उत्तर रेलवे जोन का सबसे बड़ा स्टेशन, जिसके नाम है वर्ल्ड रिकॉर्ड

उत्तर रेलवे जोन भारतीय रेलवे का सबसे बड़ा जोन है। यह सबसे व्यस्त रेलवे जोन में से एक है, जिसमें कई बड़े रेलवे स्टेशन आते हैं। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि उत्तर रेलवे का सबसे बड़ा रेलवे स्टेशन कौन-सा है, यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे। 

Oct 12, 2026, 13:26 IST
रेलवे स्टेशन
रेलवे स्टेशन

उत्तर रेलवे देश का सबसे बड़ा रेलवे जोन है। यह सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में से एक है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री ट्रेन से लेकर मालगाड़ियों का संचालन होता है। इस जोन में प्रतिदिन करोड़ों यात्री सफर कर अपनी मंजिलों तक पहुंचते हैं। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि उत्तर रेलवे का सबसे बड़ा रेलवे स्टेशन कौन-सा है, यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे। 

उत्तर रेलवे जोन का सबसे बड़ा रेलवे स्टेशन

उत्तर रेलवे (Northern Railway) जोन का सबसे बड़ा और सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन (NDLS) है।

कब स्थापित हुआ था उत्तर रेलवे

14 अप्रैल 1952 को स्थापित उत्तर रेलवे भारत के सबसे बड़े रेलवे जोनों में से एक है, जिसका मुख्यालय नई दिल्ली के 'बड़ौदा हाउस' में स्थित है। इस जोन में पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और जम्मू-कश्मीर के हिस्से शामिल हैं। इन सभी राज्यों और क्षेत्रों में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन परिचालन और आकार के मामले में सबसे प्रमुख केंद्र है।

क्या है बुनियादी ढांचा और परिचालन क्षमता

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बड़े परिसर में कुल 16 प्लेटफॉर्म और 18 मुख्य रेल ट्रैक मौजूद हैं। परिचालन के हिसाब से यह स्टेशन एक दिन में लगभग 400 से अधिक यात्री ट्रेनों जैसेः पैसेंजर, एक्सप्रेस और सुपरफास्ट को संभालता है। यह भारत का वह इकलौता स्टेशन है, जहां से सबसे अधिक संख्या में प्रीमियम ट्रेनें जैसे राजधानी एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस, दुरंतो और आधुनिक वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू होती हैं। देश के लगभग हर बड़े शहर और राज्य के लिए यहां से सीधी ट्रेन सुविधा उपलब्ध है।

यात्री फुटफॉल और मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी

यात्रियों की भारी आवाजाही के मामले में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भारत के सबसे व्यस्त स्टेशनों में टॉप पर आता है। यहां प्रतिदिन औसतन 5 लाख से अधिक यात्री आते-जाते हैं। यह स्टेशन मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी का एक बेहतरीन उदाहरण है, क्योंकि यह सीधे दिल्ली मेट्रो की 'येलो लाइन' और 'एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन' से जुड़ा हुआ है।

रेलवे स्टेशन का है वर्ल्ड रिकॉर्ड

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का निर्माण 1926 के आसपास शुरू हुआ था। इससे पहले 'पुरानी दिल्ली' स्टेशन ही दिल्ली का मुख्य रेलवे हब हुआ करता था। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के नाम एक समय दुनिया का सबसे बड़ा 'रूट रिले इंटरलॉकिंग सिस्टम' होने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड (Guinness World Record) भी दर्ज था। इसे 1999 में स्थापित किया गया था, जो पटरियों और सिग्नलों को सुरक्षित रूप से नियंत्रित करने की एक मुश्किल व्यवस्था है।

उत्तर रेलवे के अन्य प्रमुख स्टेशन

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन सबसे बड़ा है, लेकिन उत्तर रेलवे जोन के तहत पुरानी दिल्ली (DLI), हजरत निजामुद्दीन (NZM), उत्तर प्रदेश का लखनऊ चारबाग (LKO), वाराणसी जंक्शन (BSB), पंजाब का लुधियाना और हरियाणा का अंबाला कैंट जैसे अन्य बड़े और महत्त्वपूर्ण स्टेशन भी आते हैं।

Kishan Kumar

Senior Executive - Editorial

आप जागरण जोश पर भारत, विश्व समाचार, खेल के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समसामयिक सामान्य ज्ञान, सूची, जीके हिंदी और क्विज प्राप्त कर सकते है. आप यहां से कर्रेंट अफेयर्स ऐप डाउनलोड करें.

Trending

Just Now

Result Updates