मध्य प्रदेश के किस जिले में सबसे पहले निकलता है सूरज, जानें यहां

मध्य प्रदेश भारत के मध्य में स्थित प्रमुख राज्यों में से एक है। यह राज्य अपनी भौगोलिक विशेषताओं की वजह से पूरे देश में जाना जाता है। इस कड़ी में यहां एक ऐसा जिला भी है, जिसमें सबसे पहले सूरज निकलता है। कौन-सा है यह जिला, जानने के लिए पूरा लेख पढ़ें।

Sep 20, 2026, 15:32 IST
सूर्योदय
सूर्योदय

भारत में क्षेत्रफल के हिसाब से मध्य प्रदेश देश के सबसे बड़े राज्यों में शामिल है। यह राज्य अपनी विविध संस्कृति और अनूठी परंपराओं के साथ-साथ भौगोलिक विशेषताओं के लिए भी जाना जाता है। यहां मौजूद प्रत्येक जिले की अपनी विशेषता है। इस कड़ी में यहां एक जिला ऐसा भी है, जो कि पूरे प्रदेश में सबसे पहले सवेरा होने के लिए जाना जाता है। यह वह जिला है, जहां सबसे पहले सूरज दिखाई देता है। कौन-सा है यह जिला, जानने के लिए पूरा लेख पढ़ें।

किस जिले में सबसे पहले सूर्योदय होता है

मध्य प्रदेश में सबसे पहले सूर्योदय सिंगरौली जिले में होता है। सिंगरौली जिला मध्य प्रदेश के सबसे पूर्वी छोर पर स्थित है। भौगोलिक नियमों के अनुसार, पृथ्वी पश्चिम से पूर्व दिशा की ओर घूमती है, इसलिए जो स्थान जितना अधिक पूर्व में स्थित होगा, वहां सूर्योदय और सूर्यास्त सबसे पहले होता है।

क्या है देशांतरीय स्थिति और समय का अंतर

एमपी का सिंगरौली जिला लगभग 82 डिग्री 45 मिनट पूर्वी देशांतर पर स्थित है, जो मध्य प्रदेश का सबसे पूर्वी अक्षांशीय बिंदु है।

सिंगरौली और झाबुआ में समय का अंतर

मध्य प्रदेश का सबसे पश्चिमी जिला झाबुआ है, जो कि लगभग 74 डिग्री 02 मिनट पूर्वी देशांतर में है। सिंगरौली और झाबुआ के बीच लगभग 8.5 डिग्री देशांतर का अंतर है। 1 डिग्री देशांतर को पार करने में सूर्य की किरणों को 4 मिनट का समय लगता है, इसलिए सिंगरौली और झाबुआ के सूर्योदय के समय में लगभग 34 मिनट का अंतर होता है। ऐसे में सिंगरौली में झाबुआ की तुलना में सूरज लगभग 34 मिनट पहले उगता है और शाम को 34 मिनट पहले ही ढलता है।

सिंगरौली जिले का परिचय

सिंगरौली जिले का गठन 24 मई 2008 को सीधी जिले से अलग करके किया गया था। यहां अधिक मात्रा में कोयला भंडार और थर्मल स्टेशन के कारण इसे 'मध्य प्रदेश की ऊर्जा राजधानी' भी कहा जाता है। भारत की मानक समय रेखा 82.5 डिग्री पूर्व मध्य प्रदेश के केवल सिंगरौली जिले से होकर गुजरती है। ऐसे में यह अपने आप में एक महत्त्वपूर्ण जिला बन जाता है। 

Kishan Kumar

Senior Executive - Editorial

आप जागरण जोश पर भारत, विश्व समाचार, खेल के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समसामयिक सामान्य ज्ञान, सूची, जीके हिंदी और क्विज प्राप्त कर सकते है. आप यहां से कर्रेंट अफेयर्स ऐप डाउनलोड करें.

Trending

Just Now

Result Updates