दुनिया का सबसे महंगा स्कूल, 1 साल की फीस में आ जाएगा 4BHK फ्लैट, जानें कहां है और कितनी है फीस

Most Expensive School Of The World: क्या आप जानते हैं दुनिया के सबसे महंगे स्कूल के बारे में? जहां कि फीस से आप भारत के किसी बड़े शहर में 4BHK फ्लैट खरीद सकते हैं। दुनिया के सबसे धनी लोग यहां पढ़ाई करते हैं। आज इस लेख में जानिए दुनिया के सबसे महंगे स्कूल के बारे में जो कि अपनी शानदार सुविधाओं और करोड़ों रुपये की फीस के लिए जाना जाता है।

Nov 28, 2026, 16:44 IST

Most Expensive School Of The World: जब बच्चों की पढ़ाई के लिए अच्छे स्कूल का चुनाव करने की बात आती है, तो माता-पिता सबसे पहले शिक्षा की गुणवत्ता और फीस पर ध्यान देते हैं। लेकिन क्या आपने कभी ऐसे स्कूल के बारे में सुना है, जहां एक साल की फीस में भारत के किसी बड़े शहर में 4BHK फ्लैट खरीदा जा सकता है? दुनिया के सबसे महंगे स्कूलों में शामिल स्विट्जरलैंड का इंस्टीट्यूट ले रोजी (Institut Le Rosey) अपनी शानदार सुविधाओं और करोड़ों रुपये की फीस के लिए जाना जाता है।

दुनिया का सबसे महंगा स्कूल कहां मौजूद है?

इंस्टीट्यूट ले रोजी स्विट्जरलैंड के रोले (Rolle) शहर में स्थित एक प्रतिष्ठित प्राइवेट बोर्डिंग स्कूल है। इसकी स्थापना 1880 में हुई थी। स्कूल का एक विंटर कैंपस स्विट्जरलैंड के मशहूर स्की रिसॉर्ट शहर गस्टाड (Gstaad) में भी है। यहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों को साल के अलग-अलग समय में दोनों कैंपस में रहने और पढ़ने का मौका मिलता है।

Related Stories

दुनिया के महंगे स्कूल की एक साल की फीस

इंस्टीट्यूट ले रोजी की 2027-28 की प्रकाशित फीस के अनुसार, सीनियर बोर्डिंग विद्यार्थियों के लिए सालाना ट्यूशन और रहने का खर्च 1,64,400 स्विस फ्रैंक है। भारतीय मुद्रा में यह करीब 1.8 करोड़ रुपये से अधिक हो सकता है। इसमें पढ़ाई और बोर्डिंग की सुविधाएं शामिल हैं। हालांकि, कुछ अतिरिक्त खर्च अलग से देने पड़ सकते हैं।

इस हिसाब से देखें तो एक साल की फीस में दिल्ली-एनसीआर जैसे शहरों में कई जगहों पर 4BHK फ्लैट खरीदा जा सकता है। हालांकि, प्रॉपर्टी की कीमत लोकेशन और सुविधाओं के अनुसार अलग-अलग होती है।

छात्रों को मिलती हैं लग्जरी सुविधाएं

इस स्कूल में विद्यार्थियों को केवल किताबी शिक्षा ही नहीं दी जाती, बल्कि उनके सर्वांगीण विकास पर भी ध्यान दिया जाता है। यहां आधुनिक क्लासरूम, साइंस लैब, लाइब्रेरी, म्यूजिक और आर्ट की सुविधाएं उपलब्ध हैं।

इसके अलावा विद्यार्थियों को स्कीइंग, घुड़सवारी, गोल्फ और सेलिंग जैसी गतिविधियों में हिस्सा लेने का अवसर मिलता है। स्कूल में अंतरराष्ट्रीय स्तर के विद्यार्थियों को पढ़ने का मौका मिलता है।

दुनिया के सबसे महंगे स्कूलों में स्विट्जरलैंड 

इंस्टीट्यूट ले रोजी के अलावा स्विट्जरलैंड का Aiglon College और Collège Alpin Beau Soleil भी दुनिया के महंगे बोर्डिंग स्कूलों में शामिल हैं। Aiglon College की 2026-27 में सीनियर विद्यार्थियों की सालाना बोर्डिंग फीस 1,68,000 स्विस फ्रैंक तक है।

इस तरह इन स्कूलों की फीस सामान्य परिवारों के बजट से काफी ज्यादा है। हालांकि, यहां मिलने वाली अंतरराष्ट्रीय शिक्षा, बोर्डिंग सुविधाएं और एक्स्ट्रा एक्टिविटीज इन्हें दुनिया के सबसे खास शैक्षणिक संस्थानों में शामिल करती हैं।


Priyanka Pal

Executive - Editorial

आप जागरण जोश पर भारत, विश्व समाचार, खेल के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समसामयिक सामान्य ज्ञान, सूची, जीके हिंदी और क्विज प्राप्त कर सकते है. आप यहां से कर्रेंट अफेयर्स ऐप डाउनलोड करें.