भारत के अलावा 7 ऐसे देश जहाँ होली का त्योहार पूरे उत्साह से मनाया जाता है
होली रंग, आनंद, खुशी और एकता का त्योहार है जिसे वसंत ऋतु में मनाया जाता हैl होली का उत्सव होलीका दहन से शुरू होता है जिसमें लोग होली से एक रात पहले एक साथ इकट्ठा होते हैं, गाते हैं और नृत्य करते हैं। अगली सुबह, लोग रंग और पानी के साथ होली खेलते हैंl होली भारत के सबसे लोकप्रिय त्योहारों में से एक है और यह कहना गलत नहीं होगा कि यह त्योहार कई अन्य देशों में भी उतना ही लोकप्रिय है। इस लेख में हम उन देशों का विवरण दे रहे हैं जहाँ भारत की तरह ही पूरे उत्साह के साथ होली का त्योहार मनाया जाता हैl
होली का त्यौहार सभी के जीवन में बहुत सारी खुशियाँ और रंग भरता है, इसलिए इसे 'रंग महोत्सव' या 'रंग पंचमी' भी कहा जाता है| यह एक पारंपरिक और सांस्कृतिक त्यौहार है, जो पुरानी पीढियों द्वारा प्राचीन समय से मनाया जाता आ रहा है. होली रंग, आनंद, खुशी और एकता का त्योहार है जिसे वसंत ऋतु में मनाया जाता हैl होली का उत्सव होलीका दहन से शुरू होता है जिसमें लोग होली से एक रात पहले एक साथ इकट्ठा होते हैं, गाते हैं और नृत्य करते हैं। अगली सुबह, लोग रंग और पानी के साथ होली खेलते हैंl होली भारत के सबसे लोकप्रिय त्योहारों में से एक है और यह कहना गलत नहीं होगा कि यह त्योहार कई अन्य देशों में भी उतना ही लोकप्रिय है। इस लेख में हम उन देशों का विवरण दे रहे हैं जहाँ भारत की तरह ही पूरे उत्साह के साथ होली का त्योहार मनाया जाता हैl
1. नेपाल

Image source: Himalayan Wonders
भारत की तरह ही नेपाल में भी होली एक महत्वपूर्ण त्योहार हैl जैसा कि आप जानते हैं कि नेपाल में 80% आबादी हिन्दू धर्मावलम्बियों की है जिसके कारण इस त्योहार के प्रति उनके दिल में महत्वपूर्ण स्थान है। नेपाल में होली को फाल्गुन पूर्णिमा (नेपाली भाषा में फागु पुन्हि) भी कहते है। नेपाल के अलग-अलग स्थानों पर होली के रीति रिवाज़ों में थोड़ी बहुत विभिन्नता है।
काठमांडू में इस अवसर पर एक सप्ताह के लिए प्राचीन दरबार और नारायणहिटी दरबार में चीर (बाँस का स्तम्भ) गाड़ा जाता हैl इस चीर में विभिन्न रंग के कपड़े लटकाए जाते हैं। यह बाँस का स्तंभ भगवान श्रीकृष्ण द्वारा तालाब में स्नान कर रही ग्वाल-बालाओं के कपडे वृक्ष पर लटका देनेवाली कथा की स्मृति में प्रतीक स्वरूप खड़ा किया जाता है। स्तंभ गाड़ने के बाद आधिकारिक रूप से होली का आरम्भ होता है।
नेपाल के हिमाल और पहाड़ी इलाके में मुख्य होली भारत से एक दिन पहले मनाई जाती है। परंतु तराई में होली भारत की होली के दिन ही मनाई जाती है। तराई की होली का रूप बिहार की फगुआ से मिलता जुलता है। होली एक हिन्दू त्योहार है परन्तु नेपाल में हिन्दू और बौद्ध धर्मावलम्बी (प्रायः नेवार जाति) दोनों ही इस त्योहार को हर्षोल्हास से मनाते है। नेपाली होली के अवसर पर पानी से भरे गुब्बारे भी एक-दूसरे पर फेंकते हैं जो होली की एक बहुत ही प्रसिद्ध परंपरा है और यहां इसे "लोला" के नाम से जाना जाता है।
जानें वसंत पंचमी क्यों और कैसे मनायी जाती है
2. त्रिनिदाद और टोबैगो

Image source: United National Congress
आधिकारिक रूप से त्रिनिदाद और टोबैगो गणराज्य कैरिबियाई सागर में वेनेज़ुएला के उत्तर-पूर्व में स्थित है। दरअसल, त्रिनिदाद और टोबैगो एवं अन्य सटे हुए द्वीप समूहों व देशों में 150-170 (1845-1917 के बीच) साल पहले भारत के बिहार एवं उत्तरप्रदेश से कई लोगों को ले जाकर खेती-बाड़ी करवाई जाती थी। उन्हीं के साथ साथ उनका खान-पान, रहन-सहन, हिन्दू संस्कृति, भोजन पद्धति भी इन देशों में आ गई और धीरे धीरे इनकी पीढ़ी-दर-पीढ़ी ने इस देश के रंग-रूप में खुद को ढाल लिया, जिसके कारण होली का त्योहार यहाँ धूमधाम से मनाया जाता है। लेकिन त्रिनिदाद और टोबैगो में होली के लिए कोई राष्ट्रीय अवकाश नहीं है। दरअसल त्रिनिदाद और टोबैगो में होली का त्योहार होली के सबसे नजदीकी रविवार को खेला जाता है, लेकिन इसके बावजूद यहाँ के लोग होली के अवसर पर गाने गाते हैं, नृत्य करते हैं और एक दूसरे पर रंग और पानी फेंकते हैं और दिल खोलकर इस त्योहार का आनंद लेते हैं।
3. गुयाना

