बदल गया रेलवे का ग्रुप टिकट बुकिंग रूल, लिमिट हुई समाप्त, ऐसे करें बुकिंग

दक्षिण पश्चिम रेलवे (South Western Railway) ने ग्रुप बुकिंग के नियमों में बदलाव किया है। नए नियमों के तहत ग्रुप टिकट बुकिंग के लिए सुबह 9 बजे से आवेदन किया जा सकता है।

Nov 20, 2026, 16:54 IST
ग्रुप बुकिंग में बर्थ की संख्या की लिमिट खत्म
ग्रुप बुकिंग में बर्थ की संख्या की लिमिट खत्म

यदि आप परिवार, दोस्तों या किसी बड़े ग्रुप के साथ ट्रेन से सफर करने की तैयारी कर रहे हैं, तो आपके लिए राहत भरी खबर है। शादी समारोह हो, बच्चों का एजुकेशनल टूर, धार्मिक यात्रा या किसी खेल प्रतियोगिता में शामिल होने की योजना, अब एक साथ कई लोगों के लिए ट्रेन टिकट बुक कराना आसान हो सकता है। दक्षिण पश्चिम रेलवे (South Western Railway) ने ग्रुप बुकिंग के नियमों में बदलाव किया है। नए नियमों के तहत ग्रुप टिकट बुकिंग के लिए सुबह 9 बजे से अप्लायी किया जा सकता है। इसके साथ ही एक बार में बुक होने वाली बर्थ की अधिकतम संख्या की लिमिट भी हटा दी गई है।  

रेलवे का मानना है कि इन बदलावों से उन यात्रियों को सुविधा मिलेगी, जिन्हें किसी खास आयोजन या कार्यक्रम के लिए एक साथ यात्रा करनी होती है। चलिए जानते हैं कि रेलवे के नए नियम क्या हैं और ग्रुप में ट्रेन टिकट बुक कराने के लिए आपको क्या करना होगा। 

कब होगा ग्रुप टिकट बुकिंग?

दक्षिण पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) डॉ. मंजूनाथ कनामाडी के अनुसार, ग्रुप और Bulk Booking के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अब प्रमुख आरक्षण केंद्रों पर सुबह 9 बजे से ऐसे आवेदनों को स्वीकार किया जाएगा।

यह समय सामान्य यात्रियों के लिए Advance Reservation Period (ARP) के तहत टिकट बुकिंग शुरू होने के एक घंटे बाद का होगा। रेलवे ने कमर्शियल सर्कुलर (कोचिंग) नंबर 37/2026 और रेट एडवाइस नंबर 11/2026 के जरिए नई गाइडलाइन जारी की है। इसके साथ ही इस संबंध में पहले जारी सभी निर्देशों को बदल दिया गया है। 

Related Stories

ग्रुप बुकिंग में बर्थ की संख्या की लिमिट खत्म

रेलवे के नए नियमों में सबसे अहम बदलाव बर्थ की संख्या को लेकर किया गया है। अब ग्रुप रिजर्वेशन के तहत एक साथ कितनी बर्थ बुक की जा सकती हैं, इसकी कोई तय सीमा नहीं होगी।

इसके लिए Chief Reservation Supervisors (CRS) और Station Managers (SM) को मंजूरी देने का अधिकार दिया गया है। ये अधिकारी बिना किसी निर्धारित बर्थ लिमिट के ग्रुप बुकिंग को स्वीकृति दे सकेंगे। यह सुविधा ट्रेन की सभी क्लास में मिलेगी। टिकट कन्फर्म , RAC या वेटिंग होने पर भी ग्रुप बुकिंग के लिए आवेदन किया जा सकेगा। 

कैसे करें ग्रुप टिकट बुकिंग?

ग्रुप रिजर्वेशन के लिए यात्रियों को संबंधित अधिकृत रेलवे अधिकारी के पास सीधे आवेदन जमा करना होगा। सामान्य तौर पर ट्रैवल एजेंट के जरिए भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। हालांकि, विदेशी पर्यटकों और NRIs के लिए मौजूदा नियमों के अनुसार छूट रहेगी। 

आवेदन में यात्रा का उद्देश्य बताना अनिवार्य होगा। इसके अलावा ग्रुप में शामिल हर यात्री का नाम, उम्र, लिंग, पता और यात्रा का कारण भी देना होगा। इन जानकारियों के बिना रेलवे से बुकिंग की अनुमति नहीं मिलेगी।

वापसी के टिकट के लिए भी मिलेगी सुविधा

नए नियमों के तहत ग्रुप के लिए वापसी यात्रा की बुकिंग भी उसी रिजर्वेशन ऑफिस से कराई जा सकती है। हालांकि, रेलवे इसे अलग बुकिंग मानेगा। यानी आने और जाने की यात्रा के लिए अलग-अलग आवेदन और रिजर्वेशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

Bagesh Yadav

Senior Executive - Editorial

आप जागरण जोश पर भारत, विश्व समाचार, खेल के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समसामयिक सामान्य ज्ञान, सूची, जीके हिंदी और क्विज प्राप्त कर सकते है. आप यहां से कर्रेंट अफेयर्स ऐप डाउनलोड करें.