एशियन गेम्स 2026 में पुरुष क्रिकेट के फाइनल पर बारिश का साया मंडरा रहा है। यदि 3 अक्टूबर को होने वाला खिताबी मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो जाता है, तो इस बार किसी एक टीम को विजेता घोषित नहीं किया जाएगा। आयोजन समिति ने साफ कर दिया है कि ऐसी स्थिति में फाइनल खेलने वाली दोनों टीमों को संयुक्त रूप से गोल्ड मेडल दिया जाएगा।
फाइनल के लिए नहीं है कोई रिजर्व डे
एशियन गेम्स आयोजन समिति के अनुसार, मेंस क्रिकेट के फाइनल के लिए कोई रिजर्व डे नहीं रखा गया है। यानी तय दिन मुकाबला नहीं हो पाया तो अगले दिन मैच कराने का ऑप्शन नहीं होगा।
ऐसी स्थिति में दोनों फाइनलिस्ट को गोल्ड मेडल मिलेगा। वहीं, यदि कांस्य पदक का मुकाबला बारिश के कारण रद्द होता है, तो तीसरे स्थान के लिए खेलने वाली दोनों टीमों को कांस्य पदक दिया जाएगा।
यानी इस बार बारिश की वजह से मैच रद्द होने पर ICC रैंकिंग के आधार पर गोल्ड मेडल का फैसला नहीं किया जाएगा।
2023 में रैंकिंग के आधार पर मिला था भारत को गोल्ड
पिछले एशियन गेम्स यानी 2023 हांगझोउ संस्करण में भी बारिश ने मेंस क्रिकेट के फाइनल का रोमांच खत्म कर दिया था। भारत और अफगानिस्तान के बीच खिताबी मुकाबला पूरा नहीं हो सका था।
उस समय टूर्नामेंट के नियमों के तहत बेहतर रैंकिंग वाली टीम को विजेता घोषित किया गया था। भारत फाइनल में बेहतर रैंकिंग के साथ पहुंचा था, इसलिए उसे गोल्ड मेडल मिला था। लेकिन 2026 में नियम अलग हैं। इस बार फाइनल रद्द होने की स्थिति में दोनों टीमों को गोल्ड दिया जाएगा।
बारिश ने पहले ही बिगाड़ा क्रिकेट का कार्यक्रम
नागोया में पिछले कुछ दिनों से बारिश ने क्रिकेट मुकाबलों का मजा खराब किया है। भारत और अफगानिस्तान के बीच क्वार्टर फाइनल भी बारिश के कारण नहीं हो सका। भारत को अपनी बेहतर ICC T20I रैंकिंग के आधार पर सेमीफाइनल में जगह मिली।
अब भारत का सामना सेमीफाइनल में श्रीलंका से होगा, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान और बांग्लादेश आमने-सामने होंगे।
भारत की नजर गोल्ड पर
भारत ने एशियन गेम्स के लिए मजबूत टीम भेजी है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम में जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं। हालांकि बारिश के कारण भारतीय खिलाड़ियों को अब तक मैदान पर उतरने और अभ्यास करने का ज्यादा मौका नहीं मिला है। फाइनल 3 अक्टूबर को कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेला जाना है।
ऐसे में यदि फाइनल बारिश की भेंट चढ़ता है, तो इस बार एशियन गेम्स के मेंस क्रिकेट में दोनों फाइनलिस्ट एक साथ गोल्ड मेडल के हकदार होंगे।
