भारत की सबसे पुरानी नदी कौन-सी है, जानें नाम
भारत में आपने अलग-अलग नदियों के बारे में पढ़ा और सुना होगा। हालांकि, क्या आप भारत की सबसे पुरानी नदी के बारे में जानते हैं, यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।
भारत में नदियों का विशेष महत्त्व है। यहां नदियां न सिर्फ पीने के पानी तक सीमित हैं, बल्कि इनका आर्थिक और धार्मिक महत्त्व भी है। धार्मिक पहलुओं पर गौर करें, तो यहां नदियों को मां का दर्जा दिया गया है। यही वजह है कि हमें नदियों के घाट पर सुबह-शाम नदियों की आरती होते हुए दिख जाएगी। आपने भारत में अलग-अलग नदियों के बारे में पढ़ा और सुना होगा। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि भारत की सबसे पुरानी नदी किसे माना जाता है और क्यों, जानने के लिए यह पूरा लेख पढ़ें।
कौन-सी है सबसे पुरानी नदी
यदि भूवैज्ञानिक दृष्टिकोण पर गौर करें, तो भारत में सबसे पुरानी नदी नर्मदा को माना जाता है। इसकी आयु करीब 16 करोड़ साल बताई जाती है। ऐसे में यह नदी गंगा और अन्य हिमालयन नदियों की तुलना में काफी पुरानी है।
क्या है सबसे पुराना होने का कारण
नर्मदा नदी को लेकर शोधकर्ताओं ने पाया है कि इस नदी का अस्तित्व गोंडवाना लैंड के विभाजन के समय से है।
क्या है नदी की अनोखी विशेषता
नर्मदा नदी को लेकर अनोखी विशेषता है कि यह भ्रंश घाटी में बहती है। वहीं, इस नदी ने करोड़ों वर्षों से अपना मार्ग नहीं बदला है।
नदी में मिले हैं सबसे पुराने मानव जीवाशम
नदी को सबसे पुरानी बनाने की एक महत्त्वपूर्ण कड़ी यह भी है कि यहां सबसे पुराने मानव जीवाशम पाए गए हैं। इन जीवाशम को ‘नर्मदा मानव’ कहा जाता है। ऐसे में यह प्रमाणित करती है कि नदी का अस्तित्त्व बहुत ही पुराने समय से जीवन का आधार रहा है।
हिमालयन नदियों से भी पुरानी है नर्मदा
आपको बता दें कि भारत में बहने वाली गंगा नदी का अस्तित्त्व करीब 4 से 5 करोड़ साल पुराना माना जाता है। यह नदी हिमालय बनने के बाद बहना शुरू हुई थी। वहीं, हिमालय से भी पुरानी नदियों में सिंधु, सतलुज और ब्रह्मपुत्र नदियां हैं, जिन्हें पूर्ववती नदियां भी कहा जाता है। इन नदियों का प्रवाह हिमालय बनने से भी पहले से हो रहा है। वहीं, नर्मदा नदी इन नदियों से भी पुरानी है।
नर्मदा नदी का परिचय
नर्मदा नदी का उद्गम मध्य प्रदेश के अमरकंटक की पहाड़ियों से होता है। यह नदी भारत की पांचवी सबसे लंबी और मध्य प्रदेश की मुख्य नदी है। नदी की कुल लंबाई 1312 किलोमीटर है, जो कि तीन राज्यों-मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात से होकर बहती है। इस नदी की एक खास बात यह भी है कि यह नदी विपरित दिशा में बहती है। नदी का प्रवाह पूर्व से पश्चिम की ओर होता है, जबकि अधिकांश नदियां पश्चिम से पूर्व की ओर बहती हैं।
भारत की इकमात्र नदी, जिसकी पैदल होती है परिक्रमा
आपको बता दें कि नर्मदा नदी भारत की एकमात्र ऐसी नदी है, जिसकी परिक्रमा की जा सकती है। इसके चारों ओर करीब 3000 किलोमीटर चलकर नदी की परिक्रमा की जा सकती है। यह नदी अंत में खंबात की खाड़ी में गिर जाती है।
पढ़ेंःभारत के सबसे उम्रदराज प्रधानमंत्री कौन रहे हैं, जानें नाम
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.