ऋषभ पंत ने श्रीलंका में मचाया तहलका, एक छक्के से तोड़ा गिलक्रिस्ट का बड़ा रिकॉर्ड
IND vs SL Test Match: श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में ऋषभ पंत ने एक खास उपलब्धि हासिल करते हुए विदेशी जमीन पर 57 टेस्ट छक्के जड़ दिए है इस मामले में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट को पीछे छोड़ दिया।
IND vs SL Test Match: धाकड़ बल्लेबाज ऋषभ पंत की बल्लेबाजी में एक खास बात है कि वह छोटी पारी में भी ऐसा कुछ कर जाते हैं, जिसकी चर्चा लंबे समय तक होती है। श्रीलंका के खिलाफ गाले में खेले जा रहे पहले टेस्ट में पंत सिर्फ 39 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन उनकी इस पारी ने रिकॉर्ड बुक में बड़ा बदलाव कर दिया। पंत के बल्ले से निकला सिर्फ एक छक्का उन्हें ऑस्ट्रेलिया के महान विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट से आगे ले गया। बता दें कि भारत पहले टेस्ट में शतकवीर देवदत्त पडिक्कल और के एल राहुल की शानदार बल्लेबाजी के दम पर मजबूत स्थिति में है।
एक छक्का और गिलक्रिस्ट पीछे
पहली पारी में पंत ने 62 गेंदों का सामना किया और 4 चौकों के साथ एक छक्का लगाया। इसी छक्के के साथ उन्होंने विरोधी टीम के घर में टेस्ट क्रिकेट के सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में गिलक्रिस्ट को पीछे छोड़ दिया।
पंत के नाम अब विदेशी जमीन पर 57 टेस्ट छक्के हो गए हैं, जबकि गिलक्रिस्ट ने 56 छक्के लगाए हैं। इस मामले में इंग्लैंड के बेन स्टोक्स 69 छक्कों के साथ अभी भी सबसे आगे हैं।
विरोधी टीम के घर पर सबसे ज्यादा टेस्ट छक्के
मेजबान टीम के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक छक्के जड़ने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के बेन स्टोक्स के नाम दर्ज है-
-बेन स्टोक्स – 69
-ऋषभ पंत – 57
-एडम गिलक्रिस्ट – 56
-क्रिस गेल – 51
-जैक कैलिस – 45
अब 100 छक्कों के रिकॉर्ड का इंतजार
पंत के लिए असली बड़ी उपलब्धि अब ज्यादा दूर नहीं है। गॉल टेस्ट की पहली पारी में लगाए गए छक्के के साथ उनके टेस्ट करियर में कुल 98 छक्के हो गए हैं।
यानी 100 टेस्ट छक्कों का आंकड़ा छूने के लिए उन्हें सिर्फ दो छक्के और चाहिए। अगर पंत दूसरी पारी में ये दो छक्के लगा देते हैं, तो वह टेस्ट क्रिकेट के चुनिंदा बल्लेबाजों के क्लब में शामिल हो जाएंगे।
फिलहाल इस मामले में बेन स्टोक्स 138 छक्कों के साथ नंबर-1 हैं। ब्रेंडन मैक्कुलम 107 और एडम गिलक्रिस्ट 100 छक्कों के साथ उनके पीछे हैं। पंत 98 छक्कों के साथ चौथे स्थान पर हैं और टिम साउदी भी इतने ही छक्कों के साथ उनके बराबर हैं।
टेस्ट में खूब बोला है पंत का बल्ला
अगस्त 2018 में टेस्ट डेब्यू करने वाले पंत ने अब तक 51 टेस्ट मैच खेले हैं। 88 पारियों में उनके नाम 3,596 रन हैं और उनका बल्लेबाजी औसत 43.37 रहा है।
इस दौरान उन्होंने 8 शतक और 19 अर्धशतक लगाए हैं। खास बात यह है कि पंत सिर्फ रन बनाने के लिए नहीं जाने जाते, बल्कि अपने आक्रामक अंदाज से टेस्ट क्रिकेट का माहौल बदलने के लिए भी पहचाने जाते हैं।
अब गाले टेस्ट की दूसरी पारी में सबकी नजरें पंत पर रहेंगी। वजह साफ है कि क्या वह सिर्फ दो छक्के लगाकर टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के पूरे कर पाएंगे।
Bagesh Yadav is a journalist and current affairs analyst with over six years of experience in education journalism, national and international affairs, and digital media. He has contributed to India’s leading knowledge platforms, including Vision IAS and Only IAS, and currently serves in a senior editorial role at Jagranjosh.com, where he leads coverage across the Current Affairs and General Knowledge sections. His expertise spans breaking news, government policy analysis, world affairs, sports updates, science and technology, and visually engaging infographics. Known for his commitment to factual accuracy, editorial integrity, and audience-first storytelling, Bagesh delivers well-researched, accessible, and impactful journalism that serves millions of students, competitive exam aspirants, and informed readers across India.