पीएम केयर फंड की चर्चा अक्सर होती रहती है, खासकर इसमें जमा रकम को लेकर। हाल ही में जारी की गयी ऑडिट रिपोर्ट के मुताबिक मार्च 2025 तक PM CARES Fund (पीएम केयर फंड) का बैलेंस बढ़कर 8452.07 करोड़ रुपये हो गया है।
कोरोना के मुश्किल दौर में बना PM CARES Fund सबसे पहले चर्चा में आया था। मार्च 2025 तक फंड में जमा कुल रकम बढ़कर 8,452 करोड़ रुपये हो गई है। ऑडिटेड अकाउंट्स के मुताबिक, इस रकम का बड़ा हिस्सा बैंक FD में रखा गया है, जबकि पिछले वित्त वर्ष में फंड से खर्च बेहद कम हुआ। आखिर इस फंड में एक साल में कितना पैसा आया, कितना खर्च हुआ और आज इसकी कुल रकम कितनी है? आंकड़े पूरी कहानी बताते हैं।
PM CARES Fund में कितनी रकम है जमा?
मार्च 2025 तक PM CARES Fund का बैलेंस बढ़कर 8,452.07 करोड़ रुपये हो गया है। ऑडिटेड अकाउंट्स के मुताबिक, एक साल पहले यह रकम 7,173.03 करोड़ रुपये थी।
ज्यादातर पैसा FD में रखा गया
फंड में जमा कुल रकम का करीब 92.8% यानी 7,846.66 करोड़ रुपये शेड्यूल्ड बैंकों की फिक्स्ड डिपॉजिट में रखा गया है। इन FD से 2024-25 में 469.38 करोड़ रुपये का ब्याज मिला।
एक साल में आया 1,279 करोड़ से ज्यादा
2024-25 में फंड को डोनेशन, ब्याज और रिफंड समेत 1,279.91 करोड़ रुपये मिले। इसमें घरेलू डोनेशन 479.04 करोड़ रुपये और विदेशी डोनेशन करीब 92.83 लाख रुपये रहा। इसके अलावा एजेंसियों से 324.66 करोड़ रुपये का रिफंड भी मिला।
UP Kisan Karj Mafi Yojana 2026: यूपी के किसानों का इतने रुपये तक का कर्ज होगा माफ? किसे मिलेगा लाभ, जानें
खर्च सिर्फ 87.85 लाख
दिलचस्प बात यह है कि 2024-25 में फंड से कुल खर्च सिर्फ 87.85 लाख रुपये हुआ। यानी साल के दौरान जितनी रकम आई, उसके मुकाबले खर्च काफी कम रहा और फंड का कुल बैलेंस बढ़ता गया।
कोरोना के समय हुई थी शुरुआत
PM CARES Fund की शुरुआत 27 मार्च 2020 को कोविड-19 महामारी के बीच हुई थी। अगले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से इसमें योगदान करने की अपील की थी। शुरुआत में इसका उद्देश्य कोरोना जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए संसाधन जुटाना था।
कोरोना के दौर में हुआ बड़ा खर्च
2020-21 में फंड से करीब 3,976 करोड़ रुपये खर्च किए गए। 2021-22 में भी 3,716 करोड़ रुपये खर्च हुए, जिसमें ऑक्सीजन प्लांट, करीब 99,986 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, कोविड अस्पताल और लिक्विड ऑक्सीजन से जुड़े उपकरण शामिल थे। इसके बाद खर्च तेजी से घटा 2022-23 में 439.38 करोड़ रुपये और 2023-24 में सिर्फ 15.60 करोड़ रुपये खर्च हुए।
