18 अगस्त 2008 को एक 19 साल के लड़के ने पहली बार टीम इंडिया की जर्सी पहनी थी। श्रीलंका के खिलाफ डेब्यू मैच में विराट कोहली सिर्फ 12 रन बनाकर आउट हो गए। उस वक्त शायद ही किसी ने सोचा होगा कि यह लड़का आगे चलकर क्रिकेट की दुनिया में ऐसा नाम बनाएगा, जिसके रिकॉर्ड गिनने के लिए भी पूरी लिस्ट छोटी पड़ जाएगी।
यहां हम बात कर रहे है भारत के दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली की, आइए, उनके करियर के उन 18 खास रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं, जो बताते हैं कि विराट कोहली का नाम इतना खास क्यों है। विराट के साथ खास बात यह भी है कि इनका जर्सी नंबर भी 18 है।
1. एक दशक में 20 हजार इंटरनेशनल रन
विराट दुनिया के इकलौते क्रिकेटर हैं, जिन्होंने एक दशक में 20 हजार से ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाए। 2010 से 2019 के बीच उन्होंने 386 मैचों में 20,960 रन बनाये है।
2. ODI में 150+ के पांच स्कोर
वनडे में नॉन-ओपनर बल्लेबाज के तौर पर विराट ने पांच बार 150 से ज्यादा रन बनाए हैं।
3. 2018 में ICC अवॉर्ड्स की हैट्रिक
2018 विराट के करियर का ऐतिहासिक साल रहा। उन्होंने एक ही साल में ICC क्रिकेटर ऑफ़ द ईयर, टेस्ट प्लेयर ऑफ़ द ईयर और ODI प्लेयर ऑफ़ द ईयर का अवॉर्ड जीता। कुल मिलाकर उनके नाम 10 ICC अवॉर्ड हैं।
4. 10 लगातार ODI पारियों में 995 रन
एक दौर ऐसा भी आया जब विराट का बल्ला लगातार रन उगल रहा था। उन्होंने लगातार 10 ODI पारियों में 995 रन बनाए, जिसमें पांच शतक शामिल थे।
5. सबसे तेज 10 हजार ODI रन
विराट ने महज 205 पारियों में 10 हजार वनडे रन पूरे कर लिए थे। उस वक्त उन्होंने इस मुकाम तक पहुंचने की रफ्तार का नया रिकॉर्ड बनाया था।
6. 15 अगस्त और 26 जनवरी पर शतक
विराट के नाम एक बेहद खास रिकॉर्ड है। वह इकलौते भारतीय हैं, जिन्होंने 15 अगस्त और 26 जनवरी से जुड़े अंतरराष्ट्रीय मैचों में शतक लगाया।
7. SENA देशों में टेस्ट शतक
दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसे मुश्किल विदेशी मैदानों पर रन बनाना आसान नहीं होता।
8. जीत में सबसे ज्यादा शतक
विराट के 59 इंटरनेशनल शतक भारत की जीत में आए हैं। वनडे में तो उनके 54 शतकों में से 44 शतक टीम की जीत का हिस्सा रहे हैं।
9. टेस्ट कप्तान के तौर पर सात दोहरे शतक
विराट ने टेस्ट क्रिकेट में सात दोहरे शतक लगाए हैं। बतौर कप्तान किसी बल्लेबाज के सबसे ज्यादा टेस्ट डबल सेंचुरी का रिकॉर्ड भी उनके नाम है।
World Cup 2027: वर्ल्ड कप के लिए इन 10 टीमों का स्थान पक्का, वेस्टइंडीज समेत इन टीमों पर मंडराया खतरा
10. 350+ के चेज में विराट का जलवा
भारत ने जब वनडे में 350 से ज्यादा के लक्ष्य का सफल पीछा किया, विराट हर बार बड़ी भूमिका में नजर आए। ऐसी चार पारियों में उन्होंने 411 रन बनाए, जिसमें 3 शतक शामिल हैं।
11. ICC टूर्नामेंट्स में सबसे ज्यादा रन
वर्ल्ड कप, T20 वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी जैसे ICC व्हाइट-बॉल टूर्नामेंट्स को मिलाकर विराट के नाम 3,834 रन हैं।
12. T20 वर्ल्ड कप में नाबाद तो भारत विजेता
T20 वर्ल्ड कप में विराट का एक बेहद दिलचस्प रिकॉर्ड है। वह टूर्नामेंट में जितनी बार नाबाद लौटे, भारत ने हर बार मैच जीता है।
13. तीनों फॉर्मेट में 900+ रेटिंग
टेस्ट, वनडे और T20I तीनों फॉर्मेट में 900 से ज्यादा रेटिंग पॉइंट्स हासिल करने वाले विराट इकलौते क्रिकेटर हैं।
14. छह देशों के खिलाफ टेस्ट डबल सेंचुरी
विराट ने वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका और बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट में दोहरे शतक लगाए हैं।
15. लगातार ODI शतकों का रिकॉर्ड
विराट ने अपने करियर में 12 बार लगातार वनडे मैचों में शतक लगाए हैं। यह अपने आप में उनकी निरंतरता का बड़ा सबूत है।
16. इंटरनेशनल क्रिकेट में ऑल-फॉर्मेट 50+ औसत
विराट की सबसे बड़ी ताकत उनकी निरंतरता रही है। इंटरनेशनल क्रिकेट के शीर्ष रन स्कोरर्स में वह ऐसे बल्लेबाज हैं, जिनका तीनों फॉर्मेट में 50+ औसत रहा है।
17. प्लेयर ऑफ द सीरीज का रिकॉर्ड
विराट ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 22 बार प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड जीता है। इस मामले में वह सचिन तेंदुलकर के 20 अवॉर्ड से भी आगे हैं।
18. IPL में नौ बार 500+ रन
IPL में निरंतरता की बात हो तो विराट का नाम सबसे पहले आता है। वह नौ अलग-अलग सीजन में 500+ रन बना चुके हैं। 2023 से 2026 तक लगातार चार सीजन में उनका स्कोर 600+ रन रहा।
12 रन से शुरू हुआ सफर, रिकॉर्ड्स तक पहुंचा
विराट कोहली की कहानी सिर्फ रिकॉर्ड्स की लिस्ट नहीं है। यह उस खिलाड़ी की कहानी है, जिसने 12 रन के इंटरनेशनल डेब्यू से शुरुआत की और 18 साल में क्रिकेट की रिकॉर्ड बुक के अनगिनत पन्ने अपने नाम कर लिए है, जो सफ़र अभी जारी है।
