भारत में आपने अलग-अलग भवनों के बारे में पढ़ा और सुना होगा। साथ ही, कुछ विशेष भवनों को देखा भी होगा। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि भारत में वह भवन कौन-सा है, जो 320 एकड़ में बना हुआ है और जहां कुल 340 कमरें हैं। यह भवन अपने आप में एक बड़ा आवासीय परिसर है, जहां किसी भी व्यक्ति को आसानी से प्रवेश नहीं मिलता है। कौन-सा है यह भवन, जानने के लिए पूरा लेख पढ़ें।
कौन-सा है 340 कमरें वाला भवन
नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन लोकतांत्रिक भारत के राष्ट्राध्यक्ष यानि भारत के राष्ट्रपति का आधिकारिक निवास है। यह दुनिया के किसी भी लोकतांत्रिक देश के राष्ट्राध्यक्ष का सबसे बड़ा आवासीय परिसर है। रायसीना पहाड़ी पर स्थित यह इमारत अपने बड़े परिसर, ऐतिहासिक महत्त्व और भारतीय-यूरोपीय स्थापत्य कला के लिए विश्व प्रसिद्ध है।
Related Stories
कितना बड़ा है राष्ट्रपति भवन
पूरा राष्ट्रपति एस्टेट 320 एकड़ यानि लगभग 130 हेक्टेयर के क्षेत्र में फैला हुआ है, जिसमें मुख्य भवन के अलावा कर्मचारियों के आवास, कार्यालय और प्रसिद्ध पार्क शामिल हैं। मुख्य बिल्डिंग लगभग 2,00,000 वर्ग फीट यानि 5 एकड़ जमीन पर बनी हुई है। चार मंजिला इस भवन में कुल 340 कमरे हैं।
इनमें अतिथि कक्ष, कार्यालय, बैंक्वेट हॉल, दरबार हॉल और अशोक हॉल प्रमुख हैं। भवन के अंदर 2.5 किलोमीटर लंबे गलियारे और 190 एकड़ में फैला हरा-भरा अमृत उद्यान है। इसके निर्माण में लगभग 70 करोड़ ईंटों और 30 लाख क्यूबिक फीट पत्थर का उपयोग हुआ था, जबकि स्टील का प्रयोग न के बराबर किया गया था।
कब हुआ था निर्माण
दिसंबर 1911 में दिल्ली दरबार के दौरान ब्रिटिश सम्राट जॉर्ज पंचम ने भारत की राजधानी को कलकत्ता से दिल्ली स्थानांतरित करने की घोषणा की। इसके बाद ब्रिटिश वायसराय के निवास के लिए एक भव्य महल बनाने की योजना बनी। इस इमारत को डिजाइन करने की जिम्मेदारी प्रसिद्ध ब्रिटिश वास्तुकार सर एडविन लुटियंस और हर्बर्ट बेकर को दी गई।
इसका निर्माण कार्य 1912 में शुरू हुआ और लगभग 17 साल की मेहनत के बाद 1929 में पूरा हुआ। लुटियंस ने इसमें शास्त्रीय यूरोपीय शैली के साथ-साथ भारतीय स्थापत्य तत्वों जैसे सांची के स्तूप से प्रेरित बड़े केंद्रीय गुंबद, राजपूत शैली की छतरियां, मुगलकालीन जालियां और पत्थर के हाथियों की मूर्तियों को शामिल किया।
कहा जाता था वायसराय हाउस
1931 में इसके औपचारिक उद्घाटन के बाद इसे 'वायसराय हाउस' कहा जाता था। इसके पहले निवासी लॉर्ड इरविन थे। 15 अगस्त 1947 को आजादी के बाद इसका नाम 'गवर्नमेंट हाउस' रखा गया, जहां पहले भारतीय गवर्नर-जनरल सी. राजगोपालाचारी रहे, और 26 जनवरी 1950 को भारत के गणतंत्र बनने पर डॉ. राजेंद्र प्रसाद के प्रथम राष्ट्रपति के रूप में कार्यभार संभालने के साथ इसका नाम आधिकारिक रूप से 'राष्ट्रपति भवन' कर दिया गया।
