Asian Games 2026: कौन है नीरू ढांडा जिन्होंने शॉटगन ट्रैप शूटिंग इवेंट में गोल्ड जीतकर रचा इतिहास

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय शूटर नीरू ढांडा ने महिलाओं की ट्रैप स्पर्धा का गोल्ड मेडल अपने नाम करते हुए इतिहास रच दिया है। आइची प्रीफेक्चरल जनरल शूटिंग गैलरी में उन्होंने 30 में से 28 टारगेट पर निशाना साधा और सिर्फ दो बार ही चूकीं। 

Sep 29, 2026, 16:49 IST
शॉटगन में भारत की पहली महिला एशियन गेम्स चैंपियन
शॉटगन में भारत की पहली महिला एशियन गेम्स चैंपियन

भारतीय निशानेबाजी में मंगलवार को एक और सुनहरा अध्याय जुड़ गया है। 26 साल की नीरू ढांडा ने एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं की ट्रैप स्पर्धा का गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। खास बात यह रही कि नीरू ने यह जीत सिर्फ गोल्ड के साथ नहीं, बल्कि नए एशियन रिकॉर्ड के साथ हासिल की। दिलचस्प बात यह है कि व्यक्तिगत मुकाबले से कुछ घंटे पहले ही वह भारतीय टीम के साथ सिल्वर मेडल भी जीत चुकी थीं।

30 में से 28 निशाने लगाए

आइची प्रीफेक्चरल जनरल शूटिंग गैलरी में हुए फाइनल में नीरू ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 30 में से 28 टारगेट पर निशाना साधा और सिर्फ दो बार ही चूकीं।

उनके 28 पॉइंट्स ने उन्हें चीन की सुन युनोंग से दो पॉइंट की लीड दिला दी। सुन युनोंग को सिल्वर मेडल मिला, जबकि कुवैत की हाजर अब्दुलमलिक ने 21 पॉइंट्स के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता। नीरू का यह प्रदर्शन इसलिए भी खास रहा क्योंकि उन्होंने महिलाओं की ट्रैप स्पर्धा का 24 अंक का पिछला एशियन रिकॉर्ड तोड़ दिया।

शॉटगन में भारत की पहली महिला एशियन गेम्स चैंपियन

नीरू की इस जीत ने भारतीय निशानेबाजी के इतिहास में उनका नाम दर्ज कर दिया है। वह एशियन गेम्स में किसी भी शॉटगन स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं।

इसके साथ ही वह एशियन गेम्स में महिलाओं की ट्रैप स्पर्धा में भारत की पहली व्यक्तिगत पदक विजेता भी बनीं। इस स्पर्धा को एशियन गेम्स में पहली बार 1990 के बीजिंग संस्करण में शामिल किया गया था।

कौन हैं नीरू ढांडा?

नीरू ढांडा का नाम पिछले कुछ समय में भारतीय शूटिंग में तेजी से उभरा है। वह मुख्य रूप से ट्रैप इवेंट में हिस्सा लेती हैं और लगातार बड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। 

साल 2022 में ओसिजेक में हुई ISSF वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत की ओर से उतरने के बाद उन्होंने इंटरनेशनल लेवल पर अपनी पहचान बनानी शुरू की। इसके बाद वह ISSF सर्किट पर कई बार फाइनल तक पहुंच चुकी हैं।

2026 में पहले भी कर चुकी हैं कमाल

एशियन गेम्स का गोल्ड नीरू के लिए 2026 की एक और बड़ी उपलब्धि है। इसी साल इटली के लोनाटो में हुए ISSF शॉटगन वर्ल्ड कप में उन्होंने महिलाओं की ट्रैप स्पर्धा का व्यक्तिगत गोल्ड जीता था।

इस जीत के साथ वह महिलाओं की ट्रैप में व्यक्तिगत ISSF वर्ल्ड कप गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनी थीं। यह वर्ल्ड कप में उनका पहला व्यक्तिगत मेडल था। इसके बाद कजाकिस्तान के अल्माटी में हुए ISSF वर्ल्ड कप में भी नीरू ने ट्रैप मिक्स्ड टीम स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीता।

2025 में भी जीता था एशियन गोल्ड

नीरू के नाम एशियन स्तर पर भी बड़ी उपलब्धि पहले से दर्ज है। उन्होंने 2025 में एशियन शूटिंग चैंपियनशिप की महिलाओं की ट्रैप स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता था।

ICC World Cup 2027: इस तारीख को आएगा शेड्यूल, किसकी जगह पक्की? वर्ल्ड कप से पहले भारत के कितने मैच

 
Bagesh Yadav

Senior Executive - Editorial

आप जागरण जोश पर भारत, विश्व समाचार, खेल के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समसामयिक सामान्य ज्ञान, सूची, जीके हिंदी और क्विज प्राप्त कर सकते है. आप यहां से कर्रेंट अफेयर्स ऐप डाउनलोड करें.

Trending

Just Now

Result Updates