंगा नदी है। यह नदी गंगोत्री से निकलती है और कुल 2525 किलोमीटर की यात्रा करते हुए बंगाल की खाड़ी में समा जाती है। इस बीच गंगा नदी में कई नदियां आकर मिलती हैं, जो कि इसकी सहायक नदियां कहलाती हैं।
इनकी संख्या 10 से अधिक हैं, जो कि बाएं और दाएं तरफ से मिलती हैं और अमूमन सभी नदियों का उद्गम पहाड़ियों से होता है। हालांकि, इनमें एक नदी ऐसी भी है, जिसका उद्गम किसी पहाड़ी से नहीं, बल्कि मैदान से होता है। कौन-सी है यह नदी, जानने के लिए पूरा लेख पढ़ें।
मैदान से निकलने वाली गंगा की सहायक नदी
गंगा नदी सिस्टम में गोमती नदी एकमात्र ऐसी प्रमुख सहायक नदी है, जिसका उद्गम किसी पहाड़, पर्वत श्रेणी या ग्लेशियर से न होकर मैदानी भाग से होता है। यह उत्तर प्रदेश की पवित्र, ऐतिहासिक और भौगोलिक रूप से महत्त्वपूर्ण नदी है।
कहां से निकलती है गोमती नदी
गोमती नदी उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में माधोटांडा तहसील के पास स्थित फुलहर झील से निकलती है। यह क्षेत्र तराई के मैदानी भाग में आता है, जहां भूमिगत जल स्रोतों और बारिश के पानी से यह झील भरी रहती है।
कितनी लंबी है नदी
नदी का कुल प्रवाह लगभग 960 किलोमीटर लंबा है, जो पूरी तरह से उत्तर प्रदेश की सीमा के भीतर ही बहता है। पीलीभीत से निकलकर यह शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, लखनऊ, बाराबंकी, सुल्तानपुर और जौनपुर से होती हुई गाजीपुर जिले के सैदपुर के पास गंगा नदी में समाहित हो जाती है।
बाएं तट की सहायक नदी
गंगा के बाएं तट से मिलने वाली नदियों जैसे रामगंगा, घाघरा, गंडक और कोसी में से बाकी सभी हिमालय की चोटियों से निकलती हैं, केवल गोमती ही अपवाद है, जो मैदान से निकलती है।
नदी के तट पर बसे यूपी के प्रमुख शहर
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ व सुल्तानपुर और जौनपुर जैसे ऐतिहासिक नगर इसी नदी के तट पर बसे हुए हैं। जौनपुर का प्रसिद्ध अकबरी पुल इसी नदी पर बना है।
गोमती की सहायक नदियां
इसकी प्रमुख सहायक नदियों में सई सबसे बड़ी है, जो जौनपुर के पास गोमती में मिलती है। इसके अलावा कठिना, सरायन और कल्याणी इसकी अन्य सहायक धाराएं हैं।
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.