मध्य प्रदेश की उदयगिरि गुफाएं, चंबल घाटी के मंदिरों और गिन्नौरगढ़ किले के साथ महात्मा गांधी के सत्याग्रह से जुड़े भारत और दक्षिण अफ्रीका के ऐतिहासिक स्थलों को यूनेस्को (UNESCO) की वर्ल्ड हेरिटेज टेंटेटिव लिस्ट में शामिल किया गया है। इन पांच नए नामों के जुड़ने के बाद भारत की टेंटेटिव लिस्ट में अब कुल 78 स्थल हो गए हैं।
कौन-कौन से 5 स्थल हुए शामिल?
UNESCO की टेंटेटिव लिस्ट में शामिल किए गए नए नाम इस प्रकार है-
-बाघ गुफा चित्रकारी
-चंबल घाटी के मंदिर समूह, बटेश्वर
-उदयगिरि गुफाएं
-गिन्नौरगढ़ किला
-सत्याग्रह साइट (भारत और दक्षिण अफ्रीका के ऐतिहासिक स्थल)
टेंटेटिव लिस्ट में किसी स्थल का शामिल होना यह नहीं बताता कि उसे अभी वर्ल्ड हेरिटेज साइट का दर्जा मिल गया है। यह उस दिशा में आगे बढ़ने का शुरुआती और महत्वपूर्ण फेज में है।
उदयगिरि गुफाएं: गुप्तकाल की अनमोल निशानी
मध्य प्रदेश की उदयगिरि पहाड़ी अपने प्राचीन शैल-कट मंदिरों और मूर्तियों के लिए जानी जाती है। यहां करीब 20 गुफाएं हैं, जिनमें मूर्तिकला पैनल, शिलालेख और प्राचीन चट्टानी कलाकृत देखने को मिलती हैं।
इन गुफाओं को विकास मुख्य रूप से चौथी और पांचवीं शताब्दी के दौरान गुप्तकालीन संरक्षण में हुआ। यही कारण है कि उदयगिरि केवल गुफाओं का ग्रुप नहीं, बल्कि उस दौर की धार्मिक और कलात्मक परंपराओं को समझने का महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है।
बाघ गुफाएं भी लिस्ट में शामिल
मध्य प्रदेश की बाघ गुफाएं बौद्ध विरासत से जुड़ी हुई हैं। विंध्य पर्वतमाला की दक्षिणी ढलान पर बाघनी नदी के किनारे स्थित इन गुफाओं का समूह कुल नौ शैल-कट गुफाओं से बना है। इसी वजह से इन गुफाओं की बनावट और यहां की चित्रकारी को एक अलग पहचान मिली है।
चंबल घाटी के मंदिर और गिन्नौरगढ़ किला भी लिस्ट में
नई लिस्ट में बटेश्वर, पदावली और ककर्मठ के मंदिरों को मिलाकर चंबल घाटी के मंदिर समूह को शामिल किया गया है। ये मंदिर मध्य भारत की प्राचीन स्थापत्य परंपरा की महत्वपूर्ण झलक देते हैं।
वहीं, गिन्नौरगढ़ किला भी इस सूची का हिस्सा बना है। यह किला मध्य भारत के पूर्ववर्ती गोंड शासकों के इतिहास से जुड़ा हुआ है।
गांधी के सत्याग्रह की यात्रा भी हुई शामिल
इन पांच नए नामों में सबसे खास है सत्याग्रह के यात्रा स्थल। यह भारत और दक्षिण अफ्रीका की संयुक्त यानी Transnational Nomination है। इस प्रस्ताव में कुल 9 ऐतिहासिक स्थल शामिल हैं। इनमें दो दक्षिण अफ्रीका में और सात भारत में हैं। इन सभी स्थानों को महात्मा गांधी के सत्याग्रह से जोड़ा गया है।
दक्षिण अफ्रीका के दो प्लेस
-पीटरमैरिट्जबर्ग रेलवे स्टेशन
-फीनिक्स सेटलमेंट
भारत के सात स्थान
-महात्मा गांधी सत्याग्रह स्मारक
-साबरमती आश्रम
-मणि भवन
-हरिजन सेवक संघ परिसर
-सेवाग्राम आश्रम
-आगा खान पैलेस
-गांधी स्मृति
टेंटेटिव लिस्ट में शामिल होने का क्या है मतलब?
किसी ऐतिहासिक या सांस्कृतिक स्थल के लिए UNESCO की टेंटेटिव लिस्ट में जगह बनाना वर्ल्ड हेरिटेज साइट बनने की प्रक्रिया का अहम फेज है। इसके बाद स्थान के डिटेल नामांकन और मूल्यांकन की प्रक्रिया आगे बढ़ती है।
