Vidhan Sabha Upchunav 2026: बिहार के बांकीपुर, गुजरात के मांजलपुर और मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को हुए मतदान के बाद आज यानी 3 अगस्त को वोटों की गिनती जारी है। सुबह 8 बजे से शुरू हुई मतगणना में सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती की गयी, इसके बाद ईवीएम के वोटों की गणना हो रही है। सभी मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
बांकीपुर में पहले राउंड में प्रशांत किशोर आगे
बिहार की बांकीपुर सीट पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं। शुरुआती रुझानों में उन्हें बढ़त मिलती दिखाई दे रही है।
पहले राउंड की गिनती में प्रशांत किशोर को 2,220 वोट मिले हैं, जबकि बीजेपी उम्मीदवार को 1,423 वोट और राजद उम्मीदवार को 501 वोट मिले हैं। इस सीट पर कुल 26 उम्मीदवार मैदान में हैं। हालांकि, मतदान के दिन यहां सिर्फ 34 फीसदी से थोड़ा अधिक मतदान दर्ज किया गया था।
Related Stories
दतिया में शुरुआती बढ़त BJP को मिली
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर पहले राउंड की मतगणना पूरी हो चुकी है। शुरुआती रुझानों में बीजेपी उम्मीदवार 4,551 वोट के साथ आगे चल रहे हैं, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार को 3,367 वोट मिले हैं। इस सीट पर मतदान के दौरान 71.44 फीसदी वोटिंग हुई थी, जो तीनों सीटों में सबसे ज्यादा रही।
मांजलपुर में BJP-कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर
गुजरात के वडोदरा जिले की मांजलपुर विधानसभा सीट पर भी मतगणना जारी है। यहां मुकाबला मुख्य रूप से बीजेपी के सतीश पटेल और कांग्रेस के भीखाभाई रबारी के बीच माना जा रहा है। इस सीट पर मतदान प्रतिशत सिर्फ 37.5 फीसदी रहा था।
फिलहाल ये शुरुआती रुझान हैं।मतगणना के सभी राउंड पूरे होने के बाद ही तीनों सीटों के आधिकारिक नतीजे घोषित किए जाएंगे।
