Indian Railways: हरियाणा और राजस्थान के यात्रियों को बड़ी सौगात, 4 ट्रेनों को मिले ये नए स्टॉपेज, देखें नाम

रेलवे ने हरियाणा और राजस्थान के यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेलवे ने 4 ट्रेनों को नए स्टॉपेज की मंजूरी दी है। इससे हांसी, पातुवास मेहराना और बिजयनगर के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और लंबी दूरी की यात्रा पहले से अधिक आसान होगी।

Jun 22, 2026, 18:20 IST
यात्रियों की सुविधा बढ़ाने पर रेलवे का जोर
यात्रियों की सुविधा बढ़ाने पर रेलवे का जोर

भारतीय रेलवे ने हरियाणा और राजस्थान के लाखों यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेलवे मंत्रालय ने दोनों राज्यों के कुछ प्रमुख स्टेशनों पर चार ट्रेनों के अतिरिक्त ठहराव (स्टॉपेज) को मंजूरी दे दी है। इस फैसले से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और किसानों को काफी सुविधा मिल सकती है। रेलवे का कहना है कि यह फैसला यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग और क्षेत्रीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

पातुवास मेहराना के लोगों की पुरानी मांगे पूरी

रेवाड़ी-भिवानी रेलखंड पर स्थित पातुवास मेहराना के यात्रियों को अब ट्रेन पकड़ने के लिए दूसरे स्टेशनों का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। अब तक लोगों को झाड़ली या चरखी दादरी स्टेशन जाना पड़ता था, जो क्रमशः करीब 6 और 7 किलोमीटर दूर हैं। दिल्ली–सतरोड पैसेंजर के यहां रुकने से स्थानीय लोगों की रोजमर्रा की यात्रा काफी आसान हो जाएगी। 

Related Stories

हांसी को मिला लंबी दूरी की ट्रेनों का फायदा

हांसी स्टेशन के यात्रियों के लिए भी यह फैसला सही साबित हुआ है। अगरतला–फिरोजपुर एक्सप्रेस और बीकानेर–हरिद्वार एक्सप्रेस के ठहराव से अब यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए भिवानी या हिसार नहीं जाना पड़ेगा। पहले इन दोनों ट्रेनों का स्टॉपेज केवल उन्हीं स्टेशनों पर था, जो हांसी से 25 से 37 किलोमीटर दूर स्थित हैं।

किन ट्रेनों को मिला नया स्टॉपेज?

रेल मंत्रालय के अनुसार, चार ट्रेनों को नए स्टेशनों पर रुकने की अनुमति दी गई है:

54085/54086 दिल्ली–सतरोड पैसेंजर अब हरियाणा के पातुवास मेहराना स्टेशन पर रुकेगी।

14619/14620 अगरतला–फिरोजपुर एक्सप्रेस को हांसी स्टेशन पर स्टॉप मिला है।

14717/14718 बीकानेर–हरिद्वार एक्सप्रेस भी अब हांसी स्टेशन पर रुकेगी। 

12981/12982 जयपुर–असरवा एक्सप्रेस राजस्थान के बिजयनगर स्टेशन पर रुकेगी। 

बिजयनगर से गुजरात जाना होगा और आसान

राजस्थान के बिजयनगर (Bijainagar) स्टेशन पर जयपुर–असरवा एक्सप्रेस के रुकने से क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। बता दें कि पहले इस ट्रेन को पकड़ने के लिए लोगों को नसीराबाद या भीलवाड़ा जाना पड़ता था। अब बिजयनगर में ही ट्रेन उपलब्ध होने से यात्रा कहीं अधिक सुविधाजनक हो जाएगी। 

छात्रों, व्यापारियों और किसानों को राहत

रेलवे के इस फैसले का सबसे ज्यादा लाभ उन लोगों को मिलेगा जो रोजाना यात्रा करते हैं या व्यापार और शिक्षा के लिए दूसरे शहरों में आते-जाते हैं। 

यात्रियों की सुविधा बढ़ाने पर रेलवे का जोर

भारतीय रेलवे लगातार ऐसे स्टेशनों की पहचान कर रहा है जहां यात्रियों की संख्या अधिक है और अतिरिक्त स्टॉपेज की जरूरत महसूस की जा रही है। रेलवे का मानना है कि छोटे स्टेशनों पर ट्रेनों के स्टॉपेज बढ़ाने से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

कुल मिलाकर, हरियाणा और राजस्थान के यात्रियों के लिए यह फैसला बड़ी राहत लेकर आया है। 

Bagesh Yadav

Senior Executive - Editorial

आप जागरण जोश पर भारत, विश्व समाचार, खेल के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समसामयिक सामान्य ज्ञान, सूची, जीके हिंदी और क्विज प्राप्त कर सकते है. आप यहां से कर्रेंट अफेयर्स ऐप डाउनलोड करें.

Just Now

Result Updates