उत्तर प्रदेश का सबसे नया जिला कौन-सा है, जानें
यूपी में कुल 75 जिले है। इनमें प्रत्येक जिले की अपनी विशेष पहचान है। आपने प्रदेश के अलग-अलग जिलों के बारे में पढ़ा और सुना ही होगा। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि यूपी का कौन-सा जिला सबसे नया जिला है, यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।
उत्तर प्रदेश भारत का सबसे अधिक जनसंख्या वाला राज्य है। साल 2011 में यहां की जनसंख्या 19 करोड़ 98 लाख 12 हजार 341 दर्ज की गई थी, जो कि पूरे भारत की करीब 16.5 फीसदी थी। वर्तमान में यह आंकड़ा 24 करोड़ को पार कर गया है। यहां सबसे अधिक आबादी वाला जिला प्रयागराज है। वहीं, गाजियाबाद जिला सबसे अधिक जनसंख्या घनत्व वाला जिला है।
क्षेत्रफल के हिसाब से राजस्थान, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के बाद उत्तर प्रदेश चौथे पायदान पर आता है, जो कि 240,928 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। यह भारत के कुल एरिया का करीब 7.33 फीसदी हिस्सा है। यूपी कुल 9 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश के साथ अपनी सीमा साझा करता है, जिसमें दिल्ली भी शामिल है। यह सबसे लंबी सीमा मध्य प्रदेश राज्य के साथ साझा करता है, तो सबसे छोटी सीमा हिमाचल प्रदेश राज्य के साथ साझा करता है।
इसके अतिरिक्त, यूपी सबसे अधिक जिले वाला राज्य है। आपने प्रदेश के अलग-अलग जिलों के बारे में पढ़ा और सुना होगा। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि यूपी का सबसे नया जिला कौन-सा है, यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।
यूपी का परिचय
उत्तर प्रदेश आज जिस जगह पर है, वहां कभी कोसल और पांचाल साम्राज्य हुआ करता था। बाद में यहां शर्की पहुंचे और मोहम्मद बिन तुगलक ने 14वीं शताब्दी में अपने चचेरे भाई जौना खान की याद में जौनपुर बसाया। कुछ समय बाद यहां मुगलों का शासन हुआ, तो उन्होंने यहां अवध सूबा बसाया और इसे नवाबों के हाथ में दे दिया। वहीं, कुछ समय बाद ब्रिटिश पहुंचे, तो उन्होंने यहां उत्तर-पश्चिम प्रांत का गठन किया, जिसे बाद में अवध सूबे में मिला दिया गया और इसे संयुक्त प्रांत नाम दिया गया। देश आजाद हुआ, तो 1950 में प्रदेश का नाम बदलकर उत्तर प्रदेश कर दिया गया।
उत्तर प्रदेश में कुल जिले और मंडल
उत्तर प्रदेश भारत में सबसे अधिक जिले वाला राज्य है। यहां कुल 75 जिले हैं, जो कि 18 मंडलों में आते हैं। ये मंडल कुल चार संभागों का हिस्सा हैं, जिनमें पूर्वांचल, मध्यांचल, पश्चिमांचल और बुंदेलखंड शामिल है। प्रदेश में कुल 17 नगर निगम, 75 नगर पंचायत, 28 सामुदायिक विकास प्राधिकरण, 826 सामुदायिक विकास खंड, 437 नगर पंचायत और 58 हजार से अधिक ग्राम पंचायत मौजूद हैं।
उत्तर प्रदेश का सबसे नया जिला
उत्तर प्रदेश के सबसे नए जिले की बात करें, तो यह हापुड़ शहर है। इस जिले का गठन 28 सितंबर, 2011 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मायावती द्वारा पंचशील नगर के रूप में किया गया था। हालांकि, साल 2012 में मुख्यमंत्री रहे अखिलेश यादव ने जिले का नाम बदलकर हापुड़ कर दिया था। आज यही जिला यूपी का सबसे नया जिला कहलाता है।
क्या है हापुड़ का इतिहास
हापुड़ शहर का इतिहास 1000 साल से अधिक पुराना है। शहर की स्थापना राजा हरि सिंह ने 983 ईस्वी में की थी। उस समय इस शहर का नाम हरिपुरा दिया गया था। बहुत समय तक यह हरिपुरा कहलाया, हालांकि, समय के साथ इसका नाम बदला और यह हापुड़ हो गया।
यूपी का सबसे छोटा शहर
हापुड़ शहर पूरे उत्तर प्रदेश में सबसे छोटा जिला है। यह जिला कुल 660 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है, जो कि दिल्ली से करीब 60 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। आपको बता दें कि हापुड़ शहर की पहचान मिनी जलियांवाला बाग के रूप में भी होती है। साल 1857 की क्रांति में यहां से कई क्रांतिकारियों ने अंग्रेजों के खिलाफ आवाज बुलंद की थी। ऐसे में इस शहर का महत्त्व और भी बढ़ जाता है।
स्टील और पापड़ के शहर के रूप में पहचान
हापुड़ शहर में मुख्य रूप से स्टील का व्यवसाय होता है। वहीं, यहां के पापड़ विभिन्न राज्यों में अपनी पहचान रखते हैं। इस वजह से हापुड़ शहर को स्टील और पापड़ के शहर के रूप में भी जाना जाता है। इसके अतिरिक्त, यहां ट्यूब का निर्माण भी होता है, जिसकी आपूर्ति देश के विभिन्न राज्यों में की जाती है।
छोटा हरिद्वार के लिए भी जाना जाता है हापुड़
आपको बता दें कि यूपी का छोटा हरिद्वार भी हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में स्थित है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाने के लिए गंगा नदी में पहुंचते हैं। यहां गढ़मुक्तेश्वर में गंगा नदी के तट पर बना घाट हरिद्वार की तर्ज पर बनाया गया है। यही वजह है कि विभिन्न त्योहार के अवसर पर यहां श्रद्धालु पहुंचते हैं।
ट्यूब के लिए भी जाना जाता है हापुड़
हापुड़ शहर ट्यूब के शहर के रूप में भी अपनी पहचान रखता है। यहां प्रमुख रूप से ट्यूब का उत्पादन होता है। इस वजह से इसे ट्यूब सिटी भी कहा जाता है। यहां उत्पादित होने वाली ट्यूब को देश के विभिन्न राज्यों में भेजा जाता है।
हम उम्मीद करते हैं कि यह लेख आपको पसंद आया होगा। इसी तरह सामान्य अध्ययन से जुड़ा अन्य लेख पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें।
पढ़ेंः उत्तर प्रदेश में कौन-सा जिला है दालमोठ का शहर, जानें
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.