Ishan Kishan IPL Stats: ईशान किशन का कैसा रहा है अब तक का आईपीएल रिकॉर्ड, यहां देखें फुल रिपोर्ट कार्ड
ईशान किशन का आईपीएल रिकॉर्ड शानदार रहा है। गुजरात लायंस, मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए उन्होंने तेज रन, दमदार स्ट्राइक रेट और मैच-विनिंग पारियों से पहचान बनाई। ईशान ने 2016 में गुजरात लायंस से आईपीएल करियर की शुरुआत की थी। यहां देखें उनके कुल रन, शतक, अर्धशतक, टीम वाइज सफर और अब तक का पूरा रिपोर्ट कार्ड।
ईशान किशन ने इंडियन प्रीमियर लीग में खुद को एक आक्रामक, निडर और प्रभावशाली बल्लेबाज़ के रूप में स्थापित किया है। बाएं हाथ के इस विकेटकीपर-बल्लेबाज़ ने बड़े शॉट्स खेलने की क्षमता और मैच का रुख बदल देने वाली पारियों से अलग पहचान बनाई है। गुजरात लायंस से शुरुआत करने वाले ईशान ने मुंबई इंडियन्स में स्टार का दर्जा हासिल किया और अब सनराइजर्स हैदराबाद के लिए नई ऊर्जा के साथ खेल रहे हैं।
ईशान किशन की भूमिका सिर्फ बल्लेबाज़ी तक सीमित नहीं है। विकेटकीपर के रूप में भी उन्होंने अपनी टीमों को संतुलन दिया है। बता दें कि वह T20 वर्ल्ड चैंपियन 2026 टीम का हिस्सा भी थे और शानदार फॉर्म में भी दिखे, उम्मीद है कि आईपीएल के इस सीजन भी वह टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करेंगे।
शुरुआती सफर: अंडर-19 से आईपीएल तक
ईशान किशन पहली बार चर्चा में तब आए, जब उन्होंने 2016 अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की कप्तानी की और टीम को उपविजेता बनाया। इसी साल उन्होंने आईपीएल में गुजरात लायंस के लिए पदार्पण किया। शुरुआती सीज़नों में भले ही उनके आंकड़े बहुत बड़े नहीं रहे, लेकिन उनकी बल्लेबाज़ी में मौजूद आक्रामकता और आत्मविश्वास ने साफ कर दिया था कि वह लंबे समय तक इस लीग में प्रभाव छोड़ने वाले खिलाड़ी हैं।
गुजरात लायंस में शुरुआत
ईशान ने 2016 में गुजरात लायंस के लिए आईपीएल करियर की शुरुआत की। पहले सीज़न में उन्हें सीमित मौके मिले, लेकिन 2017 में उन्होंने 11 मैचों में 277 रन बनाकर अपनी क्षमता का बेहतर प्रदर्शन किया। यह वही दौर था, जब उन्होंने दिखाया कि वह सिर्फ विकेटकीपर ही नहीं, बल्कि टॉप ऑर्डर में तेज़ी से रन बनाने वाले बल्लेबाज़ भी हैं।
मुंबई इंडियंस के साथ करियर का बड़ा मोड़
साल 2018 में बड़ा मोड़ आया जब ईशान किशन मुंबई इंडियंस से जुड़े और यहीं से उनके आईपीएल करियर ने नई ऊंचाई पकड़ी। मुंबई जैसी सफल फ्रेंचाइज़ी का हिस्सा बनकर उन्हें बड़े मैचों का अनुभव मिला, और उन्होंने कई मौकों पर अपनी उपयोगिता साबित की। 2019 और 2020 में मुंबई इंडियंस के खिताबी सफर में ईशान का योगदान बेहद अहम रहा।
2020: करियर का यादगार सीज़न
आईपीएल 2020 ईशान किशन के करियर का सबसे यादगार सीज़नों में से एक माना जाता है। इस सीज़न में उन्होंने 516 रन बनाए और मुंबई इंडियंस के लिए सबसे प्रभावशाली बल्लेबाज़ों में शामिल रहे। इसी प्रदर्शन ने उन्हें लीग के सबसे खतरनाक युवा बल्लेबाज़ों में शामिल कर दिया।
जब 15.25 करोड़ रुपये की लगी थी बोली
ईशान किशन की बढ़ती अहमियत का अंदाज़ा 2022 की आईपीएल नीलामी से लगाया जा सकता है, जब उन्हें 15.25 करोड़ रुपये में खरीदा गया। वह उस नीलामी के सबसे महंगे खिलाड़ियों में शामिल रहे।
ईशान किशन का ओवरऑल IPL स्टैट्स
आईपीएल 2025-26 तक ईशान किशन 119 मैच खेल चुके हैं। 112 पारियों में उन्होंने 2998 रन बनाए हैं। यहां देखें उनके स्टैट्स-
| मैच | पारी | रन | सर्वोच्च स्कोर | औसत | स्ट्राइक रेट | 50/100s | 4/6 |
| 119 | 112 | 2998 | 106 | 29.11 | 137.65 | 17/1 | 288/134 |
टीम-वाइज IPL सफर
| टीम | सीज़न | विवरण |
| गुजरात लायंस | 2016–2017 | IPL करियर की शुरुआत, शुरुआती दो सीज़न |
| मुंबई इंडियंस | 2018–2024 | 2019 और 2020 खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा |
| सनराइजर्स हैदराबाद | 2025– | 11.25 करोड़ में टीम से जुड़े, धमाकेदार शुरुआत |
SRH के साथ नई शुरुआत
आईपीएल 2025 में सनराइजर्स हैदराबाद ने ईशान किशन को 11.25 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। यह उनके करियर का नया अध्याय था, और उन्होंने शुरुआत से ही अपने इरादे साफ कर दिए। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ नाबाद 106 रन की शानदार शतकीय पारी ने दिखा दिया कि वह नई टीम में भी वही पुराना आक्रामक अंदाज़ लेकर उतरे हैं। ईशान, पैट कमिंस की अनुपस्थिति में IPL 2026 के शुरुआत के मैचों में SRH का नेतृत्व करते दिखाई देंगे।
Bagesh Yadav is a journalist and current affairs analyst with over six years of experience in education journalism, national and international affairs, and digital media. He has contributed to India’s leading knowledge platforms, including Vision IAS and Only IAS, and currently serves in a senior editorial role at Jagranjosh.com, where he leads coverage across the Current Affairs and General Knowledge sections. His expertise spans breaking news, government policy analysis, world affairs, sports updates, science and technology, and visually engaging infographics. Known for his commitment to factual accuracy, editorial integrity, and audience-first storytelling, Bagesh delivers well-researched, accessible, and impactful journalism that serves millions of students, competitive exam aspirants, and informed readers across India.