Vande Bharat Sleeper: दक्षिण भारत को पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन कब हो रही लांच? टाइमिंग और स्टॉपेज देखें यहां

Bengaluru-Mumbai Vande Bharat Sleeper: बेंगलुरू-मुंबई वंदे भारत ट्रेन जल्द ही पटरी पर दौड़ती हुई नजर आने वाली है। रिपोर्ट की माने तो ट्रेन को 1 नवंबर को लांच किया जाना है। यह ट्रेन बेंगलुरु के सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल (SMVT) को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से जोड़ेगी, जिससे यात्रा का समय घटकर 16 घंटे से भी कम हो सकता है।   

Oct 21, 2026, 11:51 IST
बेंगलुरु से मुंबई तक क्या होगी ट्रेन की टाइमिंग?
बेंगलुरु से मुंबई तक क्या होगी ट्रेन की टाइमिंग?

Bengaluru-Mumbai Vande Bharat Sleeper: बेंगलुरु से मुंबई के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए जल्द ही एक नई और आरामदायक रेल सर्विस शुरू हो सकती है। वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को 1 नवंबर को कर्नाटक राज्योत्सव के अवसर पर हरी झंडी दिखाए जाने की संभावना है। वहीं, नियमित सेवा 2 नवंबर से शुरू हो सकती है। यदि यह प्रस्तावित योजना लागू होती है, तो दक्षिण भारत को पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन मिल जाएगी। हालांकि, रेलवे बोर्ड की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

इस ट्रेन के शुरू होने से यात्रियों को रात में सफर करने और अगले दिन अपने गंतव्य तक पहुंचने का बेहतर ऑप्शन मिलेगा। खासकर नौकरी, कारोबार और निजी कामों के सिलसिले में बेंगलुरु से मुंबई आने-जाने वाले लोगों के लिए यह रेल सर्विस उपयोगी साबित हो सकती है।

बेंगलुरु से मुंबई तक क्या होगी ट्रेन की टाइमिंग?

दक्षिण पश्चिम रेलवे के सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव इस ट्रेन को हरी झंडी दिखा सकते हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, ट्रेन सप्ताह में छह दिन संचालित होगी।

बेंगलुरु से मुंबई जाने वाली ट्रेन का नंबर 27652 होगा। यह केएसआर बेंगलुरु स्टेशन से रात 10 बजे रवाना होगी। रास्ते में धर्मावरम स्टेशन पर रात 12:50 बजे और वाडी में सुबह 5:05 बजे पहुंचेगी। इसके बाद अगले दिन दोपहर 1:50 बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन नंबर 27651 मुंबई से रात 10:30 बजे रवाना होगी। यह सुबह 7:25 बजे वाडी और 11:45 बजे धर्मावरम पहुंचेगी। बेंगलुरु पहुंचने का निर्धारित समय दोपहर 2:50 बजे है।

Related Stories

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

प्रस्तावित रूट के तहत ट्रेन कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र के कई प्रमुख स्टेशनों को जोड़ेगी। इसके स्टॉपेज में बेंगलुरु, धर्मावरम, अनंतपुर, गुंतकल, रायचूर, वाडी, कलबुर्गी, सोलापुर, पुणे, कल्याण और मुंबई सीएसएमटी शामिल हैं।

परिचालन योजना के अनुसार, बेंगलुरु से मुंबई जाने वाली ट्रेन सोमवार को नहीं चलेगी। वहीं, मुंबई से बेंगलुरु आने वाली ट्रेन मंगलवार को संचालित नहीं होगी। इस सेवा के लिए दो वंदे भारत स्लीपर ट्रेनसेट इस्तेमाल किए जाने का प्रस्ताव है।

सफर के दौरान मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे और इसमें 823 यात्रियों के सफर करने की क्षमता होगी। ट्रेन में 11 थर्ड AC, चार सेकंड AC और एक फर्स्ट AC कोच शामिल होगा।

यात्रियों को AC कोच, CCTV कैमरे, ऑटोमैटिक दरवाजे, बायो-वैक्यूम टॉयलेट, चार्जिंग पॉइंट और डिजिटल इन्फो डिस्प्ले जैसी सुविधाएं मिलेंगी। सुरक्षा के लिए स्वदेशी कवच प्रणाली भी उपलब्ध होगी। इसके अलावा, सफर के दौरान वेज और नॉनवेज खाने की व्यवस्था भी रहेगी।

पहली कमर्शियल वंदे भारत स्लीपर

गौरतलब है कि देश की पहली कमर्शियल वंदे भारत स्लीपर ट्रेन सेवा 22 जनवरी 2026 को असम के कामाख्या और पश्चिम बंगाल के हावड़ा के बीच शुरू हुई थी। अब बेंगलुरु-मुंबई सेवा शुरू होने की संभावना से यात्रियों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। हालांकि, यात्रा की अंतिम तारीख, समय-सारणी और टिकट बुकिंग से जुड़ी जानकारी के लिए रेलवे की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।

Bagesh Yadav

Senior Executive - Editorial

आप जागरण जोश पर भारत, विश्व समाचार, खेल के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समसामयिक सामान्य ज्ञान, सूची, जीके हिंदी और क्विज प्राप्त कर सकते है. आप यहां से कर्रेंट अफेयर्स ऐप डाउनलोड करें.

Just Now

Result Updates