‘दक्षिण का ताजमहल’ किसे कहा जाता है, जानें यहां

उत्तर प्रदेश के आगरा में स्थित ताजमहल दुनिया के 7 अजूबों में शामिल है, जिसे देखने के लिए देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि भारत में एक ऐतिहासिक इमारत ऐसी भी है, जिसे ‘दक्षिण का ताजमहल’ भी कहा जाता है।

Aug 19, 2026, 13:59 IST
दक्षिण का ताजमहल
दक्षिण का ताजमहल

आपने उत्तर भारत के ताजमहल के बारे में जरूर पढ़ा या सुना ही होगा, जो कि उत्तर प्रदेश में मौजूद है। यह ऐतिहासिक इमारत अपनी वास्तुकला और खूबसूरती के लिए पूरी दुनिया में जानी जाती है, जिसे यूनेस्को की विश्व धरोहर का दर्जा भी मिला हुआ है। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि भारत में एक ऐतिहासिक इमारत ऐसी भी है, जिसे ‘दक्षिण का ताजमहल’ भी कहा जाता है। इस लेख में हम इस बारे में विस्तार से जानेंगे।

किसे कहा जाता है ‘दक्षिण का ताजमहल’

भारत में ‘दक्षिण का ताजमहल’ बीबी के मकबरे को कहा जाता है। यह महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में है, जिसे पूर्व में औरंगाबाद नाम से जाना जाता था। आप इस मकबरे को देखेंगे, तो इसे बिल्कुल ताजमहल की कॉपी पाएंगे। यही वजह है कि कुछ इतिहासकारों ने इसे ताजमहल की गंदी नकल भी कहा है। कुछ लोग इसे 'गरीबों का ताजमहल' के नाम से भी जानते हैं।

कब हुआ था निर्माण 

बीबी के मकबरा का निर्माण 1651 से 1661 ईस्वी के बीच किया गया था। इसे मुगल बादशाह औरंगजेब के बेटे राजकुमार आजम शाह ने अपनी मां दिलरास बानू बेगम, जिन्हें मरने के बाद 'राबिया-उद-दौरानी' की उपाधि दी गई थी, की याद में बनवाया था।

किसने बनाया था ‘दक्षिण का ताजमहल’

‘दक्षिण का ताजमहल’ या बीबी का मकबरा के मुख्य वास्तुकार अताउल्लाह थे, जो ताजमहल के निर्माणकर्ता उस्ताद अहमद लाहौरी के बेटे थे।

कितने रुपये में तैयार हुआ था बीबी का मकबरा

कुछ ऐतिहासिक लेख और कहानियों के मुताबिक, औरंगजेब कभी भी शाही मकबरों के निर्माण में अधिक पैसा खर्च करने में रूचि नहीं रखते थे। हालांकि, उनके बेटे इस मकबरे को शाही रूप से बनवाना चाहते थे, लेकिन औरंगजेब द्वारा शाही खजाने से मकबरे के लिए  बहुत कम पैसे दिये गए थे। उस समय इस मकबरे के निर्माण की लागत लगभग 6.6 लाख रुपये आई थी। हालांकि, यह लागत उस समय बहुत ही अधिक हुआ करती थी।

सिर्फ ऊपरी सतह पर लगा है संगमरमर

बीबी के मकबरा के बारे में कहा जाता है कि इसका निर्माण अंदर से लाल बलुआ पत्थरों से किया गया है। हालांकि, इसके ऊपर संगमरमर लगा हुआ है। वहीं, ताजमहल की तरह इसके ठीक सामने नहर और चारों तरफ चार बाग शैली में बगीचे बने हुए हैं, जिससे यह देखने पर मिनी ताजमहल की तरह लगता है। 

Kishan Kumar

Senior Executive - Editorial

आप जागरण जोश पर भारत, विश्व समाचार, खेल के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समसामयिक सामान्य ज्ञान, सूची, जीके हिंदी और क्विज प्राप्त कर सकते है. आप यहां से कर्रेंट अफेयर्स ऐप डाउनलोड करें.

Trending

Just Now

Result Updates