ट्रेन में रातभर सफर करते समय मोबाइल की बैटरी खत्म होने की चिंता रहती है, लेकिन अब यात्रियों को अपनी चार्जिंग की प्लानिंग पहले से करनी होगी। भारतीय रेलवे ने रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक ट्रेनों में चार्जिंग पॉइंट बंद रखने के नियम का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। हाल ही में एसी कोच में चार्जिंग के दौरान पावर बैंक फटने की घटना के बाद रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को इस व्यवस्था में किसी तरह की छूट नहीं देने को कहा है। ऐसे में रात में सफर करने वाले यात्रियों के लिए यह जानना जरूरी है कि नियम क्या है और इसका उन पर क्या असर पड़ेगा।
रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक बंद रहेंगे चार्जिंग पॉइंट
रिपोर्ट के मुताबिक, रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे के प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियरों को पत्र भेजकर निर्धारित समय में चार्जिंग पॉइंट की बिजली बंद रखने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत सभी ट्रेनों के कोच में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं रहेगी।
रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इस नियम का पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों और सुपरवाइजरों को औचक निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि यह पता चल सके कि चार्जिंग पॉइंट तय समय पर बंद किए जा रहे हैं या नहीं। संबंधित कर्मचारियों को जरूरी प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया गया है।
Related Stories
क्या रेलवे ने लागू किया है नया नियम?
नहीं, यह कोई नया नियम नहीं है। रेलवे बोर्ड ने 19 जून 2014 को भी रात के समय ट्रेनों में चार्जिंग पॉइंट बंद रखने के निर्देश जारी किए थे। अब रेलवे पुराने नियम को सख्ती से लागू कराने की तैयारी में है।
इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य रात में यात्रियों के सोने के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की चार्जिंग से जुड़े संभावित सुरक्षा जोखिमों को कम करना है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि ट्रेन में मोबाइल फोन या पावर बैंक ले जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
पावर बैंक फटने की घटना के बाद सख्ती
रिपोर्ट के मुताबिक, हाल ही में ट्रेन में यात्रा के दौरान चार्जिंग के दौरान एक यात्री का पावर बैंक फट गया। इससे कोच में धुआं फैल गया और फायर अलार्म सक्रिय हो गया। अचानक हुई घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। रेलवे कर्मचारियों ने स्थिति संभाली और ट्रेन करीब 15 मिनट तक रुकी रही। राहत की बात यह है कि घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
ट्रेन में सफर करने वाले यात्री क्या करें?
रात में यात्रा करने वाले यात्रियों को मोबाइल और दूसरे जरूरी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण रात 11 बजे से पहले चार्ज कर लेने चाहिए। साथ ही, पावर बैंक को चार्जिंग पर लगाकर सोने से बचें। खराब या असामान्य रूप से गर्म होने वाले चार्जर और पावर बैंक का इस्तेमाल भी न करें।
