इस शहर में होगा 19वां प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन, PM मोदी करेंगे उद्घाटन, जानें तारीख और डिटेल्स
Pravasi Bharatiya Diwas 2027: प्रवासी भारतीय दिवस 2027 का 19वां सम्मेलन 7 से 9 जनवरी तक कोलकाता में होगा। सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तक शामिल होंगे।
Pravasi Bharatiya Diwas 2027: विदेशों में रहते हुए भी देश की तरक्की में योगदान देने वाले भारतीयों को सम्मान देने और उनसे जुड़ाव मजबूत करने के लिए हर साल प्रवासी भारतीय दिवस मनाया जाता है। इसी कड़ी में अब 19वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन की तारीख और जगह का ऐलान हो गया है।
साल 2027 में यह खास आयोजन पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में होगा। सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तक शामिल होंगे। आइए जानते हैं इस आयोजन से जुड़ी जरूरी बातें।
कोलकाता में होगा सम्मेलन
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, 19वां प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन 7, 8 और 9 जनवरी 2027 को कोलकाता में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम को विदेश मंत्रालय और पश्चिम बंगाल सरकार मिलकर आयोजित करेंगे।
सम्मेलन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समापन सत्र की अध्यक्षता करेंगी। इस दौरान वह प्रवासी भारतीय सम्मान पुरस्कार भी प्रदान करेंगी। कार्यक्रम में युवाओं की भागीदारी को ध्यान में रखते हुए यूथ प्रवासी भारतीय दिवस (Youth PBD) का विशेष सत्र भी रखा जाएगा।
दुनिया भर से जुटेंगे भारतीय मूल के लोग
इस सम्मेलन में दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले भारतीय प्रवासी एक मंच पर जुटेंगे। इसमें युवा प्रवासी नेता, उद्यमी, कारोबारी, पेशेवर, शिक्षाविद और इनोवेटर्स समेत कई क्षेत्रों से जुड़े लोग हिस्सा लेंगे।
इस आयोजन का उद्देश्य केवल प्रवासी भारतीयों को एक जगह एकत्र करना नहीं है, बल्कि भारत के साथ उनके रिश्तों को और मजबूत बनाना भी है। इसके माध्यम से विदेशों में रहकर भारत का नाम रोशन करने वाले लोगों के योगदान को पहचान मिलेगी।
9 जनवरी को ही क्यों मनाया जाता है?
प्रवासी भारतीय दिवस मनाने के लिए 9 जनवरी की तारीख खास वजह से चुनी गई है। दरअसल, महात्मा गांधी 9 जनवरी 1915 को दक्षिण अफ्रीका से भारत लौटे थे। विदेश से उनकी वापसी को भारतीय इतिहास की एक महत्वपूर्ण घटना माना जाता है।
इसी ऐतिहासिक दिन की याद में प्रवासी भारतीय दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य विदेशों में बसे भारतीय के योगदान को सम्मान देना और उनके साथ देश के सामाजिक, आर्थिक व सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करना है।
भुवनेश्वर में हुआ था पिछला सम्मेलन
19वें सम्मेलन से पहले 18वां प्रवासी भारतीय दिवस 8 से 10 जनवरी 2025 तक ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित किया गया था। उस सम्मेलन की थीम ‘विकसित भारत में प्रवासी भारतीयों का योगदान’ (Diaspora’s Contribution to a Viksit Bharat) थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 जनवरी 2025 को इसका उद्घाटन किया था। वहीं, त्रिनिदाद और टोबैगो की राष्ट्रपति क्रिस्टीन कार्ला कंगलू मुख्य अतिथि के तौर पर वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुई थीं।
रजिस्ट्रेशन और कार्यक्रम की जानकारी कब मिलेगी?
कोलकाता में होने वाले 19वें सम्मेलन के लिए रजिस्ट्रेशन, कार्यक्रम और अन्य जरूरी जानकारियां आने वाले समय में शेयर की जाएंगी। फिलहाल, किसी भी तरह की शुरुआती जानकारी या पूछताछ के लिए संबंधित भारतीय दूतावास या वाणिज्य दूतावास से संपर्क किया जा सकता है।
8th Pay Commission: सैलरी बढ़ने का इंतजार पड़ सकता है भारी! देरी से कर्मचारियों को कितना होगा नुकसान?
Bagesh Yadav is a journalist and current affairs analyst with over six years of experience in education journalism, national and international affairs, and digital media. He has contributed to India’s leading knowledge platforms, including Vision IAS and Only IAS, and currently serves in a senior editorial role at Jagranjosh.com, where he leads coverage across the Current Affairs and General Knowledge sections. His expertise spans breaking news, government policy analysis, world affairs, sports updates, science and technology, and visually engaging infographics. Known for his commitment to factual accuracy, editorial integrity, and audience-first storytelling, Bagesh delivers well-researched, accessible, and impactful journalism that serves millions of students, competitive exam aspirants, and informed readers across India.