राजस्थान का वह जिला, जिसे ‘अन्न का कटोरा’ कहा जाता है

राजस्थान अपनी रेतीली जमीन के लिए जाना जाता है। यहां उत्तर-पश्चिम में एक जिला ऐसा भी है, जिसे ‘अन्न का कटोरा’ भी कहा जाता है। कौन-सा है यह जिला और क्या है इसके पीछे का कारण, जानने के लिए पूरा लेख पढ़ें। 

Sep 13, 2026, 12:08 IST
गेंहू
गेंहू

राजस्थान में कुल 50 जिले हैं, जिनमें एक जिला ऐसा भी है, जिसे पूरे राजस्थान का ‘अन्न का कटोरा’ भी कहा जाता है। यह जिला उत्तर-पश्चिम दिशा में स्थित है और राजस्थान के कृषि-समृद्ध क्षेत्रों में गिना जाता है। खास बात यह है कि इस जिले के पास ही रेगिस्तान भी है। इसके बावजूद, यह पूरे राजस्थान का पेट भरता है। कौन-सा है यह जिला और क्यों कहा जाता है ‘अन्न का कटोरा’, जानने के लिए पूरा लेख पढ़ें।

किस जिले को कहा जाता है ‘अन्न का कटोरा’ 

राजस्थान के उत्तर-पश्चिम में स्थित श्रीगंगानगर जिले को राज्य का 'अन्न का कटोरा'कहा जाता है। यह जिला न केवल राजस्थान, बल्कि पूरे उत्तर भारत के सबसे उपजाऊ और कृषि-समृद्ध क्षेत्रों में गिना जाता है। पास में ही थार रेगिस्तान के करीब होने के बावजूद इस जिले ने अपनी सिंचाई व्यवस्था और मॉडर्न कृषि तकनीकों से यह उपलब्धि हासिल की है।

क्यों कहा जाता है 'अन्न का कटोरा' 

श्रीगंगानगर में गेहूं, धान, जौ और कमर्शियल फसलों जैसे कि कपास, सरसों और किन्नू का इतना अधिक उत्पादन होता है कि यह राज्य की खाद्य जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ अन्य राज्यों को भी अनाज आपूर्ति करता है। यही वजह है कि इस जिले को 'अन्न का कटोरा' भी कहा जाता है। 

गंग नहर का मिला फायदा

ऐतिहासिक रूप से यह एरिया भी रेगिस्तान का ही हिस्सा था। लेकिन, बीकानेर के तत्कालीन महाराजा गंगा सिंह द्वारा 1927 में 'गंग नहर' लाई गई। इसके बाद इंदिरा गांधी नहर के आने से इस रेगिस्तानी भूमि का पूरी तरह से कायाकल्प हो गया।

नदियों की मिट्टी से मिला है फायदा 

नदियों द्वारा लाई गई गाद और नहरों ने यहां की मिट्टी को बेहद उपजाऊ बना दिया है, जिससे यहां साल में दो से तीन फसलें उगाई जाती हैं।

गेंहू का सबसे बड़ा उत्पादक जिला

श्रीगंगानगर राजस्थान में गेहूं का सबसे बड़ा उत्पादक जिला है। यहां का गेहूं पूरे राज्य की सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) और मंडियों की रीढ़ माना जाता है। इसके अलावा, यहां 'नरमा' यानि अमेरिकन कॉटन का भारी मात्रा में उत्पादन होता है, जिसके कारण इसे कपड़ा उद्योग के लिए भी जाना जाता है।

साथ ही, सरसों और चना उत्पादन में भी इस जिले का प्रमुख योगदान है। आपको यह भी बता दें कि श्रीगंगानगर को 'किन्नू का गढ़' कहा जाता है। यहां के रसीले किन्नू भारत के विभिन्न शहरों के साथ-साथ विदेशों में भी निर्यात किए जाते हैं।

Kishan Kumar

Senior Executive - Editorial

आप जागरण जोश पर भारत, विश्व समाचार, खेल के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समसामयिक सामान्य ज्ञान, सूची, जीके हिंदी और क्विज प्राप्त कर सकते है. आप यहां से कर्रेंट अफेयर्स ऐप डाउनलोड करें.

Trending

Just Now

Result Updates