T20I में अभिषेक शर्मा का एक और धमाका, बनाया यह बड़ा रिकॉर्ड, कोई नहीं है आसपास

टीम इंडिया के युवा सलामी बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा ने T20 क्रिकेट में एक और रिकॉर्ड अपने नाम करते हुए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज़ 100 छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. इस मामले में उन्होंने पूर्व कप्तान सूर्य कुमार यादव को पीछे छोड़ दिया है।

Jul 2, 2026, 15:38 IST
अभिषेक शर्मा ने अपने नाम किया यह विश्व रिकॉर्ड
अभिषेक शर्मा ने अपने नाम किया यह विश्व रिकॉर्ड

भारतीय टीम के स्टार सलामी बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसने उन्हें क्रिकेट इतिहास के रिकॉर्ड बुक में जगह दिला दी। उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज़ 100 छक्के लगाने का नया विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वहीं मैच की बात करें तो बारिश के कारण मैच का कोई रिजल्ट नहीं निकल पाया। 

संजू सैमसन के साथ पारी की शुरुआत करने उतरे अभिषेक ने अपनी पहली 9 गेंदों में ही दो शानदार छक्के जड़े और महज़ 785 गेंदों में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 100 छक्के पूरे कर लिए। इसके साथ ही उन्होंने वेस्टइंडीज़ के विस्फोटक बल्लेबाज़ एविन लुईस का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने यह मुकाम 789 गेंदों में हासिल किया था।

तोड़ा सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड  

इस उपलब्धि के साथ अभिषेक ने भारत के पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया। सूर्यकुमार ने 100 टी20I छक्के लगाने के लिए 1007 गेंदें खेली थीं। अगर पारियों की बात करें, तो अभिषेक ने यह उपलब्धि अपनी 48वीं पारी में हासिल की। इस मामले में उनसे आगे केवल एविन लुईस हैं, जिन्होंने 42 पारियों में 100 छक्के पूरे किए थे। 

वहीं, सभी टी20 मुकाबलों (इंटरनेशनल और डोमेस्टिक) में सबसे तेज़ 100 छक्के लगाने का रिकॉर्ड भारत के युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी के नाम है। उन्होंने IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए सिर्फ 515 गेंदों में यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की थी।

टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज़ 100 छक्के (गेंदों के आधार पर)

टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज़ 100 छक्के लगाने वाले टॉप 10 बल्लेबाजों के नाम यहां दिए गए है, जिनमें दो भारतीय बल्लेबाज शामिल है- 

बल्लेबाज 
गेंद 
अभिषेक शर्मा 
785
एविन लुईस
789
करणबीर सिंह
848 
फिन एलन
871
टिम डेविड
931
फैसल खान 
956
कॉलिन मुनरो
963
सूर्यकुमार यादव
1007
रोवमैन पॉवेल
1058
क्रिस गेल
1071 

अभिषेक ने खुद को किया साबित 

जुलाई 2024 में भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले अभिषेक ने बेहद कम समय में खुद को दुनिया के सबसे खतरनाक ओपनरों में स्थापित कर लिया है। वह फिलहाल ICC T20I बल्लेबाज़ रैंकिंग में दूसरे स्थान पर काबिज़ हैं, जबकि ईशान किशन टॉप पर पहुंच गए है।

हालांकि इस साल T20 विश्व कप में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, लेकिन मार्च में अहमदाबाद में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ फाइनल में खेली गई उनकी शानदार अर्धशतकीय पारी ने उनकी मैच विनिंग क्षमता फिर साबित कर दी है। 

अभिषेक अब तक टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 1450 से ज़्यादा रन बना चुके हैं। खास बात यह है कि 190+ स्ट्राइक रेट के साथ 1000 से अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ों में उनका स्ट्राइक रेट सबसे बेहतर है।

Bagesh Yadav

Senior Executive - Editorial

आप जागरण जोश पर भारत, विश्व समाचार, खेल के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समसामयिक सामान्य ज्ञान, सूची, जीके हिंदी और क्विज प्राप्त कर सकते है. आप यहां से कर्रेंट अफेयर्स ऐप डाउनलोड करें.

Trending

Just Now

Result Updates