RPSC SSO City Intimation Slip 2026: राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा असिस्टेंट डायरेक्टर और सीनियर साइंटिफिक ऑफिसर (SSO) भर्ती परीक्षा 2026 के लिए सिटी इंटिमेशन स्लिप आज, 6 अक्टूबर 2026 को आधिकारिक वेबसाइट rpsc.rajasthan.gov.in पर जारी की जाएगी। सिटी इंटिमेशन स्लिप जारी होने के बाद, उम्मीदवार अपने एप्लीकेशन नंबर और जन्म तिथि का उपयोग करके ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से या SSO Portal लॉगिन करके अपने आवंटित परीक्षा जिले या शहर की जानकारी आसानी से देख सकेंगे। इस भर्ती परीक्षा का आयोजन राज्य के विभिन्न केंद्रों पर 13 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2026 के बीच किया जाएगा।
सहायक निदेशक और वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी परीक्षा तिथि और समय
राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा सहायक निदेशक और वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी प्रतियोगी परीक्षा 2025 (गृह विभाग) और वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी प्रतियोगी परीक्षा 2026 (गृह विभाग) का आयोजन 13 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। परीक्षा दो शिफ्टों में आयोजित की जाएगी। पहली शिफ्ट सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगी। OMR Answer Sheet में 5वें विकल्प को भरने के लिए अभ्यर्थियों को 10 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
एडमिट कार्ड कब और कैसे डाउनलोड करें?
RPSC की ओर से इन परीक्षाओं के एडमिट कार्ड परीक्षा तिथि से 3 दिन पहले आयोग की वेबसाइट और SSO Portal पर जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड समय पर डाउनलोड कर लें। इसके लिए RPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर Admit Card लिंक पर जाकर आवेदन पत्र क्रमांक और जन्म तिथि दर्ज करनी होगी। इसके अलावा अभ्यर्थी SSO Portal पर लॉगिन करके Citizen Apps (G2C) → Recruitment Portal के माध्यम से भी संबंधित परीक्षा का एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
परीक्षा केंद्र पर प्रवेश का समय
प्रत्येक परीक्षा सत्र में अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 60 मिनट पहले तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसलिए अभ्यर्थियों को सुरक्षा जांच और पहचान सत्यापन के लिए पर्याप्त समय लेकर परीक्षा केंद्र पहुंचना चाहिए।
परीक्षा केंद्र पर कौन-सा पहचान पत्र जरूरी है?
परीक्षा केंद्र पर पहचान के लिए अभ्यर्थियों को आधार कार्ड साथ ले जाना जरूरी है। अगर आधार कार्ड पर फोटो पुरानी या साफ नहीं है, तो ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट या वोटर आईडी जैसे अन्य मूल फोटो पहचान पत्र ले जा सकते हैं। पहचान पत्र पर हाल की, साफ और रंगीन फोटो होनी चाहिए।
एडमिट कार्ड पर फोटो जरूरी
एडमिट कार्ड पर हाल की और साफ रंगीन फोटो लगी होनी चाहिए। फोटो साफ नहीं होने पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जा सकता। इसलिए परीक्षा से पहले एडमिट कार्ड पर दी गई फोटो और सभी जरूरी निर्देश जरूर जांच लें।
परीक्षा में दलालों से सावधान रहें
RPSC ने अभ्यर्थियों को किसी भी दलाल, मीडिएटर, असामाजिक तत्व या अपराधी के बहकावे में नहीं आने की चेतावनी दी है। यदि कोई व्यक्ति परीक्षा में पास कराने के नाम पर रिश्वत मांगता है या किसी तरह का प्रलोभन देता है, तो अभ्यर्थी प्रमाण सहित इसकी सूचना जांच एजेंसी और आयोग के कंट्रोल रूम को दे सकते हैं। आयोग के कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 0145-2635200, 2635212 और 2635255 हैं।
अनुचित साधन अपनाने पर होगी सख्त कार्रवाई
परीक्षा में अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने या किसी अनुचित कृत्य में शामिल पाए जाने पर अभ्यर्थी के खिलाफ राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम के उपाय) अधिनियम, 2022 के तहत कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। इसके तहत आजीवन कारावास, 10 करोड़ रुपये तक का जुर्माना और चल-अचल संपत्ति की कुर्की एवं जब्ती जैसी कार्रवाई का प्रावधान है।
