नहीं देना होगा आधी बर्थ के लिए पूरा किराया, खत्म हो सकती है RAC टिकट की सुविधा! देखें क्या है अपडेट

रेलवे दशकों पुरानी RAC सुविधा को खत्म करने के विकल्प पर विचार कर रहा है। रेलवे के अधिकारियों का मानना है कि जब यात्री को पूरी बर्थ की सुविधा नहीं मिल रही है, तो उससे पूरा किराया वसूलना कितना उचित है, इस पर विचार किया जाना चाहिए।

Nov 13, 2026, 17:58 IST
RAC टिकट पर पूरा किराया लेने का क्या है मामला?
RAC टिकट पर पूरा किराया लेने का क्या है मामला?

Indian Railways: भारतीय रेलवे से सफर करने वाले यात्रियों के लिए RAC टिकट की व्यवस्था में बड़ा बदलाव हो सकता है। रेलवे दशकों पुरानी Reservation Against Cancellation (RAC) सुविधा को खत्म करने के विकल्प पर विचार कर रहा है। इस व्यवस्था के तहत एक ही बर्थ पर दो यात्रियों को सफर करना पड़ता है। खास बात यह है कि दोनों यात्रियों से टिकट का पूरा किराया लिया जाता है, जबकि उन्हें सोने के लिए आधी-आधी जगह मिलती है। अब यात्रियों की सुविधा और किराये से जुड़े सवालों को देखते हुए रेलवे इस व्यवस्था की समीक्षा कर रहा है।

दरअसल, RAC टिकट वाले यात्रियों को ट्रेन में सफर करने की अनुमति तो मिल जाती है, लेकिन उन्हें शुरुआत में पूरी बर्थ नहीं मिलती। ऐसे में यात्रियों को पूरी रकम चुकाने के बावजूद सोने के लिए सीमित जगह से संतोष करना पड़ता है। रेलवे के अधिकारियों का मानना है कि जब यात्री को पूरी बर्थ की सुविधा नहीं मिल रही है, तो उससे पूरा किराया वसूलना कितना उचित है, इस पर विचार किया जाना चाहिए।

RAC टिकट पर पूरा किराया लेने का क्या है मामला?

RAC टिकट मिलने पर आमतौर पर एक साइड लोअर बर्थ दो यात्रियों के बीच बांट दी जाती है। दोनों यात्री उस जगह पर बैठकर सफर करते हैं और रात में सोने के लिए भी उन्हें सीमित जगह मिलती है। हालांकि, किराये में कोई छूट नहीं दी जाती। यही वजह है कि लंबे समय से इस व्यवस्था को लेकर सवाल उठते रहे हैं।

रेलवे के सामने एक दूसरी चुनौती भी है। कई बार एक ही बर्थ पर महिला और पुरुष यात्रियों को जगह आवंटित हो जाती है। इससे दोनों यात्रियों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, TTE के लिए भी ट्रेन में दूसरी सीट या बर्थ की व्यवस्था करना मुश्किल हो जाता है।

Related Stories

संसदीय समिति भी उठा चुकी है सवाल

RAC टिकट पर पूरा किराया वसूलने का मुद्दा संसदीय समिति के सामने भी उठ चुका है। समिति ने इस व्यवस्था पर सवाल करते हुए रेलवे को इसकी समीक्षा करने की सलाह दी थी। 

क्यों शुरू हुई थी RAC की व्यवस्था?

RAC सिस्टम की शुरुआत उस समय हुई थी, जब रेलवे में टिकट बुकिंग का काम मुख्य रूप से मैन्युअल तरीके से होता था। उस दौर में टिकट कैंसिल होने या खाली बर्थ की जानकारी तुरंत मिलना आसान नहीं था। इसलिए ऐसी व्यवस्था बनाई गई, जिससे वेटिंग लिस्ट के यात्रियों को भी ट्रेन में सफर करने का मौका मिल सके।

वहीं यदि कोई कन्फर्म टिकट वाला यात्री अपना टिकट कैंसिल कर देता था, तो RAC यात्री को पूरी बर्थ मिलने की संभावना रहती थी। हालांकि, अब ऑनलाइन टिकट बुकिंग और डिजिटल सिस्टम काफी अपडेट हो चुके हैं। ऐसे में रेलवे इस पुरानी व्यवस्था की जरूरत और यात्रियों को होने वाली परेशानी का दोबारा आकलन कर रहा है।

फिलहाल RAC सुविधा खत्म करने को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।

Bagesh Yadav

Senior Executive - Editorial

आप जागरण जोश पर भारत, विश्व समाचार, खेल के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समसामयिक सामान्य ज्ञान, सूची, जीके हिंदी और क्विज प्राप्त कर सकते है. आप यहां से कर्रेंट अफेयर्स ऐप डाउनलोड करें.