LPG Cylinder New Rules From December 1: देश के करोड़ों इंडेन, HP और Bharat गैस उपभोक्ताओं के लिए 1 दिसंबर 2026 से रसोई गैस की बुकिंग, डिलीवरी और सब्सिडी से जुड़े नियमों को समझना बेहद जरूरी है। हालांकि इनमें से अधिकांश नियम पहले से ही लागू हैं, लेकिन दिसंबर में बिना किसी रुकावट के गैस सिलेंडर और सब्सिडी का लाभ जारी रखने के लिए इन 7 महत्वपूर्ण जानकारियों का पालन करना आवश्यक है।
बायोमेट्रिक E-KYC पर ही मिलेगी सब्सिडी
सब्सिडी जारी रखने के लिए आधार बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन कराना जरूरी है। ई-केवाईसी न होने पर आपका कनेक्शन बंद नहीं होगा, लेकिन सब्सिडी रुक सकती है। ग्राहक गैस एजेंसी जाकर या संबंधित कंपनी के मोबाइल ऐप (IndianOil ONE, HelloBPCL, HP PAY) के जरिए घर बैठे फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए यह प्रोसेस पूरा कर सकते हैं। अगर किसी ग्राहक की ई-केवाईसी पहले से हो रखी है तो उसे दोबारा करने की जरूरत नहीं है।
Related Stories
एक पते पर PNG और LPG पर रोक
जिन घरों में पाइपलाइन वाली गैस (PNG) लग चुकी है, वहां उसी पते पर घरेलू एलपीजी सिलेंडर का कनेक्शन नहीं रखा जा सकता। पीएनजी कनेक्शन चालू होने के बाद, आपको तय समय-सीमा के अंदर पुराना गैस कनेक्शन सरेंडर करना जरूरी है।
25 दिन बाद ही बुक होगा अगला गैस सिलेंडर
शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के घरेलू उपभोक्ताओं के लिए एक सिलेंडर की डिलीवरी के बाद अगले सिलेंडर की बुकिंग कम से कम 25 दिनों के बाद होगी। यह नियम गैस की कालाबाजारी और अनावश्यक जमाखोरी रोकने के लिए लागू किया गया है।
बिना OTP के नहीं होगी सिलेंडर डिलीवरी
डिलीवरी सिस्टम को सही तरीके से चलाने के लिए ओटीपी (OTP) वेरिफिकेशन कराना होगा। सिलेंडर लेते समय रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी को डिलीवरी बॉय को बताना होगा, इसलिए आपका मोबाइल नंबर चालू होना जरूरी है।
बिना ई-केवाईसी या सब्सिडी वाले ले सकेंगे छोटे गैस सिलेंडर
जो उपभोक्ता ई-केवाईसी नहीं कराना चाहते या सब्सिडी छोड़ना चाहते हैं, वे अधिकृत माध्यमों से अपना विकल्प दर्ज कराकर उपलब्धता के अनुसार 5 किलोग्राम या 10 किलोग्राम के गैर-सब्सिडी वाले छोटे सिलेंडर ले सकते हैं।
ज्यादा गैस खर्च पर ले सकेंगे डबल बॉटल कनेक्शन
जिन परिवारों में गैस का खर्चा अधिक है, वे अलग से नया कनेक्शन लेने के बजाय एक ही कनेक्शन पर दो सिलेंडर वाली 'डबल बॉटल कनेक्शन' (DBC) सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। वहीं, शहर बदलने पर कनेक्शन ट्रांसफर भी करा सकेंगे।
1 दिसंबर 2026 को बदल सकते हैं गैस सिलेंडर के दाम
हर महीने की पहली तारीख की तरह 1 दिसंबर 2026 को भी तेल कंपनियां घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम तय करेंगी, जिससे कीमतें बदल सकती हैं।
