MLC Election Results 2026: देश के चार राज्यों में विधान परिषद की 28 सीटों पर हुए चुनाव के नतीजों पर सबकी नजरें टिकी हैं। उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक में मंगलवार सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो गई है। इन सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। काउंटिंग के शुरुआती घंटों में ही चुनावी तस्वीर काफी हद तक साफ होने की उम्मीद है, जबकि निर्वाचन आयोग की ओर से मंगलवार शाम तक आधिकारिक नतीजे घोषित किए जा सकते हैं।
खास तौर पर उत्तर प्रदेश में भाजपा और समाजवादी पार्टी (SP) के बीच मुकाबले को लेकर राजनीतिक हलचल तेज है।
यूपी में 152 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला
UP MLC Election Results 2026: उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के लिए मतगणना हो रही है। इन सीटों पर कुल 152 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। चुनाव 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में कराया गया था। इसके लिए कुल 14,81,310 मतदाता रजिस्टर थे।
मतदान के लिए प्रदेश के 72 जिलों में 2,697 मतदान केंद्र बनाए गए थे। हालांकि, कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव को इस चुनावी प्रक्रिया से बाहर रखा गया था।
Related Stories
किसके बीच है मुख्य मुकाबला
इन सीटों पर मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) और समाजवादी पार्टी (SP) के बीच माना जा रहा है। इनके अलावा निर्दलीय उम्मीदवार और विभिन्न दलों के बागी प्रत्याशी भी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। ऐसे में नतीजे प्रदेश की राजनीतिक स्थिति के लिहाज से अहम माने जा रहे हैं।
बिहार की 8 सीटों पर भी मतगणना
बिहार विधान परिषद की 8 सीटों के लिए भी मंगलवार को मतगणना हो रही है। इनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी शामिल हैं, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण की सीटें हैं।
अपडेट जारी है...
