दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स की उम्मीदें बढ़ गई हैं। हर किसी को महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में बढ़ोतरी का इंतजार है। हालांकि, त्योहार से पहले केंद्र सरकार ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। दूसरी ओर, केरलम और हिमाचल प्रदेश सरकार अपने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का एलान कर चुकी हैं। ऐसे में केंद्रीय कर्मचारियों के मन में सवाल है कि उन्हें बढ़ी हुई सैलरी का तोहफा कब मिलेगा और इस बार महंगाई भत्ते में कितनी बढ़ोतरी हो सकती है?
28 अक्टूबर को हो सकता है DA Hike का एलान
केंद्रीय कर्मचारियों के लिए 28 अक्टूबर का दिन अहम हो सकता है। इस दिन केंद्रीय कैबिनेट की बैठक होने की संभावना है। आमतौर पर बुधवार को होने वाली कैबिनेट बैठक में सरकार कई बड़े फैसलों को मंजूरी देती है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि इस बैठक में महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में बढ़ोतरी पर फैसला लिया जा सकता है।
हालांकि, अभी तक सरकार की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। यह भी जरूरी नहीं है कि डीए बढ़ोतरी का एलान कैबिनेट बैठक में ही हो। वित्त मंत्रालय का व्यय विभाग भी इस संबंध में आदेश जारी कर सकता है। इसलिए कर्मचारियों को अंतिम फैसले के लिए आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।
Related Stories
जुलाई से मिलेगा बढ़ोतरी का फायदा
अगर सरकार अक्टूबर में डीए बढ़ाने का एलान करती है, तो कर्मचारियों को इसका लाभ जुलाई 2026 से मिलने की उम्मीद है। इसका मतलब है कि घोषणा में देरी होने पर भी उन्हें पिछले महीनों का एरियर मिल सकता है।
ऑल इंडिया न्यू पेंशन स्कीम एम्प्लॉइज फेडरेशन (AINPSEF) के अध्यक्ष मनजीत सिंह पटेल के अनुसार, नई DA दर जुलाई से दिसंबर 2026 की अवधि के लिए लागू होगी। यदि सरकार इसी महीने बढ़ोतरी की घोषणा करती है, तो कर्मचारियों को नवंबर के आखिर में मिलने वाली सैलरी के साथ जुलाई से अक्टूबर तक का एरियर भी मिल सकता है। हालांकि, भुगतान की तारीख सरकार के आदेश पर निर्भर करेगी।
3 से 4 फीसदी तक बढ़ सकता है महंगाई भत्ता
इस बार केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3 से 4 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि, अंतिम फैसला केंद्र सरकार ही करेगी।
यदि DA में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी होती है, तो इसकी दर 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो जाएगी। वहीं, 4 प्रतिशत की वृद्धि होने पर महंगाई भत्ता 64 प्रतिशत तक पहुंच सकता है। इससे कर्मचारियों की मासिक सैलरी में बढ़ोतरी होगी। वहीं, पेंशनर्स को भी महंगाई राहत (DR) बढ़ने से फायदा मिल सकता है।
महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का उद्देश्य बढ़ती कीमतों के असर को कम करना है। फिलहाल लाखों केंद्रीय कर्मचारी और पेंशनर्स सरकार के फैसले का इंतजार कर रहे हैं। अगर दिवाली से पहले घोषणा होती है, तो यह उनके लिए त्योहार के मौके पर बड़ी राहत हो सकती है।
