Punjab Voter List 2026: पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले वोटर लिस्ट को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। चुनाव आयोग की विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य की फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है। पंजाब की 117 विधानसभा सीटों पर अब कुल 2,01,00,727 मतदाता वोट डालने के पात्र हैं। पुनरीक्षण से पहले यह संख्या 2,14,61,043 थी। यानी फाइनल लिस्ट में पहले के मुकाबले 13.6 लाख से ज्यादा मतदाता कम हो गए हैं। ऐसे में यदि आप भी पंजाब के मतदाता हैं, तो यह जानना जरूरी है कि आपका नाम नई लिस्ट में शामिल है या नहीं।
पंजाब की फाइनल लिस्ट में कितने वोटर?
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के अनुसार, सोमवार को जारी फाइनल वोटर लिस्ट में कुल 2,01,00,727 मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। पुनरीक्षण से पहले की लिस्ट की तुलना में मतदाताओं की संख्या में 6.33 प्रतिशत की कमी आई है।
हालांकि, 13 अगस्त को जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट के मुकाबले फाइनल लिस्ट में मतदाताओं की संख्या बढ़ी है। ड्राफ्ट लिस्ट में 1,93,94,435 मतदाता दर्ज थे, जबकि फाइनल लिस्ट में यह आंकड़ा बढ़कर 2.01 करोड़ से अधिक हो गया है। इस दौरान कुल 7,97,263 नए मतदाताओं को लिस्ट में शामिल किया गया।
SIR प्रक्रिया में किन नामों की हुई जांच?
भारत निर्वाचन आयोग ने 14 मई को पंजाब में वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण का निर्देश दिया था। राज्य में यह प्रक्रिया 25 जून से शुरू हुई थी। इसका उद्देश्य वोटर लिस्ट को अपडेट करना और मृत मतदाताओं, स्थायी रूप से दूसरी जगह जा चुके लोगों, अनुपस्थित मतदाताओं तथा डुप्लीकेट प्रविष्टियों की पहचान करना था।
दावों और आपत्तियों की प्रक्रिया 13 अगस्त से 12 सितंबर तक चली। वहीं, नोटिस जारी करने और उनके निस्तारण का काम 13 अगस्त से 8 अक्टूबर तक किया गया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा के कार्यालय के अनुसार, इस दौरान 35,49,036 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए। जांच के बाद इनमें से 86,038 मतदाताओं को अपात्र चिह्नित किया गया।
Punjab Voter List 2026: ऐसे चेक करें अपना नाम
यदि आप जानना चाहते हैं कि आपका नाम पंजाब की फाइनल वोटर लिस्ट में है या नहीं, तो नीचे दिए गए स्टेप्स फॉलो कर सकते हैं।
1. पूरी वोटर लिस्ट डाउनलोड करें: चुनाव आयोग के ECI Citizen Service Portal पर जाएं। पंजाब, अपना जिला, विधानसभा क्षेत्र और भाषा चुनें। इसके बाद कैप्चा भरकर उपलब्ध वोटर लिस्ट की PDF डाउनलोड करें।
2. नाम ऑनलाइन सर्च करें: ECI Electoral Search Portal पर जाकर अपना EPIC यानी वोटर ID नंबर दर्ज कर, अपना नाम देख सकते हैं।
3. पंजाब CEO पोर्टल: आप मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भी वोटर लिस्ट और उससे संबंधित अपडेट देख सकते हैं।
2027 में होने हैं पंजाब विधानसभा चुनाव
पंजाब में 117 विधानसभा सीटों के लिए अगला विधानसभा चुनाव 2027 में होने की उम्मीद है। ऐसे में फाइनल वोटर लिस्ट का सामने आना चुनावी तैयारियों की दिशा में अहम कदम है।
