सर्दियों में घना कोहरा रेल यात्रियों की मुश्किलें बढ़ाने वाला है। कोहरे के मौसम को देखते हुए रेलवे ने दिसंबर 2026 से फरवरी 2027 तक कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को निरस्त करने और कुछ के फेरों में कटौती करने का फैसला लिया है। इसका असर बरेली से होकर गुजरने वाली ट्रेनों पर भी पड़ेगा। ऐसे में दिल्ली, लखनऊ, गोरखपुर, चंडीगढ़ और पूर्वोत्तर की ओर सफर करने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनानी होगी।
रेलवे के इस फैसले के बाद उन यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है, जिन्होंने सर्दियों की छुट्टियों या जरूरी काम के लिए पहले से टिकट बुक करा रखे हैं। इसलिए यात्रा पर निकलने से पहले ट्रेन की स्थिति और निर्धारित तारीख की जानकारी जरूर देख लें।
कोहरे के कारण रेलवे ने लिया फैसला
मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीसीएम महेश यादव के मुताबिक, सर्दियों में कोहरे के दौरान रेल संचालन को ध्यान में रखते हुए कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। इनमें लखनऊ-आनंद विहार टर्मिनल, गोरखपुर-आनंद विहार टर्मिनल, लालकुआं-आनंद विहार टर्मिनल और डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल हैं। कुछ ट्रेनें पूरी तरह निरस्त रहेंगी, जबकि कुछ निर्धारित तारीखों पर ही चलेंगी।
Related Stories
लखनऊ और गोरखपुर रूट की ट्रेनें रहेंगी निरस्त
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, ट्रेन नंबर 12583 लखनऊ-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस और 12584 आनंद विहार टर्मिनल-लखनऊ एक्सप्रेस 15 दिसंबर 2026 से 14 फरवरी 2027 तक निरस्त रहेंगी।
वहीं, ट्रेन नंबर 15057 गोरखपुर-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस 17 दिसंबर 2026 से 11 फरवरी 2027 तक नहीं चलेगी। इसकी वापसी सेवा, ट्रेन नंबर 15058 आनंद विहार टर्मिनल-गोरखपुर एक्सप्रेस, 16 दिसंबर 2026 से 10 फरवरी 2027 तक निरस्त रहेगी।
इसके अलावा, ट्रेन नंबर 15059 और 15060 लालकुआं-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस का संचालन भी 15 दिसंबर 2026 से 14 फरवरी 2027 तक बंद रहेगा।
इन ट्रेनों के फेरों में भी होगी कटौती
कोहरे का असर डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ और चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस पर भी पड़ेगा। इन ट्रेनों को दिसंबर, जनवरी और फरवरी में निर्धारित तारीखों पर निरस्त किया जाएगा। वहीं, ट्रेन नंबर 15909 और 15910 अवध-असम एक्सप्रेस के कुछ फेरों में दिसंबर 2026 से फरवरी 2027 के बीच कटौती की जाएगी।
न्यू जलपाईगुड़ी-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस के फेरे भी कम किए जाएंगे। इसके अलावा, ट्रेन नंबर 15035 और 15036 दिल्ली-काठगोदाम एक्सप्रेस का संचालन भी प्रभावित रहेगा। बनारस-देहरादून और बनारस-नई दिल्ली एक्सप्रेस के फेरों में भी कटौती की जाएगी।
यात्रा से पहले जरूर देख लें ट्रेन का स्टेटस
रेलवे के इस फैसले को देखते हुए यात्रियों के लिए जरूरी है कि वे टिकट बुक करने या स्टेशन जाने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक कर लें। यात्रा करने वाले यात्री ट्रेन नंबर और सफर की तारीख के आधार पर रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या NTES ऐप पर डिटेल्स चेक कर सकते हैं।
