रेलवे प्लेटफॉर्म पर बदलने वाला है अंदाज, अनाउंसमेंट में नंबर के साथ सुनाई देगा कंपनी का नाम

फिर से नई पहल! उत्तर रेलवे ने अपने व्यस्त और प्रमुख रेलवे स्टेशनों के प्लेटफॉर्म के नेमिंग राइट्स निजी कंपनियों को देने की प्रक्रिया फिर से शुरू की है। इसका उद्देश्य रेलवे के लिए विज्ञापन के जरिए अतिरिक्त कमाई का रास्ता तैयार करना है।   

Sep 28, 2026, 20:18 IST
प्लेटफॉर्म पर हर तरफ दिखेगी ब्रांडिंग
प्लेटफॉर्म पर हर तरफ दिखेगी ब्रांडिंग

रेलवे स्टेशन का प्लेटफॉर्म अब सिर्फ ट्रेन का इंतजार करने की जगह नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में यहां यात्रियों को प्लेटफॉर्म नंबर के साथ किसी कंपनी या उसके ब्रांड का नाम भी सुनाई दे सकता है।

उत्तर रेलवे ने अपने व्यस्त और प्रमुख रेलवे स्टेशनों के प्लेटफॉर्म के नेमिंग राइट्स निजी कंपनियों को देने की प्रक्रिया फिर से शुरू की है। इसका उद्देश्य रेलवे के लिए विज्ञापन के जरिए अतिरिक्त कमाई का रास्ता तैयार करना है।

प्लेटफॉर्म नंबर के साथ जुड़ेगा ब्रांड का नाम

नई व्यवस्था लागू होने पर स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को प्लेटफॉर्म नंबर के साथ संबंधित कंपनी का नाम भी दिखाई देगा। यानी प्लेटफॉर्म 1, 2 या 16 जैसी पारंपरिक पहचान के साथ किसी ब्रांड का नाम भी जोड़ा जा सकता है।

हालांकि, इस व्यवस्था में हर तरह के विज्ञापन को अनुमति नहीं होगी। तंबाकू, शराब जैसे विज्ञापनों पर रोक रहेगी।

प्लेटफॉर्म पर हर तरफ दिखेगी ब्रांडिंग

नेमिंग राइट्स हासिल करने वाली कंपनी को केवल प्लेटफॉर्म के नाम तक सीमित नहीं रखा जाएगा। कंपनी को संबंधित प्लेटफॉर्म पर व्यापक ब्रांडिंग का अवसर मिल सकता है।

इसके तहत एंट्री, पिलर्स, सीढ़ियों की रेलिंग, दीवारों और डिरेक्शन बोर्ड जैसे स्थानों पर कंपनी का लोगो, रंग और प्रचार सामग्री नजर आ सकती है। इस तरह प्लेटफॉर्म का पूरा विजुअल अनुभव पहले की तुलना में काफी अलग दिखाई दे सकता है।

ट्रेन की अनाउंसमेंट में भी होगा बदलाव

इस व्यवस्था का असर रेलवे की सार्वजनिक अनाउंसमेंट पर भी हो सकता है। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर आने या रवाना होने की घोषणा में प्लेटफॉर्म नंबर से पहले संबंधित ब्रांड का नाम लिया जा सकता है।

रेलवे को मिलेगा अतिरिक्त राजस्व

प्लेटफॉर्म नेमिंग राइट्स रेलवे की नॉन-फेयर रेवेन्यू बढ़ाने की योजना का हिस्सा हैं। इसके तहत रेलवे यात्री किराए और माल ढुलाई के अलावा विज्ञापन और व्यावसायिक गतिविधियों से भी आय बढ़ाना चाहता है।

व्यस्त रेलवे प्लेटफॉर्म कंपनियों के लिए इसलिए भी आकर्षक हैं क्योंकि यहां रोजाना बड़ी संख्या में यात्री पहुंचते हैं और ट्रेन के इंतजार के दौरान उनका ध्यान आसपास मौजूद विज्ञापनों पर आसानी से जाता है।

पहले भी हो चुका है प्रयोग

रेलवे में इस तरह की ब्रांडिंग का प्रयोग पहले भी किया जा चुका है। नई दिल्ली स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 16 के साथ खाद्य तेल ब्रांड 'बैल कोल्हू' का नाम जोड़ा गया था, जबकि प्लेटफॉर्म 14 और 15 के साथ 'नरिश' ब्रांड का नाम इस्तेमाल हुआ था।

इसके अलावा एक प्रमुख फुटवियर कंपनी ने भी कुछ प्लेटफॉर्म के नेमिंग राइट्स हासिल किए थे। रिपोर्ट के अनुसार, एक साल के अनुबंध से रेलवे को करीब एक करोड़ रुपये की नेट प्रॉफ़िट हुआ था। अब इस मॉडल को दोबारा आगे बढ़ाने की तैयारी है। 

यूपी में चार नए लिंक एक्सप्रेसवे का रास्ता साफ, इन जिलों को होगा सीधा फायदा, शिलान्यास की तैयारी तेज

Bagesh Yadav

Senior Executive - Editorial

आप जागरण जोश पर भारत, विश्व समाचार, खेल के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समसामयिक सामान्य ज्ञान, सूची, जीके हिंदी और क्विज प्राप्त कर सकते है. आप यहां से कर्रेंट अफेयर्स ऐप डाउनलोड करें.

Trending

Just Now

Result Updates