Diwali-Chhath Special Train: दिवाली और छठ पूजा पर यदि आप दिल्ली से बिहार या पूर्वांचल जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो रेलवे से जुड़ी यह खबर आपके काम की है। त्योहार आते ही घर लौटने वाले यात्रियों में खासा इजाफा हो जाता है। ऐसे में ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना किसी चुनौती से कम नहीं होता। यात्रियों की इसी परेशानी को कम करने के लिए भारतीय रेलवे ने नई दिल्ली से पटना जंक्शन के बीच वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल चलाने की योजना बनाई है। इस ट्रेन से दिल्ली और बिहार के बीच सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। रिपोर्ट के मुताबिक, यह स्पेशल ट्रेन 21 अक्टूबर से 26 नवंबर तक सप्ताह में तीन दिन चलेगी।
ऐसे में चलिए देखते है बिहार और पूर्वांचल के लिए किस रूट पर कौन से स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जा रहा है।
दिल्ली से पटना कब पहुंचेगी वंदे भारत?
नई दिल्ली से पटना जाने वाली वंदे भारत स्पेशल सोमवार, बुधवार और शनिवार को चलेगी। ट्रेन सुबह 8:35 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी और उसी दिन रात 9:30 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी।
Related Stories
पटना से दिल्ली लौटने का भी जानें समय
वापसी में यह ट्रेन मंगलवार, गुरुवार और रविवार को पटना जंक्शन से रवाना होगी। ट्रेन सुबह 10 बजे पटना से चलकर रात 11:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
रास्ते में इन 6 स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन
दिल्ली-पटना वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल में कुल 16 चेयर कार कोच होंगे। रास्ते में ट्रेन का छह स्टेशनों पर स्टॉपेज रहेगा। इनमें आरा, बक्सर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू), प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल और अलीगढ़ शामिल हैं।
रेगुलर सर्विस से पहले दो अतिरिक्त चक्कर
रिपोर्ट के अनुसार, रेगुलर सेवा से पहले ट्रेन के दो विशेष फेरे भी निर्धारित किए गए थे। नई दिल्ली से 16 और 18 अक्टूबर को तथा पटना से 17 और 19 अक्टूबर को यात्रा प्रस्तावित थी। इन फेरों की टाइमिंग नियमित फेस्टिवल स्पेशल जैसी बताई गई थी। हालांकि, इन तारीखों के लिए मौजूदा परिचालन की स्थिति रेलवे से जांचना जरूरी है।
इन ट्रेनों में लगेंगी अतिरिक्त बोगियां
मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली-वाराणसी स्पेशल ट्रेन (04210) में अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। पटना स्पेशल (04616) और पटना-फिरोजपुर कैंट स्पेशल (04615) में भी अतिरिक्त कोच की व्यवस्था की जा रही है। आनंद विहार टर्मिनल-लौकहा बाजार स्पेशल ट्रेन (04014) में भी अतिरिक्त कोच की व्यवस्था की जा रही है। यह व्यवस्था 1 नवंबर से शुरू होकर 17 नवंबर तक अलग-अलग ट्रेनों में लागू रह सकती है। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि सही अपडेट के लिए रेलवे के ऑफिसियल अपडेट को जरूर देखें।
कुल मिलाकर, त्योहारों के दौरान दिल्ली और पटना के बीच वंदे भारत स्पेशल और अन्य स्पेशल ट्रेन चलाने की योजना यात्रियों के लिए राहत भरी हो सकती है। यात्रा से पहले ट्रेन की उपलब्धता और समय की आधिकारिक पुष्टि जरूर करें।
