यदि आप हर महीने मोबाइल रिचार्ज कराते हैं, तो आपने शायद इस बात पर कभी ध्यान नहीं दिया होगा कि 28 दिन की वेलिडीटी वाला प्लान साल भर में आपसे एक अतिरिक्त रिचार्ज करा देता है। साल में भले ही 12 महीने हों, लेकिन 28 दिन के हिसाब से चलने वाले रिचार्ज के कारण 365 दिनों की सर्विस के लिए कई बार 13 बार रिचार्ज करना पड़ता है।
अब भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) के नए नियमों से मोबाइल रिचार्ज का यह गणित बदल सकता है। खास बात यह है कि इसका फायदा सिर्फ लंबी वलिडिटी वाले प्लान लेने वालों को ही नहीं, बल्कि उन ग्राहकों को भी मिल सकता है जिन्हें मोबाइल डेटा की जरूरत नहीं होती।
कितना बदलेगा मोबाइल खर्च?
इसे एक आसान उदाहरण से समझते है, मान लीजिए आप 300 रुपये का रिचार्ज कराते हैं और इसकी वैधता 28 दिन है। 365 दिनों में आपको ऐसे करीब 13 रिचार्ज कराने पड़ सकते हैं। यानी साल भर में आपका खर्च करीब 3900 रुपये हो जाता है।
अब यही रिचार्ज 300 रुपये में 30 दिन की वैधता के साथ मिल जाए, तो साल में 12 रिचार्ज से काम चल सकता है। ऐसे में आपका कुल सालाना खर्च 3600 रुपये रहेगा। यानी सिर्फ वेलिडीटी में दो दिन बढ़ने से सालाना 300 रुपये की बचत हो सकती है। यह मौजूदा उदाहरण में करीब 7.7 फीसदी की कमी है।
250 रुपये वाले प्लान का भी समझिए गणित
मान लीजिए आपका रिचार्ज 250 रुपये का है। 28 दिन की वेलिडीटी (वैधता) होने पर साल में 13 रिचार्ज कराने पड़ सकते हैं और कुल खर्च 3,250 रुपये तक पहुंच सकता है।
वहीं, यदि यही प्लान 30 दिन की वेलिडीटी के साथ मिलता है, तो 12 रिचार्ज में साल भर की जरूरत पूरी हो सकती है। ऐसे में खर्च घटकर 3,000 रुपये रह जाएगा, यानी यहां भी बचत हो सकती है।
TRAI के नए नियम में क्या बदला है?
TRAI ने टेलीकॉम कंज्यूमर प्रोटेक्शन (तेरहवां संशोधन) रेगुलेशंस, 2026 के तहत टेलीकॉम टैरिफ से जुड़े नियमों में बदलाव किया है।
नए प्रावधानों के तहत टेलीकॉम कंपनियों को केवल वॉइस और SMS की जरूरत वाले ग्राहकों के लिए स्पेशल टैरिफ वाउचर उपलब्ध कराने होंगे। इन प्लान्स की वैधता डेटा बंडल वाले संबंधित प्लान्स के अनुरूप रखी जाएगी।
इसके अलावा, जिन ग्राहकों को मोबाइल डेटा की जरूरत नहीं है, उनके लिए टैरिफ में आनुपातिक कटौती का भी प्रावधान किया गया है।
जिन्हे मोबाइल डेटा जरूरी नहीं, उन्हें राहत
हर मोबाइल यूजर को रोजाना मोबाइल डेटा की जरूरत नहीं होती। बहुत से लोग घर, ऑफिस या कॉलेज में Wi-Fi का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे ग्राहकों को मोबाइल रिचार्ज में मिलने वाला डेटा कई बार उपयोग ही नहीं होता।
साल में एक रिचार्ज कम, तो बचत कितनी?
यदि कंपनियां 30 दिन की वैधता वाले प्लान को मौजूदा कीमतों पर उपलब्ध कराती हैं, तो 28 दिन के मुकाबले साल में एक अतिरिक्त रिचार्ज की जरूरत खत्म हो सकती है।
