बदलने जा रहा IRCTC का टिकट बुकिंग सिस्टम! यात्रियों के लिए क्या होगा खास, यहां देखें सब कुछ

New IRCTC Website: भारतीय रेलवे 15 जुलाई को नई IRCTC वेबसाइट का बीटा वर्जन लॉन्च कर रहा है। नई IRCTC वेबसाइट की सबसे बड़ी खासियत इसकी बढ़ी हुई क्षमता होगी। चलिए देखते है और कौन से नए फीचर रेल यात्रियों को मिलने जा रहे है।

Jul 14, 2026, 15:56 IST
यात्रियों के लिए क्या होगा खास
यात्रियों के लिए क्या होगा खास

IRCTC New Website: रेलवे से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक बड़ी अपडेट सामने आई है, भारतीय रेलवे 15 जुलाई को नई IRCTC वेबसाइट का बीटा वर्जन लॉन्च करने जा रहा है। नई वेबसाइट को पहले से फ़ास्ट, आसान और ज्यादा यूज़र-फ्रेंडली बनाया गया है, ताकि टिकट बुकिंग के दौरान यात्रियों को कम परेशानी का सामना करना पड़े। चलिए टेक्नोलॉजी की इस खबर को विस्तार से समझते है।

नई वेबसाइट का डेमो 

बता दें कि लॉन्च से पहले IRCTC और सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम (CRIS) के अधिकारियों ने राजस्थान के मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT), जयपुर के छात्रों को नई वेबसाइट का डेमो दिखाया। साथ ही छात्रों से सुझाव भी लिए गए, ताकि यात्रियों के लिए इसे जारी करने से पहले जरूरत के मुताबिक सुधार किए जा सकें।

कैसे शुरू हुई नई वेबसाइट की पहल

दरअसल, कुछ सप्ताह पहले इन्हीं छात्रों ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सामने मौजूदा IRCTC वेबसाइट की कमियों का मुद्दा उठाया था। उन्होंने बताया था कि टिकट बुकिंग के दौरान बार-बार आने वाला CAPTCHA, कॉम्प्लेक्स इंटरफेस और स्लो प्रोसेस यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी बन जाती है। इस पर रेल मंत्री ने भरोसा दिलाया था कि 15 जुलाई तक वेबसाइट का अपग्रेड वर्जन लांच किया जायेगा।

कब तक लांच होगा अपग्रेडेड वर्जन 

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, नई वेबसाइट को फिलहाल भारतीय रेलवे के पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) के साथ जोड़ा जा रहा है। चूंकि रिजर्वेशन सिस्टम में भी बड़े स्तर पर बदलाव किए जा रहे हैं, इसलिए वेबसाइट का पूरी तरह से अपग्रेडेड वर्जन अगले कुछ महीनों में उपलब्ध होगा। 

नई वेबसाइट में क्या होगा खास 

नई IRCTC वेबसाइट की सबसे बड़ी खासियत इसकी बढ़ी हुई क्षमता होगी। रिपोर्ट के अनुसार, जहां मौजूदा सिस्टम एक मिनट में करीब 32 हजार टिकट बुक कर सकता है, वहीं नया सिस्टम 1.5 लाख से ज्यादा टिकट प्रति मिनट बुक करने में सक्षम होगा। इससे पीक समय और खासकर तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान वेबसाइट पर लोड काफी कम होगा। 

टिकट बुकिंग प्रोसेस भी होगा तेज 

सिर्फ टिकट बुकिंग ही नहीं, बल्कि टिकट खोजने की प्रक्रिया भी पहले से कहीं ज्यादा तेज होगी। नया सिस्टम एक मिनट में 40 लाख से अधिक पूछताछ (Enquiries) संभाल सकेगा, जबकि अभी इसकी क्षमता करीब 4 लाख प्रति मिनट है।

अभी कैसा दिखता है IRCTC का होम पेज

यात्रियों के लिए क्या होगा खास 

नई वेबसाइट में कई ऐसे फीचर्स जोड़े गए हैं, जो टिकट बुकिंग को पहले से ज्यादा आसान बनाएंगे।

  1. बुकिंग के समय अपनी पसंद की सीट चुनने का विकल्प मिलेगा।

  2. फेयर कैलेंडर की मदद से अलग-अलग तारीखों का किराया एक साथ देखा जा सकेगा।

  3. वेबसाइट कई भारतीय भाषाओं में उपलब्ध होगी, जिससे अलग-अलग राज्यों के यात्रियों को आसानी होगी।

  4. दिव्यांगजन, छात्र और मरीजों से जुड़ी सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी।

इंटरफेस होगा ज्यादा आसान

नई वेबसाइट में अनावश्यक पॉप-अप, हाई लाइटेड ग्राफिक्स और बार-बार आने वाले CAPTCHA को काफी हद तक हटाया गया है। इससे खासकर तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान समय की बचत होगी और प्रक्रिया पहले से ज्यादा आसान होगी। साथ ही एक और बड़ा बदलाव यह है कि अब यात्रियों को स्लीपर, 3AC, 2AC या अन्य कैटेगरी की सीट उपलब्धता अलग-अलग देखने की जरूरत नहीं पड़ेगी। 

कुल मिलाकर, रेलवे का दावा है कि नई IRCTC वेबसाइट यात्रियों को तेज, आसान और अधिक भरोसेमंद टिकट बुकिंग का अनुभव देगी। 

Bagesh Yadav

Senior Executive - Editorial

आप जागरण जोश पर भारत, विश्व समाचार, खेल के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समसामयिक सामान्य ज्ञान, सूची, जीके हिंदी और क्विज प्राप्त कर सकते है. आप यहां से कर्रेंट अफेयर्स ऐप डाउनलोड करें.

Trending

Just Now

Result Updates