राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत का दबदबा बरकरार है। देश के वेटलिफ्टर अलग-अलग वर्ग में इतिहास रचते हुए देश की झोली में पदक डाल रहे हैं। इस कड़ी में पंजाब के नाभा की 29 वर्षीय हरजिंदर कौर ने 69 किलोग्राम वर्ग में वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता है। वेटलिफ्टिंग में भारत को यह मिला यह 7वां पदक है।
इस बार बदल दिया मेडल का रंग
हरजिंदर कौर ने साल 2022 के बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भी भाग लिया था। उस समय वह भारत के लिए कांस्य पदक जीतने में कामयाब रही थीं, लेकिन इस बार वह पदक रंग बदलने में कामयाब रही हैं और भारत की झोली में सिल्वर मेडल डाला है।
Related Stories
126 किलोग्राम वजन उठाकर बनाया रिकॉर्ड
हरजिंदर कौर ने स्नैच स्पर्धा में 101 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 126 किलोग्राम वजन उठाकर राष्ट्रमंडल खेलों में रिकॉर्ड बनाते हुए दूसरा स्थान हासिल किया है।
किसने जीता गोल्ड मेडल
राष्ट्रमंडल खेल 2026 में 69 वर्ग किलोग्राम में कनाडा की चार्लोट सिमोने ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। उन्होंने स्नैच में 108 और क्लीन एंड जर्क में 132 किलोग्राम वजन उठाकर राष्ट्रमंडल खेलों में एक नया रिकॉर्ड बनाया है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की फेबे हैमेन ने कांस्य पदक अपने नाम किया है।
किस-किसने जीता है वेटलिफ्टिंग में पदक
ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय वेटलिफ्टर लगातार अपने दबदबा बनाए हुए हैं। इस कड़ी में मीराबाई चानू के गोल्ड मेडल से शुरू हुआ सफर, ऋषिकांत सिंह, राजा मुथुपांडी, ज्ञानेश्वरी देवी, बिंदिया रानी, अजय बाबू और हरजिंदर कौर के साथ जारी है। भारत को अब तक वेटलिफ्टिंग में 7 पदक मिल चुके हैं।
आपको बात दें कि वल्लुरी अजय बाबू ने राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुषों के 79 किग्रा वर्ग में रजत पदक जीता था। उन्होंने कुल 330 किग्रा का वजन उठाकर क्लीन एंड जर्क व स्नैच समेत दोनों श्रेणियों में शानदार रिकॉर्ड बनाया था।
शर्मिला धनखड़ ने गोल्ड जीतकर रचा इतिहास
शर्मिला धनखड़ ने एक दिन पहले ही गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने पैराएथलिट श्रेणी में भारत की झोली में राष्ट्रमंडल खेल 2026 का दूसरा गोल्ड मेडल डाला है। इसका श्रेय उन्होंने अपने कोच टेकचंद को दिया है।
