भारत के प्रमुख एक्सप्रेसवे में शामिल दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का नया रास्ता खुला, फिलहाल तौर पर बंद हो गया है। यह रास्ता कुल 9 किलोमीटर लंबा है, जिससे अब दिल्ली-एनसीआर की दूर कम हो गई है। यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि नया रास्ता सिर्फ 30 दिन की अवधि के लिए ट्रायल के लिए खोला गया था, जिससे अब कुछ कारणों से बंद कर दिया गया है। इस लेख में हम इस बारे में विस्तार से जानेंगे।
जनता के लिए खुला था खंड
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का करीब 9 किलोमीटर लंबा खंड बीते शुक्रवार को खोल दिया गया था, जो कि डीएनडी महारानी बाग से जैतपुर पुश्ता रोड तक है। इससे अब दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद के यात्रियों को यात्रा के दौरान राहत मिलने की संभावना है। क्योंकि, अभी तक नोएडा से फरीदाबाद जाने के लिए एक्सप्रेसवे की एक लेन खुली हुई थी, लेकिन अब एक्सप्रेसवे की दूसरी लेन भी खुल गई है। अब फरीदाबाद से आने वाले यात्री एक्सप्रेसवे से नोएडा की तरफ आ सकते हैं। इससे यात्रियों को लंबे जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
Related Stories
क्यों किया गया है बंद
दिल्ली पुलिस की ओर से नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) को बताया गया है कि 9 किलोमीटर लंबे इस हिस्से में ट्रैफिक सुरक्षा संकेत, रंबल स्ट्रिप्स और मर्जिंग पॉइंट पर स्पीड ब्रेकर नहीं लगाए गए थे, जिससे यह हिस्सा एक्सीडेंट-प्रोन हो गया था। ऐसे में NHAI द्वारा अब जरूरी सुरक्षा उपायों के साथ काम किया जा रहा है।
ऊंचा बनाया गया है रास्ता
NHAI के मुताबिक, 9 किलोमीटर लंबा यह खंड ऊंचा बनाया गया है। इसके खुलने पर डीएनडी फ्लाईओवर से सीधे जैतपुर पहुंचने का रास्ता आसान हो जाएगा और यह पहले से ही चालू फरीदाबाद-सोहना सेक्शन से जुड़ सकेगा।
इन यात्रियों को मिलेगा फायदा
ऐसे यात्री, जो पूर्वी दिल्ली, गाजियाबाद या नोएडा की ओर से डीएनडी वाला रास्ता पकड़ेंगे, वे आसानी से फरीदाबाद, सोहना और आगे जयपुर तक पहुंच सकेंगे। इस दौरान यात्री आश्रम, कालिंदी कुंज, सराय काले खां और फरीदाबाद जाने के दौरान सरिता विहार. मोहन एस्टेट और मथुरा रोड पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से बच सकेंगे।
कब होगा उद्घाटन
अभी फिलहाल 30 दिन के ट्रायल के लिए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की नई लेन को खोला गया है। हालांकि, इसका औपचारिक उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा। इसे लेकर अभी तक आधिकारिक तिथि की घोषणा नहीं हुई है।
आपको बता दें कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे भारतमाला परियोजना का हिस्सा है। अभी जैतपुर से फरीदाबाद सेक्टर-65 तक 24 किलोमीटर और सेक्टर-65 से सोहना तक कुल 26 किलोमीटर का हिस्सा यातायात के लिए चालू है। जब पूरा रास्ता खुल जाएगा, तब दिल्ली से फरीदाबाद की दूरी सिर्फ 20 मिनट की रह जाएगी। ऐसे में इससे दिल्ली-एनसीआर में रोड कनेक्टिविटी पहले से और भी ज्यादा मजबूत होगी।
कितनी है दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की लबाई
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की लंबाई 1350 किलोमीटर है। हालांकि, लिंक मार्गों को मिलाकर यह 1450 किलोमीटर तक हो जाती है। यह एक्सप्रेसवे छह राज्यों-दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र से होकर गुजरता है।