Image source: Guyana Chronicle
गुयाना में होली को "फगवा" के नाम से मनाया जाता है और यहाँ के निवासी होली को अपना प्रमुख और महत्वपूर्ण त्योहार मानते हैं। गुयाना के लोगों के दिलों में होली के त्योहार के महत्व का अनुमान इस बात से लगाया जा सकता है कि यहाँ होली के अवसर पर राष्ट्रीय अवकाश होती हैl गुयाना में मुख्य उत्सव प्रसाद नगर के मंदिर में आयोजित किया जाता है जहां लोग रंग और पानी के साथ होली खेलने के लिए इकट्ठे होते हैं और इस विशेष दिन का आनंद उठाते हैं।
4. फिजी

Image source: Incredible Art Department
फिजी में भारतीय मूल के निवासी होली को लोकगीत, लोक नृत्य और रंगों के त्योहार के रूप में मनाते हैंl होली के दौरान फिजी में गाए जाने वाले लोक गीत को “फाग गायन” कहा जाता हैl फिजी में होली को न केवल वसंतोत्सव के रूप में प्रेम, दोस्ती और उल्लास के प्रतीक के रूप में मनाया जाता हैl फिजी में इस त्योहार के अवसर पर गाए जाने वाले गीत भगवान कृष्ण और राधा रानी के प्यार और संबंधों पर आधारित होते हैं।
रामायण से जुड़े 13 रहस्य जिनसे दुनिया अभी भी अनजान है
5. मॉरीशस

Image source: Mauritius Island
मॉरीशस में होली का मौसम शिवरात्रि के ठीक बाद शुरू हो जाता है और फाल्गुन की पूर्णिमा तक चलता हैl यहाँ के हिन्दुओं का मानना है कि यह त्योहार सर्दियों की विदाई और वसंत के मौसम के आगमन का स्वागत समारोह है। मॉरीशस में भी इस त्योहार के अवसर पर लोग होलिका दहन करते हैं, एक-दूसरे पर रंग और पानी के गुब्बारे फेंकते हैं, गाने गाते हैं और नृत्य करते हैं।
6. पाकिस्तान

Image source: Pakistan Hindu Post
हम सभी जानते हैं कि पाकिस्तान 1947 तक भारत का ही हिस्सा था जिसके कारण पाकिस्तान के लोग भारतीय उत्सवों के मौसम के बारे में अच्छी तरह जानते हैं और भारतीय त्योहारों के साथ जुड़ाव महसूस करते हैंl पाकिस्तान में होली के अवसर पर "मटके" तोड़ने की परम्परा हैl इस अवसर पर मटके को एक ऊँचे स्थान पर लटकाया जाता हैl पुरूष लोग इस मटके को तोड़ने के लिए पिरामिड का निर्माण करते हैं जबकि जो लोग इस पिरामिड में शामिल नहीं होते हैं वे इन्हें रोकने के लिए इनके ऊपर पानी, मक्खन, दूध और कई अन्य तरल पदार्थ फेंकते हैंl लोग इस परम्परा को भगवान कृष्ण को माखन चोरी करने से रोकने की प्रथा से जोड़ते हैंl
7. मनिला, फिलीपींस

Image source: Trade Arabia
मनीला में होली को रंगों का उत्सव मनाते हुए लोग एक-दूसरे पर रंग और गुलाल फेंकते हैंl होली को मनीला में बहुत बड़े पैमाने पर मनाया जाता है यहां हर साल एक बड़ी होली पार्टी का आयोजन किया जाता है और पूरे विश्व के लोग यहां इस लोकप्रिय रंग उत्सव का आनंद उठाते हैं।
उपरोक्त वर्णित देशों के अतिरिक्त इटली, फ्रांस, जर्मनी, स्वीडन, नार्वे, साइबेरिया, अमेरिका, पोलैंड, चेकोस्लोवाकिया और स्पेन जैसे देशों में भी होली का त्योहार या होली जैसा त्योहार मनाया जाता हैl
Your career begins here! At Jagranjosh.com, our vision is to enable the youth to make informed life decisions, and our mission is to create credible and actionable content that answers questions or solves problems for India’s share of Next Billion Users. As India’s leading education and career guidance platform, we connect the dots for students, guiding them through every step of their journey—from excelling in school exams, board exams, and entrance tests to securing competitive jobs and building essential skills for their profession. With our deep expertise in exams and education, along with accurate information, expert insights, and interactive tools, we bridge the gap between education and opportunity, empowering students to confidently achieve their goals.