मिर्जापुर का वह चौराहा, जहां से तय होता है पूरे भारत का मानक समय
मिर्जापुर को पूर्वांचल का गढ़ कहा जाता है। उत्तर प्रदेश अपने आप में बहुत खास है, क्योंकि यहां अध्यात्म और विज्ञान, दोनों एक ही जगह पर है। इस लेख में हम मिर्जापुर के उस चौराहे के बारे में जानेंगे, जहां से पूरे भारत का प्रमाणिक समय तय होता है।
उत्तर प्रदेश देश का चौथा सबसे बड़ा राज्य है। यहां स्थित मिर्जापुर जिला पूर्वांचल का सबसे बड़ा गढ़ कहा जाता है। खास बात यह है कि इस जिले में एक चौराहा ऐसा भी है, जहां से पूरे भारत का प्रमाणिक समय तय होता है। इससे जुड़ी एक खास बात यह भी है कि इस जगह पर अध्यात्म और विज्ञान, दोनों ही मौजूद है। ऐसे में यह जिला अपने आप में और भी खास हो जाता है। कौन-सा है मिर्जापुर का चौराहा, जहां से तय होता है भारत का प्रमाणिक समय ? इस लेख में हम इस बारे में विस्तार से जानेंगे।
किस चौराहे से तय होता है समय
मिर्जापुर का अमरावती चौराहा, वह जगह है, जहां से भारत का प्रमाणिक समय तय होता है। यहां से गुजरने वाली 82.5 डिग्री देशांतर रेखा भारत के भूगोल के लिए बहुत ही महत्त्वपूर्ण हिस्सा मानी जाती है।
चौराहे से कैसे तय होता है समय
भारत का मानक समय दर्शाने वाली 82.5 डिग्री पूर्वी देशांतर रेखा ठीक इसी स्थान से होकर गुजरती है। पूरे भारत में उत्तर-पूर्व से लेकर पश्चिम तक, जो समय हमारी घड़ियों में दिखाई देता है, वह इसी चौराहे की भौगोलिक स्थिति के आधार पर तय किया जाता है।
गुजरात से अरूणाचल प्रदेश तक 2 घंटे का अंतर
यह बात हम सभी जानते हैं कि पृथ्वी अपनी धुरी पर पश्चिम से पूर्व की ओर घूमती है और 360 डिग्री का चक्कर लगाने में 24 घंटे लेती है। इसका मतलब है कि हर 1 डिग्री देशांतर खिसकने पर 4 मिनट का समय अंतर आ जाता है।
भारत का भौगोलिक विस्तार पश्चिम में गुजरात से लेकर पूर्व में अरुणाचल प्रदेश तक लगभग 30 डिग्री देशांतर में फैला है। इसका मतलब है कि गुजरात और अरुणाचल प्रदेश के स्थानीय सूर्योदय और सूर्यास्त के समय में लगभग 2 घंटे यानि कि 120 मिनट का अंतर होता है।
मानक समय न होने पर क्या होगा
यदि भारत में कोई एक मानक समय नहीं होगा, तो ट्रेनों की समय सारणी, टीवी प्रसारण, बैंकिंग और उड़ानों को चलाना मुश्किल हो जाएगा। यही वजह है कि देश को दो हिस्सों में बांटने के बजाय एक ऐसा केंद्रीय देशांतर चुनना था, जो पूरे भारत के ठीक बीचो-बीच से गुजरे। इसीलिए 82.5 डिग्री को चुना गया, जो ग्रीनविच मीन टाइम (GMT / UTC) से ठीक 5 घंटे 30 मिनट आगे (+5:30) है।
कितने राज्यों से गुजरती है देशांतर रेखा
82.5 डिग्री देशांतर रेखा भारत के 5 राज्यों से गुजरती है, जिनमें उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिसा और आंध्र प्रदेश शामिल है। यूपी में यह रेखा मिर्जापुर जिले के विंध्याचल में स्थित अमरावती चौराहे से होकर गुजरती है।
अमरावती चौराहे के पास एक ऐतिहासिक घंटाघर और सर्वेक्षण बोर्ड भी स्थित है, जिस पर आधिकारिक रूप से भारत की मानक समय रेखा दर्ज है। यहां की भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि जब दोपहर में सूर्य ठीक इस देशांतर रेखा के ऊपर होता है, तो पूरे देश में दोपहर के 12:00 बजे का मानक समय माना जाता है।
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.