कौन हैं श्रीनि श्रीवास्तव? जिन्होंने संभाली वंदे भारत की ड्राइविंग सीट, यूपी के इस जिले से है कनेक्शन

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले की रहने वाली श्रीनि श्रीवास्तव को वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में असिस्टेंट लोको पायलट की जिम्मेदारी सौंपी गई है।  

Nov 5, 2026, 09:10 IST
वंदे भारत स्लीपर में भी मिली अहम जिम्मेदारी
वंदे भारत स्लीपर में भी मिली अहम जिम्मेदारी

भारतीय रेलवे में अब महिलाएं अपनी मेहनत और काबिलियत से नई पहचान बना रही हैं। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर की रहने वाली श्रीनि श्रीवास्तव इसका एक शानदार उदाहरण हैं। वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन को लेकर सुर्खियों में आईं श्रीनि को अब देश की नई वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस के ऑपरेटिंग क्रू में जगह मिली है। उन्हें वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में असिस्टेंट लोको पायलट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। खास बात यह है कि इस ट्रेन के 13 सदस्यीय ऑपरेटिंग क्रू में 7 महिलाएं शामिल हैं। ऐसे में श्रीनि की यह उपलब्धि रेलवे में महिलाओं की बढ़ती भूमिका को भी दिखाती है।

कौन हैं श्रीनि श्रीवास्तव?

श्रीनि श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले की रहने वाली हैं। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद भारतीय रेलवे में अपना करियर बनाने का फैसला किया। अप्रैल 2017 में वह असिस्टेंट लोको पायलट के पद पर रेलवे से जुड़ीं। उनकी पहली तैनाती वाराणसी रेल मंडल में हुई।

दैनिक जागरण की 2024 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीनि तीन बहनों में सबसे छोटी हैं। उनके पिता पंकज श्रीवास्तव लोक निर्माण विभाग (PWD) से सेवानिवृत्त हैं, जबकि मां माया श्रीवास्तव गृहिणी हैं।

Related Stories

वंदे भारत एक्सप्रेस चलाकर पहली बार आईं चर्चा में

श्रीनि को पहली बड़ी पहचान साल 2024 में मिली। उस दौरान उन्होंने वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन में असिस्टेंट लोको पायलट की भूमिका निभाई थी। उन्हें पूर्वोत्तर रेलवे जोन की पहली महिला असिस्टेंट लोको पायलट बताया गया, जिन्होंने इस सेमी हाईस्पीड ट्रेन के संचालन में जिम्मेदारी संभाली।

उनके इस योगदान को देखते हुए जून 2024 में उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भी मिला था। यह उनके लिए किसी खास सम्मान से कम नहीं था।

वंदे भारत स्लीपर में भी मिली अहम जिम्मेदारी

श्रीनि के करियर में एक और बड़ा पड़ाव अक्टूबर 2026 में आया, जब उनका चयन वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस के ऑपरेटिंग क्रू में हुआ। 31 अक्टूबर 2026 को वाराणसी से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई गई। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव मौजूद रहे।

रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रेन के 13 सदस्यीय ऑपरेटिंग क्रू में 7 महिलाएं हैं। श्रीनि असिस्टेंट लोको पायलट की जिम्मेदारी संभाल रही हैं, जबकि ज्योति कुमारी को ट्रेन गार्ड बनाया गया है।

क्या है वंदे भारत स्लीपर का टाइम टेबल?

वाराणसी और नई दिल्ली के बीच शुरू की गई यह ट्रेन रात में सफर करने वाले यात्रियों को आरामदायक यात्रा का विकल्प देने के लिए तैयार की गई है।

वाराणसी से दिल्ली: रात 8:50 बजे रवाना होकर सुबह 6:10 बजे पहुंचेगी।

दिल्ली से वाराणसी: रात 9:40 बजे रवाना होकर सुबह 7:10 बजे पहुंचेगी।

श्रीनि श्रीवास्तव की उपलब्धि उन महिलाओं के लिए भी प्रेरणा है, जो तकनीकी और चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में अपना करियर बनाना चाहती हैं।

Bagesh Yadav

Senior Executive - Editorial

आप जागरण जोश पर भारत, विश्व समाचार, खेल के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समसामयिक सामान्य ज्ञान, सूची, जीके हिंदी और क्विज प्राप्त कर सकते है. आप यहां से कर्रेंट अफेयर्स ऐप डाउनलोड करें.