भारतीय रेलवे का सबसे बड़ा कारखाना, 128 साल पहले हुई थी शुरुआत
भारतीय रेलवे को देश की लाइफलाइन कहा जाता है। देश के अलग-अलग शहरों में रेलवे के अलग-अलग कारखाने हैं। इस कड़ी में क्या आप जानते हैं कि रेलवे का सबसे बड़ा कारखाना कौन-सा है, यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।
भारतीय रेलवे देश की लाइफलाइन है। प्रतिदिन करोड़ों यात्री ट्रेन के माध्यम से अपनी मंजिलों तक सफर पूरा करते हैं। इसके लिए रेलवे में करीब 17000 लोकोमोटिव और 74,000 से अधिक यात्री कोच हैं। इनके निर्माण और रखरखाव के लिए रेलवे के पास अपने बड़े कारखाने हैं। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि रेलवे का सबसे बड़ा कारखाना कौन-सा है, यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।
भारतीय रेलवे का सबसे बड़ा कारखाना
भारतीय रेलवे का सबसे बड़ा कारखाना पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले में स्थित खड़गपुर रेलवे वर्कशॉप है। दक्षिण पूर्व रेलवे के अंतर्गत आने वाली यह वर्कशॉप न केवल भारत की, बल्कि एशिया की सबसे बड़ी रेलवे मरम्मत और रखरखाव वर्कशॉप्स में से एक है।
क्या है रेलवे वर्कशॉप का इतिहास
खड़गपुर रेलवे वर्कशॉप की स्थापना वर्ष 1898 में बंगाल नागपुर रेलवे (BNR) द्वारा की गई थी। इस कारखाने ने 1898 में काम करना शुरू किया और 1903 तक यह पूरी तरह से एक बड़े रिपेयर हब के रूप में विकसित हो गया। शुरुआत में यहां केवल भाप इंजनों और लकड़ी के डिब्बों का रखरखाव होता था, लेकिन समय के साथ इसका आधुनिकीकरण किया गया।
कितना बड़ा है कारखाना
यह वर्कशॉप लगभग 153 एकड़ यानि 6,19,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में फैली हुई है। इसके परिसर के अंदर 30 से अधिक विभिन्न विभाग और दुकानें स्थित हैं, जहां इंजनों, यात्री कोच और मालगाड़ी के डिब्बों की मरम्मत का काम एक साथ होता है।
कारखाने का मुख्य कार्य और क्षमता
यहां डीजल लोकोमोटिव, इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव, पैसेंजर कोच और मालगाड़ियों के डिब्बों की पीरियोडिक ओवरहॉलिंग की जाती है। यह भारतीय रेलवे का एकमात्र ऐसा कारखाना है, जहां एक ही परिसर के भीतर डीजल इंजन, इलेक्ट्रिक इंजन, डीईएमयू (DEMU) ट्रेनें, एलएचबी (LHB) कोच और मालगाड़ी के वैगनों का मेंटेनेंस एक साथ करने की आधुनिक सुविधा मौजूद है। यहां रेलवे ट्रैक के कंपोनेंट्स्, इंजनों के भारी पुर्जों और पहियों का बड़े पैमाने पर उत्पादन और रखरखाव होता है।
निर्माण इकाइयों में सबसे बड़ी फैक्ट्री
जहां वर्कशॉप के मामले में खड़गपुर सबसे बड़ा कारखाना है, वहीं अगर नया रेल डिब्बा बनाने वाली उत्पादन इकाइयों की बात करें, तो तमिलनाडु के चेन्नई में स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री, चेन्नईदुनिया की सबसे बड़ी रेल कोच निर्माता फैक्ट्री है। ICF चेन्नई में ही भारत की हाई-स्पीड ट्रेन 'वंदे भारत एक्सप्रेस' का निर्माण किया गया है।
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.