भारत का इकलौता रेलवे स्टेशन, जहां से मिलती हैं सबसे अधिक प्रीमियम ट्रेनें

भारत में आपने अलग-अलग रेलवे स्टेशनों के बारे में पढ़ा और सुना होगा। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि भारत में इकलौता रेलवे स्टेशन कौन-सा है, जहां से सबसे अधिक प्रीमियम ट्रेनें मिलती हैं।

Oct 13, 2026, 08:15 IST
ट्रेन
ट्रेन

भारतीय रेलवे को देश की लाइफलाइन कहा जाता है।  भारत में आपने अलग-अलग रेलवे स्टेशनों के बारे में पढ़ा और सुना होगा। इनमें कुछ स्टेशन ऐसे हैं, जो कि अपने विशेष सुविधाओं के लिए जाने जाते हैं। इस कड़ी में क्या आप देश के इकलौते ऐसे रेलवे स्टेशन के बारे में जानते हैं, जहां से सबसे अधिक प्रीमियम ट्रेनें मिलती हैं। कौन-सा है यह रेलवे स्टेशन, जानने के लिए पूरा लेख पढ़ें। 

इस स्टेशन से मिलती हैं सबसे अधिक प्रीमियम ट्रेनें

भारत में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन (NDLS) एक ऐसा इकलौता और ऐतिहासिक रेलवे स्टेशन है, जहां से देश में सबसे अधिक संख्या में प्रीमियम ट्रेनें शुरू होती हैं। भारतीय रेलवे के इस सबसे व्यस्त और बड़े हब को प्रीमियम रेल यात्रा का सबसे बड़ा केंद्र माना जाता है। उत्तर रेलवे में आने वाला यह स्टेशन अपनी शानदार कनेक्टिविटी और VIP ट्रेनों के संचालन के लिए पूरे देश में प्रसिद्ध है।

प्रीमियम ट्रेनों का सबसे बड़ा बेस

देश के किसी भी अन्य रेलवे स्टेशन से इतनी बड़ी संख्या में हाई-स्पीड, वातानुकूलित (AC) और लग्जरी ट्रेनें नहीं चलती हैं, जितनी नई दिल्ली से चलती हैं। भारतीय रेलवे की सबसे प्रतिष्ठित ट्रेनें जैसेः राजधानी एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस, दुरंतो और भारत की सबसे आधुनिक 'वंदे भारत एक्सप्रेस' का सबसे बड़ा शुरुआती बिंदु नई दिल्ली ही है। देश के लगभग हर प्रमुख राज्य की राजधानी को जोड़ने वाली राजधानी एक्सप्रेस ट्रेनें जैसेः हावड़ा राजधानी, मुंबई राजधानी और डिब्रूगढ़ राजधानी यहीं से अपनी यात्रा शुरू करती हैं।

ऐतिहासिक शुरुआत का गवाह

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का प्रीमियम ट्रेनों के साथ पुराना रिश्ता रहा है। 1969 में भारत की पहली 'राजधानी एक्सप्रेस' नई दिल्ली से हावड़ा इसी स्टेशन से शुरू हुई थी। इसके बाद 1988 में भारत की पहली 'शताब्दी एक्सप्रेस' नई दिल्ली से झांसी को भी यहीं से हरी झंडी दिखाई गई थी। और तो और, 2019 में देश की पहली 'वंदे भारत एक्सप्रेस' नई दिल्ली से वाराणसी ने भी इसी स्टेशन से अपना सफर शुरू किया था। मौजूदा समय में यहां से वाराणसी, कटरा(माता वैष्णो देवी), अंब अंदौरा और भोपाल जैसी दिशाओं में कई वंदे भारत ट्रेनें संचालित होती हैं।

बुनियादी ढांचा और विशेष सुविधाएं

इन प्रीमियम ट्रेनों के भारी दबाव और संचालन को संभालने के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर 16 प्लेटफॉर्म और 18 मुख्य रेल ट्रैक मौजूद हैं। स्टेशन पर रोजाना 5 लाख से ज्यादा यात्रियों का फुटफॉल होता है। चूंकि, यहां से प्रीमियम ट्रेनें ज्यादा चलती हैं, इसलिए वीआईपी यात्रियों की सुविधा के लिए यहां आधुनिक 'एग्जीक्यूटिव लाउंज' बनाए गए हैं। इन लाउंज में वाई-फाई, आरामदेह सोफे, बुफे और नहाने-धोने की विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो इसे एयरपोर्ट जैसी फील देते हैं।

बेहतर मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी

प्रीमियम ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों का समय बचाने के लिए यह स्टेशन मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी का बेहतरीन उदाहरण है। इसके अजमेरी गेट की तरफ से यात्री सीधे दिल्ली मेट्रो की 'येलो लाइन' और 'एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन' से जुड़ सकते हैं। इसके जरिए मात्र 15 से 20 मिनट में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) तक पहुंचा जा सकता है।


Kishan Kumar

Senior Executive - Editorial

आप जागरण जोश पर भारत, विश्व समाचार, खेल के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समसामयिक सामान्य ज्ञान, सूची, जीके हिंदी और क्विज प्राप्त कर सकते है. आप यहां से कर्रेंट अफेयर्स ऐप डाउनलोड करें.

Trending

Just Now

Result Updates