हाल ही में पासपोर्ट बनवाने के नियमों में बदलाव हुए है, यदि आप अपने बच्चे का पासपोर्ट बनवाने की सोच रहे हैं, तो आवेदन करने से पहले एक बार नए नियम जरूर जान लें। विदेश मंत्रालय ने पासपोर्ट की वैलिडिटी और फीस से जुड़े नियमों में बदलाव किया है। इसका असर बच्चों के साथ-साथ वयस्कों के पासपोर्ट पर भी पड़ेगा। यानी अब पासपोर्ट बनवाने के लिए पहले के मुकाबले ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। चलिए इस खबर के बारे में विस्तार से पढ़तें है।
15 साल तक के बच्चों के पासपोर्ट पर बदला नियम
विदेश मंत्रालय ने 17 सितंबर 2026 को पासपोर्ट से जुड़ा नया नियम जारी किया है। इसके अनुसार, 15 साल या उससे कम उम्र के बच्चे को जारी किया गया 36 पेज का पासपोर्ट 5 साल या बच्चे के 18 साल का होने तक वैध रहेगा, इनमें से जो भी पहले हो।
इसे एक उदाहरण से समझतें है, मान लीजिए कोई बच्चा 15 साल की उम्र में पासपोर्ट बनवाता है। ऐसे में उसका पासपोर्ट 5 साल के लिए नहीं, बल्कि उसके 18 साल की उम्र तक ही वैध रहेगा, क्योंकि 18 साल की उम्र पहले आ जाएगी। वैलिडिटी खत्म होने के बाद नया पासपोर्ट बनवाना होगा।
बच्चों का पासपोर्ट बनवाना अब महंगा
नए नियमों के साथ बच्चों के पासपोर्ट की फीस भी बढ़ा दी गई है। 36 पेज के पासपोर्ट के लिए अब 1750 रुपये देने होंगे। पहले यह फीस 1000 रुपये थी।
वहीं, यदि बच्चे के लिए तत्काल पासपोर्ट बनवाना है तो 36 पेज के पासपोर्ट की फीस अब 4250 रुपये होगी। पहले इसके लिए 3000 रुपये देने पड़ते थे।
वयस्कों के पासपोर्ट की फीस में भी बढ़ोतरी
पासपोर्ट फीस में बढ़ोतरी का असर वयस्कों पर भी पड़ेगा। 36 पेज के सामान्य पासपोर्ट की फीस 1500 रुपये से बढ़ाकर 2500 रुपये कर दी गई है। वहीं, 36 पेज के तत्काल पासपोर्ट के लिए अब 5000 रुपये देने होंगे। पहले इसकी फीस 3500 रुपये थी।
60 पेज के पासपोर्ट के लिए अब इतनी फीस
यदि आप 18 साल से ज्यादा उम्र के हैं और 60 पेज का पासपोर्ट बनवाना चाहते हैं, तो अब 3500 रुपये फीस देनी होगी। पहले इसके लिए 2000 रुपये लगते थे। वहीं, 60 पेज के तत्काल पासपोर्ट की फीस 6000 रुपये कर दी गई है, जो पहले 4000 रुपये थी।
डुप्लीकेट पासपोर्ट भी हुआ महंगा
यदि पासपोर्ट खो जाता है और डुप्लीकेट पासपोर्ट बनवाना पड़ता है, तो इसके लिए भी अब ज्यादा पैसे देने होंगे। डुप्लीकेट पासपोर्ट की फीस 5500 रुपये से बढ़ाकर 8500 रुपये कर दी गई है।
पासपोर्ट बनवाने से पहले ये बात याद रखें
ऐसे में कह सकते है कि नए बदलावों के बाद बच्चों के पासपोर्ट की वैलिडिटी का नियम बदला है और अलग-अलग कैटेगरी के पासपोर्ट की फीस बढ़ाई गई है। इसलिए अगर आप आने वाले दिनों में अपना या अपने बच्चे का पासपोर्ट बनवाने वाले हैं, तो आवेदन से पहले नई फीस और वैलिडिटी से जुड़े नियम जरूर चेक कर लें।
