Baal Aadhaar Update: यदि आपके घर में 5 साल से बड़ा बच्चा है और उसका ‘आधार’ (Aadhaar) अभी तक अपडेट नहीं हुआ है, तो यह खबर आपके काम की है। बच्चे का आधार बनवाने के बाद उसे हमेशा वैसा ही छोड़ देना सही नहीं है। उम्र बढ़ने के साथ बच्चे के फिंगरप्रिंट, आईरिस और फोटो का बायोमेट्रिक अपडेट कराना जरूरी होता है। UIDAI ने भी ऐसे बच्चों के माता-पिता को समय पर Mandatory Biometric Update (MBU) कराने की सलाह दी जाती रहती है।
5 साल की उम्र में पहला अपडेट जरूरी
पांच साल से कम उम्र के बच्चों का आधार बनाते समय फिंगरप्रिंट और आईरिस स्कैन नहीं लिया जाता। इसकी वजह यह है कि इतनी कम उम्र में बच्चे का बायोमेट्रिक डेटा पूरी तरह विकसित नहीं होता।
लेकिन जैसे ही बच्चा 5 साल का होता है, उसका पहला Mandatory Biometric Update (MBU) कराना जरूरी हो जाता है। इसमें बच्चे की नई फोटो, 10 उंगलियों के फिंगरप्रिंट और आईरिस स्कैन अपडेट किए जाते हैं।
5 से 7 साल के बीच अपडेट कराया तो फीस नहीं
अभिभावकों के लिए अच्छी बात यह है कि अगर बच्चे का पहला MBU 5 से 7 साल की उम्र के बीच करा दिया जाता है, तो यह मुफ्त है।
लेकिन यदि बच्चा 7 साल का हो गया और अभी तक बायोमेट्रिक अपडेट नहीं कराया, तो निर्धारित नियमों के अनुसार 100 रुपये फीस देनी पड़ सकती है।
UIDAI ऐसे बच्चों के Aadhaar से जुड़े मोबाइल नंबर पर SMS भेजकर भी MBU पूरा कराने की जानकारी देता रहता है।
7 साल के बाद भी अपडेट नहीं कराया तो
इस अपडेट को लंबे समय तक टालना भारी पड़ सकता है। मौजूदा नियमों के तहत अगर बच्चे का MBU समय पर नहीं कराया जाता है, तो उसका आधार डीएक्टिवेट किया जा सकता है। इसलिए अगर आपके बच्चे की उम्र 5 साल या उससे ज्यादा हो चुकी है, तो Aadhaar का स्टेटस एक बार जरूर चेक कर लें।
आखिर क्या है ‘बाल Aadhaar’?
पांच साल से कम उम्र के बच्चों के लिए बनाए जाने वाले आधार को आमतौर पर बाल Aadhaar कहा जाता है। इसमें बच्चे का नाम, फोटो, जन्मतिथि, लिंग और पता जैसी जानकारी दर्ज होती है। इस उम्र में बच्चे के फिंगरप्रिंट और आईरिस स्कैन नहीं लिए जाते, जिस कारण से 5 साल की उम्र के बाद बायोमेट्रिक अपडेट जरूरी हो जाता है।
बाल Aadhaar को अपडेट कैसे कराएं?
इसके लिए माता-पिता या अभिभावक बच्चे को लेकर नजदीकी आधार सेवा केंद्र (Aadhaar Seva Kendra) या अधिकृत Aadhaar केंद्र जा सकते हैं, और यहां बताये गए स्टेप फॉलो कर सकते है।
-बच्चे का Aadhaar और जरूरी दस्तावेज लेकर जाएं।
-Mandatory Biometric Update के लिए फॉर्म भरें।
-बच्चे की नई फोटो, फिंगरप्रिंट और आईरिस स्कैन करवाएं।
-स्क्रीन पर दिखाई गई डिटेल्स ध्यान से चेक करें।
-अंत में मिलने वाली acknowledgement slip संभालकर रखें।
30 सितंबर के बाद देना पड़ सकता है चार्ज
बताते चलें कि देशभर के आधार केंद्रों पर बच्चों का जरूरी बायोमेट्रिक अपडेट 30 सितंबर तक मुफ्त कराया जा सकता है। इसके बाद यह सुविधा आगे भी निशुल्क जारी रहेगी या नहीं, इस पर फैसला लिया जाएगा। अगर फ्री सर्विस की अवधि नहीं बढ़ाई गई, तो अभिभावकों को बच्चे का बायोमेट्रिक अपडेट कराने के लिए शुल्क देना पड़ सकता है।
अभिभावक इन बातों का रखें ध्यान
आधार का यह अपडेट सिर्फ एक औपचारिकता नहीं है। बच्चे की उम्र बढ़ने के साथ उसके बायोमेट्रिक डेटा में बदलाव आता है, इसलिए समय पर अपडेट कराना जरूरी है। इससे आगे स्कूल एडमिशन, परीक्षा, स्कॉलरशिप और जहां लागू हो वहां सरकारी योजनाओं जैसी सेवाओं में Aadhaar के इस्तेमाल के दौरान परेशानी कम हो सकती है।
