वाराणसी में गंगा के ऊपर दिखेगा एयरफोर्स का शौर्य, ‘Wings Over Ganga’ का रोमांच, PM मोदी भी होंगे शामिल
Varanasi Air Show 2026: वाराणसी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित ‘विंग्स ओवर गंगा’ (Wings Over Ganga) एयर शो की तैयारियां तेज हैं। 21 अक्टूबर को फुल ड्रेस रिहर्सल होगी, 22 को स्कूली बच्चे और 24 को आम लोग आमंत्रित होंगे। 25 अक्टूबर को नमो घाट पर पीएम मोदी, रक्षा मंत्री, मुख्यमंत्री समेत 4,000 वीआईपी पहुंचेंगे।
Varanasi Air Show 2026: वाराणसी की गंगा के ऊपर इन दिनों कुछ अलग ही नजारा देखने को मिल रहा है। कभी आसमान में विशालकाय चिनूक हेलीकॉप्टर उड़ान भरता दिखाई दे रहा है, तो कभी सारंग हेलीकॉप्टरों की शानदार फॉर्मेशन लोगों को रोमांचित कर रही है। वजह है भारतीय वायुसेना का आगामी एयर शो, जिसमें आसमान में एक से बढ़कर एक हवाई करतब देखने को मिलेंगे। 'Wings Over Ganga' नाम से होने वाला यह आयोजन 22, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित है। पीएम नरेंद्र मोदी भी 25 अक्टूबर को कार्यक्रम में शामिल होंगे।
22, 24 और 25 अक्टूबर को होगा एयर शो
वाराणसी और आसपास के जिलों के लोगों के लिए यह आयोजन खास होने वाला है। तीनों दिन दर्शकों को भारतीय वायुसेना के विमानों की शानदार फॉर्मेशन, सटीक उड़ान और रोमांचक हवाई करतब देखने का मौका मिलेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जो वाराणसी के सांसद भी हैं, 25 अक्टूबर को एयर शो में शिरकत करेंगे। आयोजन की तैयारियों के बीच वायुसेना के विमानों और हेलीकॉप्टरों की गतिविधियां लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
गंगा के ऊपर दिखा चिनूक और सारंग
पिछले कुछ दिनों में लोगों को गंगा के ऊपर उड़ान भरते बोइंग सीएच-47 चिनूक हेलीकॉप्टर की झलक देखने को मिली। अपने विशाल आकार और भारी सामान उठाने की क्षमता के लिए पहचाना जाने वाला यह हेलीकॉप्टर लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
वहीं, रविवार को सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के हेलीकॉप्टर भी काशी के आसमान में उड़ते नजर आए। इससे पहले 11 जुलाई को तीन लड़ाकू विमानों की तेज आवाज ने भी लोगों का ध्यान खींचा था। अब वाराणसी के साथ गाजीपुर समेत आसपास के इलाकों में विमानों की आवाजाही से एयर शो को लेकर उत्साह और बढ़ गया है।
सारंग टीम दिखाएगी शानदार हवाई करतब
एयर शो में भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगी। वर्ष 2003 में बनी यह टीम अपने बेहतरीन तालमेल और सटीक उड़ान के लिए जानी जाती है। भारत ही नहीं, विदेशों में भी टीम अपने प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत चुकी है।
वाराणसी एयर शो 2026: सभी प्रमुख Highlights
21 अक्टूबर: एयर शो की पूरी तैयारी के साथ फुल ड्रेस रिहर्सल होगी।
22 अक्टूबर: स्कूली बच्चों को एयर शो देखने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
24 अक्टूबर: आम लोगों के लिए एयर शो देखने का मौका रहेगा।
25 अक्टूबर: PM नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री, मुख्यमंत्री समेत करीब 4,000 वीआईपी नमो घाट पर मौजूद रहेंगे।
शो का समय: दोपहर 12:30 बजे से 2:00 बजे तक।
घाटों की व्यवस्था: गंगा किनारे के घाटों को 21 सेक्टर में बांटा गया है।
एयर ट्रैफिक कंट्रोल: नमो घाट पर एटीसी स्थापित किया गया है।
बाबतपुर एयरपोर्ट: एयर शो के मद्देनजर लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक विमानों का संचालन बंद रहेगा।
सूर्यकिरण के नौ विमान बिखेरेंगे आसमान में रंग
सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम का प्रदर्शन भी एयर शो का बड़ा आकर्षण होगा। टीम नौ हॉक एमके 132 विमानों के साथ आसमान में लूप, बैरल रोल, उल्टी उड़ान और मशहूर ‘डीएनए’ जैसी कलाबाजियां दिखाएगी।
भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना वर्ष के अवसर पर होने वाला यह आयोजन काशी के लिए खास अनुभव होगा।
पूर्व IAS दिव्या मित्तल की राजनीति में एंट्री, बनाई खुद की पार्टी, यूपी की इस सीट से लड़ सकती है चुनाव
Bagesh Yadav is a journalist and current affairs analyst with over six years of experience in education journalism, national and international affairs, and digital media. He has contributed to India’s leading knowledge platforms, including Vision IAS and Only IAS, and currently serves in a senior editorial role at Jagranjosh.com, where he leads coverage across the Current Affairs and General Knowledge sections. His expertise spans breaking news, government policy analysis, world affairs, sports updates, science and technology, and visually engaging infographics. Known for his commitment to factual accuracy, editorial integrity, and audience-first storytelling, Bagesh delivers well-researched, accessible, and impactful journalism that serves millions of students, competitive exam aspirants, and informed readers across India.