राजस्थान का वह किला, जिसे कहते हैं ‘जयपुर का पहरेदार’
आपने राजस्थान के अलग-अलग किलों के बारे में पढ़ा और सुना होगा। हालांकि, यहां एक ऐसा भी किला है, जिसे ‘जयपुर का पहरेदार’ भी कहा जाता है। इस लेख में हम इस बारे में विस्तार से जानेंगे।
आपने राजस्थान के अलग-अलग किलों के बारे में पढ़ा और सुना होगा। ये किले अपने समृद्ध और गौरवशाली इतिहास के लिए देश-दुनिया में जाने जाते हैं, जो कि आज भी इतिहास के पन्नों पर अपनी अमिट छाप छोड़े हुए हैं। राजस्थान की राजधानी जयपुर है, जो कि शुरू से ही राजस्थान का प्रमुख शहर रहा है। इस कड़ी में यहां एक ऐसा किला भी है, जिसे ‘जयपुर का पहरेदार’ भी कहा जाता है। इस लेख में हम इस बारे में विस्तार से जानेंगे।
किस किले को कहते हैं ‘जयपुर का पहरेदार’
राजस्थान के जयपुर शहर के उत्तरी छोर पर अरावली पर्वतमाला के किनारे स्थित नाहरगढ़ किले को ‘जयपुर का पहरेदार’या सुदर्शनगढ़ कहा जाता है। इस किले को यह उपनाम इसकी भौगोलिक स्थिति, अभेद्य रक्षा प्रणाली और जयपुर की सुरक्षा में इसके ऐतिहासिक योगदान के कारण दिया गया है।
पहाड़ी के टॉप पर है किला
नाहरगढ़ किला अरावली पर्वत की लगभग 700 फीट ऊंची खड़ी चट्टान पर बना हुआ है। इसकी इस ऊंचाई के कारण यहां से पूरे जयपुर शहर और आसपास के मैदानी इलाकों पर मीलों दूर तक साफ नजर रखी जा सकती थी।
सुरक्षा के लिए बने हैं तीन किले
जयपुर की सुरक्षा के लिए तीन प्रमुख किले हैं। आमेर दुर्ग, जयगढ़ दुर्ग और नाहरगढ़ दुर्ग। इनमें नाहरगढ़ किला मुख्य रूप से जयपुर शहर की ओर मुंह करके खड़ा था, जो किसी भी बाहरी दुश्मन की सेना के शहर में प्रवेश करने से पहले ही उसे रोकने और चेतावनी देने का काम करता था।
मराठा आक्रमणों से बचाव के लिए निर्माण
इस किले का निर्माण 1734 ईस्वी में जयपुर के संस्थापक महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय द्वारा कराया गया था। उस समय राजपूताना पर मराठा सेनाओं के आक्रमणों का लगातार खतरा मंडरा रहा था। सवाई जयसिंह द्वितीय ने जयपुर शहर को सुरक्षित रखने के लिए इसे एक मजबूत सैन्य चौकी और शरणस्थली के रूप में विकसित किया था।
पहाड़ी की खड़ी ढलान और मोटी दीवारों के कारण दुश्मन के लिए इस किले को भेदकर जयपुर की ओर बढ़ना लगभग नामुमकीन था। यही कारण है कि इसके पूरे इतिहास में नाहरगढ़ किले पर कभी कोई सीधा हमला नहीं हुआ।
1857 की क्रांति में सुरक्षा कवच
1857 के विद्रोह के दौरान जब पूरे उत्तर भारत में अंग्रेजों के खिलाफ बगावत भड़क उठी थी, तब जयपुर के तत्कालीन शासक महाराजा सवाई रामसिंह द्वितीय ने शहर में रह रहे ब्रिटिश रेजिडेंट और यूरोपीय परिवारों की सुरक्षा के लिए उन्हें इसी नाहरगढ़ किले में सुरक्षित रखा था।
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.