उत्तर प्रदेश की राजनीति देश की राजनीति में महत्त्वपूर्ण स्थान रखती है। प्रदेश को लेकर एक कहावत है कि केंद्र की राजनीति का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर गुजरता है। आगामी 2027 में प्रदेश में विधानसभा चुनाव हैं, जिसे लेकर प्रदेश के सत्ता के गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। इस बीच कई सियासी खेमों में उठापटक भी देखने को मिल रही है। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि यूपी की सबसे छोटी विधानसभा सीट कौन-सी है, यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।
यूपी में कुल कितनी विधासभा सीटें हैं
सबसे पहले हम यह जान लेते हैं कि यूपी में कुल कितनी विधानसभा सीटें हैं। आपको बता दें कि प्रदेश में कुल 403 विधानसभा सीटें हैं। इतनी सीटों के साथ यह पूरे देश में सबसे अधिक विधानसभा सीटों वाला राज्य भी है।
Related Stories
सबसे छोटी विधानसभा सीट कौन-सी है
उत्तर प्रदेश की 403 सदस्यीय विधानसभा में 'सबसे छोटी विधानसभा सीट' को दो प्रमुख आधारों पर बांटा जाता है, जो कि मतदाताओं की संख्या और भौगोलिक क्षेत्रफल पर हैः
वोटर्स के आधार पर सबसे छोटी विधानसभा सीट
फतेहपुर जिले में स्थित अयाह शाह (निर्वाचन क्षेत्र संख्या - 241) को उत्तर प्रदेश की वोटर्स के हिसाब से सबसे छोटी विधानसभा सीट माना जाता है। साल 2022 के विधानसभा चुनाव आंकड़ों के अनुसार, यहां लगभग 2.68 लाख से 2.71 लाख पंजीकृत मतदाता थे, जो राज्य की किसी भी विधानसभा में सबसे कम हैं।
-यह सीट फतेहपुर जिले के अंतर्गत आती है और हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। इसमें मुख्य रूप से बहुआ और असोथर विकास खंडों के ग्रामीण क्षेत्र शामिल हैं।
-साल2008 के परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई यह सीट अपने कम मतदाता आधार के बावजूद बहुत प्रतिस्पर्धी मानी जाती है। 2022 के विधानसभा चुनाव में यहां से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विकास गुप्ता ने जीत दर्ज की थी। वहीं, अयाह शाह के बाद कानपुर नगर की सीसामऊ, जहां लगभग 2.71 लाख मतदाता हैं और कानपुर की किदवई नगर राज्य की सबसे कम मतदाता संख्या वाली विधानसभा सीटों में गिनी जाती हैं।
क्षेत्रफल के हिसाब से सबसे छोटी विधानसभा सीट
यदि भौगोलिक क्षेत्रफल की बात की जाए, तो उत्तर प्रदेश के बड़े महानगरों विशेषकर कानपुर नगर की 'सीसामऊ', लखनऊ की 'लखनऊ मध्य' और वाराणसी की 'वाराणसी दक्षिण' विधानसभा सीटें क्षेत्रफल की लिहाज से सबसे छोटी हैं। इन शहरी सीटों में जनसंख्या घनत्व अधिक होने के कारण मात्र कुछ ही वर्ग किलोमीटर के दायरे में ढाई से साढ़े तीन लाख मतदाता हैं।
