UP Rajyasabha Election Date: चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की एक राज्यसभा सीट के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इन सभी सीटों पर 16 अक्टूबर को मतदान होगा। इसी दिन पश्चिम बंगाल की एक खाली राज्यसभा सीट के लिए भी उपचुनाव कराया जाएगा।
उत्तर प्रदेश में होने वाला चुनाव खास तौर पर महत्वपूर्ण है, क्योंकि देश के सबसे बड़े राज्य की विधानसभा में विधायकों की संख्या राज्यसभा के चुनावी गणित में अहम भूमिका निभाती है। ऐसे में आने वाले दिनों में बीजेपी, समाजवादी पार्टी और उनके सहयोगी दलों की रणनीति पर नजर रहेगी।
25 नवंबर को खत्म हो रहा है कई सांसदों का कार्यकाल
उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के नौ सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर को पूरा हो रहा है। इनमें केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा, समाजवादी पार्टी के राम गोपाल यादव और बहुजन समाज पार्टी के रामजी गौतम समेत कई सांसद शामिल हैं इसके अलावा उत्तराखंड से बीजेपी सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल भी 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है।
वहीं, उत्तर प्रदेश की एक राज्यसभा सीट पहले से खाली है। बीजेपी सांसद दिनेश शर्मा ने 11 सितंबर को इस्तीफा दिया था, जिसके बाद यह सीट रिक्त हुई।
16 अक्टूबर को वोटिंग, 29 सितंबर से नामांकन
चुनाव आयोग के कार्यक्रम पर नजर डाले तो राज्यसभा चुनाव के लिए 29 सितंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 9 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
बता दें कि 16 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी।
यूपी में किसके पास कितना समर्थन?
403 सदस्यीय उत्तर प्रदेश विधानसभा में बीजेपी के पास 256 विधायक हैं, जबकि समाजवादी पार्टी के पास 101 विधायक हैं। इसके अलावा बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA में शामिल सहयोगी दलों के विधायक भी विधानसभा में हैं।
राज्यसभा चुनाव में विधायक वोट डालते हैं। यूपी की प्रत्येक राज्यसभा सीट के लिए करीब 36 विधायकों के समर्थन की जरूरत होगी। इसलिए इस चुनाव में विधानसभा का मौजूदा आंकड़ा काफी मायने रखता है।
बीजेपी की स्थिति मजबूत
मौजूदा संख्या के आधार पर बीजेपी और उसके सहयोगियों की स्थिति मजबूत है, जबकि समाजवादी पार्टी भी अपनी मौजूदा सीट बचाने के साथ अतिरिक्त सीट के लिए दावेदारी कर सकती है। अंतिम तस्वीर उम्मीदवारों के नाम और चुनाव के दौरान दलों के समर्थन पर निर्भर करेगी।
बंगाल की खाली सीट पर भी उपचुनाव
पश्चिम बंगाल में राज्यसभा की एक खाली सीट के लिए भी 16 अक्टूबर को उपचुनाव होगा। यह सीट तृणमूल कांग्रेस सांसद के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई है। इस सीट के लिए भी नामांकन प्रक्रिया 29 सितंबर से शुरू होगी।
28 MLC सीटों पर भी चुनाव
चुनाव आयोग ने राज्यसभा चुनाव के साथ चार राज्यों की विधान परिषद (MLC) की 28 सीटों के लिए भी चुनाव कार्यक्रम जारी किया है। इनमें उत्तर प्रदेश की 11, बिहार की 8, महाराष्ट्र की 5 और कर्नाटक की 4 एमएलसी सीटें शामिल हैं। इन सीटों के लिए नामांकन 29 सितंबर से शुरू होगा, जबकि 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा।
