प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले के प्राचीर से देश को संबोधित किया। उन्होंने अपने भाषण में विकसित भारत 2047 का संकल्प दोहराते हुए कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने नई रफ्तार पकड़ी है और अब 140 करोड़ देशवासियों के संकल्प और सामर्थ्य को रोकना नामुमकिन है।
मोदी ने अपने भाषण में कहा कि भारत को अब छोटे सपनों के साथ आगे बढ़ने के बजाय बड़े सपने और ऊंचे संकल्प लेने होंगे। उन्होंने कहा कि बड़े सपने सोच का विस्तार करते हैं और मजबूत संकल्प होने की वजह से कठिनाइयों और आपदा की स्थिति में इसके बीच से रास्ता निकलने का सामर्थ्य अपने आप आ जाता है। उन्होंने कहा कि पहले भारत की गिनती ‘5 फ्रैजाइल देशों’ में होती थी, लेकिन अब भारत की दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है।
पीएम मोदी के भाषण की 10 बड़ी बातें
-पीएम मोदी ने कहा कि महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देना समय की मांग है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से इसका समर्थन करने की अपील की।
-छात्रों के लिए उन्होंने कहा कि कोचिंग कक्षाएं गरीब व मध्यम वर्ग के लिए बोझ है। सरकार नि:शुल्क ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराएगी।
-पहले देश की गिनती टॉप 5 फ्रैजाइल देशों में होती थी, लेकिन अब देश तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था में बदल गया है।
-मोदी ने कहा कि हथियारबंद नक्सली खत्म हो गए हैं, लेकिन ‘बौद्धिक नक्सली’ अभी भी सक्रिय है। उन्होंने कहा कि समाज को ‘दिमागी नक्सलियों’ से अलग-थलग करना होगा।
-मोदी ने कहा कि सरकार ने तय किया है कि अगले एक वर्ष में 1 करोड़ युवाओं को AI स्किल ट्रेनिंग दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हमें गुणवत्ता, लागत और स्किल पर ध्यान केंद्रित करना होगा। भारत के कारखाने कॉम्पीटिटिव होने चाहिए और उत्पाद उपभोक्ताओं के अनुकूल अच्छी पैकेजिंग वाला होना चाहिए।
-पीएम ने कहा कि भारत 2030 में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करने जा रहा है। हमारा देश 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी भी करना चाहता है। उन्होंने कहा कि ओलंपिक से पहले हमें उन खेलों में भी अपनी भागीदारी बढ़ानी होगी, जिसमें हम पहले क्वालिफाई भी नहीं कर पाते थे।
-पीएम ने कहा कि भारत सरकार टेक्नोलॉजी और इनोवेशन पर ध्यान दे रही है। इसके लिए डाटा केंद्र और लैब भी स्थापित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत में निर्मित 6जी को पूरी दुनिया में पहुंचाना हमारा लक्ष्य होना चाहिए।
-मोदी ने कहा कि भारत का लक्ष्य ‘फॉर्च्यून 500’ में भारत की 50 कंपनियों को शामिल कराना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत का बैंकिंग क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहा है। दुनिया के टॉप 5 बैंकों में भारत का 1 बैंक भी होना चाहिए। वहीं, दुनिया की टॉप 5 दवा कंपनियों में भारत की दवा कंपनियों को भी शामिल होने का प्रयास करना चाहिए।
-मोदी ने कहा कि भारत में स्थापित 3 सेमीकंडक्टर संयंत्रों में उत्पादन शुरू हो गया है। आने वाले वर्षों में 5 से 8 सेमिकंडक्टर संयंत्र स्थापित होने हैं।
-पीएम मोदी ने कहा कि सुधार करने के लिए केंद्र, राज्य और सभी हितधारकों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि हमें सुधारों की गति तेज करनी होगी और इसमें सरकार की महत्त्वपूर्ण भूमिका है।
