आपने दुनिया में अलग-अलग नदियों के बारे में पढ़ा और सुना होगा। इनमें कुछ नदियां अपने प्रवाह और पानी की मात्रा, दोनों के लिए जानी जाती हैं, जबकि कुछ नदियां बहुत छोटी हैं। भारत में कई प्रमुख नदियों की अपनी सहायक नदियां हैं। इसी प्रकार दुनिया में भी एक नदी ऐसी भी है, जिसे दुनिया की सबसे बड़ी सहायक नदी के रूप में जाना जाता है। क्या आप इस नदी के बारे में जानते हैं, यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।
दुनिया की सबसे बड़ी सहायक नदी
दुनिया की सबसे बड़ी सहायक नदी मडेरा नदी है। मडेरा नदी दक्षिण अमेरिका महाद्वीप में बहती है और यह दुनिया की सबसे बड़ी नदी अमेजन नदी की मुख्य सहायक नदी है। पानी के बड़े प्रवाह और लंबाई दोनों के हिसाब से इसे दुनिया की सबसे शक्तिशाली और बड़ी सहायक नदी का दर्जा प्राप्त है।
कितनी है मडेरा नदी की लंबाई
मडेरा नदी की कुल लंबाई लगभग 3,380 किलोमीटरहै। यह लंबाई कई इंडेपेंडेंट बहने वाली बड़ी नदियों से भी अधिक है। इस नदी का निर्माण बोलीविया और ब्राजील की सीमा पर मामोरे नदीऔर बेनी नदी के संगम से होता है। इसके बहाव की बात करें, तो यह यह मुख्य रूप से ब्राजील और बोलीविया के घने अमेजन वर्षावनों से होकर बहती है और आखिर में अमेजन नदी में जाकर मिल जाती है।
मडेरा नदी का रिकॉर्ड
मडेरा नदी केवल लंबाई में ही बड़ी नहीं है, बल्कि इसमें बहने वाले पानी की मात्रा इतनी अधिक है कि यह दुनिया की अधिकांश नदियों को पीछे छोड़ देती है। मडेरा नदी औसतन लगभग 31,200 घन मीटर प्रति सेकंडपानी अमेजन नदी में उड़ेलती है। ऐसे में इस अकेले सहायक नदी का जल प्रवाह अफ्रीका की सबसे बड़ी नदी कांगोके जल प्रवाह के लगभग बराबर है। वहीं, यह उत्तर अमेरिका की सबसे बड़ी मिसिसिपी नदी से तीन गुना अधिक पानी बहाती है।
मडेरा नदी का आर्थिक महत्त्व
यह ब्राजील और बोलीविया के अंदरूनी हिस्सों के लिए एक प्रमुख व्यापारिक जलमार्ग है, जिससे सोयाबीन, लकड़ी और अन्य संसाधनों का परिवहन होता है। मडेरा नदी बेसिन में पिराना, अमेजन रिवर डॉल्फिन और 900 से अधिक विभिन्न प्रजातियों की मछलियां पाई जाती हैं। ब्राजील ने इस नदी पर 'जिरौ' और 'सांतो अंतोनियो' जैसे बड़े हाइड्रोइलेक्ट्रिक डैम बनाए हैं, जो देश को स्वच्छ ऊर्जा प्रदान करते हैं।
