Indian Railway Retiring Room: लंबी दूरी की ट्रेन से सफर करते समय कई बार मंजिल तक पहुंचने से ज्यादा मुश्किल रास्ते में होने वाला इंतजार लगता है। खासकर तब, जब एक ट्रेन से उतरने के बाद दूसरी ट्रेन पकड़ने के लिए कई घंटे स्टेशन पर बिताने पड़ें। ऐसे में प्लेटफॉर्म की भीड़, शोर और बैठने की परेशानी यात्रियों की थकान और बढ़ा देती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इंडियन रेलवे यात्रियों को ऐसी परेशानी से बचाने के लिए दो खास सुविधाएं देता है जिनमें वेटिंग रूम और रिटायरिंग रूम की सुविधा शामिल है।
दिलचस्प बात यह है कि दोनों सुविधाओं का उद्देश्य यात्रियों को आराम देना है, लेकिन इनके इस्तेमाल का तरीका, सुविधाएं और किराया अलग-अलग हैं। कई यात्रियों को इनके बीच का अंतर पता नहीं होता, जिसके कारण वे इनका सही फायदा नहीं उठा पाते। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि वेटिंग रूम और रिटायरिंग रूम में क्या फर्क है और आपके लिए कौन-सा विकल्प बेहतर रहेगा।
बिल्कुल मुफ्त है रेलवे का वेटिंग रूम
रेलवे स्टेशन पर बना वेटिंग रूम एक ऐसा हॉल होता है, जहां यात्री अपनी ट्रेन का इंतजार करते हुए आराम से बैठ सकते हैं। यहां एक साथ कई यात्री मौजूद रहते हैं। यानी यह निजी जगह नहीं, बल्कि सभी पात्र यात्रियों के लिए साझा सुविधा है।
इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि इसके उपयोग के लिए आपको अलग से कोई पैसा नहीं देना पड़ता। रेलवे स्टेशनों पर सामान्य और एसी वेटिंग रूम की व्यवस्था होती है। यात्री अपनी जरूरत और उपलब्धता के अनुसार इनका इस्तेमाल कर सकते हैं।
Related Stories
वैलिड जर्नी टिकट होना जरूरी
इसके लिए आपके पास वैलिड जर्नी टिकट होना जरूरी है। प्रवेश के समय रेलवे कर्मचारी आपसे टिकट दिखाने के लिए कह सकते हैं। अगर आपकी अगली ट्रेन आने में दो-तीन घंटे बाकी हैं, तो प्लेटफॉर्म पर बैठकर समय बिताने के बजाय वेटिंग रूम में आराम करना बेहतर रहेगा।
होटल जैसा आराम देता है रिटायरिंग रूम
रिटायरिंग रूम की सुविधा वेटिंग रूम से थोड़ी अलग है। इसे आप रेलवे स्टेशन पर मिलने वाले छोटे होटल के कमरे की तरह समझ सकते हैं। यहां यात्रियों को निजी कमरा मिलता है, जहां वे सफर की थकान उतार सकते हैं।
इन कमरों में आरामदायक बिस्तर, जरूरी फर्नीचर और कई जगहों पर अटैच बाथरूम जैसी सुविधाएं मिलती हैं। स्टेशन के हिसाब से एसी और नॉन-एसी कमरे भी उपलब्ध हो सकते हैं। हालांकि, इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए यात्रियों को अलग से किराया देना पड़ता है।
